Last Updated:
दिल्ली का चांदनी चौक वेडिंग सीजन के लिए सज गया है. इस साल नवंबर और दिसंबर में शादियों के कई शुभ मुहूर्त हैं. बाजार में दुल्हन के लिए ₹2,000 से और दूल्हे के लिए ₹2,500 से नए कलेक्शन शुरू हैं. यहां हर बजट और पसंद के अनुसार लेटेस्ट कपड़े और एसेसरीज आसानी से मिल जाती हैं.
नई दिल्ली: इस साल शादियों के शुभ मुहूर्त 21 नवंबर से शुरू होने जा रहे हैं. 21 नवंबर से लेकर 26 नवंबर तक शादियों के शुभ मुहूर्त है. यानी कुल चार दिन लगातार शहनाई बजेगी. वहीं दिसंबर की बात करें तो 2 दिसंबर से लेकर 12 दिसंबर तक यानी कुल सात दिन बेहद शुभ माने गए हैं. जिसमें पूरे भारत भर में लोग शादी के बंधन में बंधेंगे. ऐसे में देश की राजधानी दिल्ली का सबसे बड़ा बाजार चांदनी चौक वेडिंग सीजन के लिए सजकर तैयार हो चुका है. चांदनी चौक में इन दिनों दुल्हन के लिए एक से बढ़कर एक खूबसूरत लहंगे नजर आ रहे हैं.
वहीं दूल्हे के लिए थ्री पीस सूट से लेकर कुर्ता पजामा तक यहां स्टाइलिश और ट्रेंडिंग से बाजार भरा हुआ है. दूर-दूर से लोग खरीदारी करने के लिए पहुंच रहे हैं. अगर आपके घर में भी शादी है या आप दूल्हा या दुल्हन बनने जा रहे हैं और आपने अभी तक लहंगे की खरीदारी या शादी की खरीदारी नहीं की है तो दिल्ली के चांदनी चौक पहुंच सकते हैं. चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन इसके सबसे करीब है.
2000 रुपए से लेकर लाखों रुपए तक लहंगे
चांदनी चौक बाजार में सबसे पहले बात करें दुल्हन के कपड़ों की तो चांदनी चौक बाजार शादी के लहंगे के लिए बहुत मशहूर है. यहां पर एक से बढ़कर एक स्टाइलिश लहंगे उपलब्ध है. यहां पर खास बात यह है की दुल्हन के लिए सिर्फ लाल रंग के लहंगे ही नहीं बल्कि रंग बिरंगे लहंगे जो आजकल सगाई के दौरान ज्यादातर पहने जाते हैं वो भी यहां पर बिक रहे हैं. यहां पर हल्के से हल्के और भारी से भारी लहंगे भी आपको आसानी से मिल जाएंगे. चांदनी चौक में 2000 रुपए से लेकर 200000 रुपए तक के लहंगे और उससे भी ऊपर की कीमत के लहंगे उपलब्ध है.
यहां पर ब्राइडल लहंगे के अलावा हर प्रकार की साड़ियां यानी हर एक राज्य की खूबसूरत साड़ियां आपको मिल जाएगी. इसके अलावा ब्राइडल ज्वेलरी जो आर्टिफिशियल होती है वो भी यहां पर मार्केट में खूब बिक रही है. पूरा मार्केट शादी के सीजन के लिए सज कर तैयार नजर आ रहा है. दूर-दूर से लोग खरीदारी के लिए अभी से ही पहुंचने लगे हैं. चांदनी चौक बाजार बेहद सस्ता बाजार माना जाता है. यहां वैरायटी और क्वालिटी दोनों मिलती है.
दूल्हे की शॉपिंग के लिए भी बेस्ट है बाजार
चांदनी चौक में दूल्हे की शॉपिंग के लिए भी हर तरह का आइटम उपलब्ध है. यहां पर दूल्हे और उनके परिवार के लिए कुर्ता पजामा जोकि सात फेरे लेते वक्त पहना जाता है वह भी उपलब्ध है. धोती कुर्ता भी आपको यहां मिल जाएगा. इसके अलावा सगाई और शादी के दौरान जो थ्री पीस सूट पहना जाता है वह भी अलग-अलग रंगों में और अलग-अलग वैरायटी के यहां मिल जाएंगे. दूल्हे की खरीदारी के लिए भी यहां पर ढाई हजार रुपए से लेकर तीन लाख रुपए तक के सूट उपलब्ध है.
इसके अलावा यहां पर दूल्हे के लिए जो जूते होते हैं वो भी आपको यहां मिल जाएंगे. कई बड़े ब्रांडेड जूते भी यहां पर उपलब्ध है. यानी दूल्हे की खरीदारी के लिए भी चांदनी चौक बाजार एकदम बेस्ट है. आप यहां पर पहुंचकर आराम से खरीदारी कर सकते हैं. अगर आपका बजट मात्र 5 से 7000 रुपए का है तो भी आप अच्छे से खरीदारी कर लेंगे.