ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को लंबे इंतजार के बाद गौर अंडरपास के रूप में बड़ी राहत मिली है. 5 नवंबर से तीन दिनों के ट्रायल के लिए अंडरपास को यातायात के लिए खोल दिया गया है. इसके शुरू होते ही इस रास्ते से रोजाना गुजरने वाले स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है. पहले जहां लोगों को हर दिन भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता था और अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगता था, वहीं अब अंडरपास से आवागमन पहले के मुकाबले आसान हो गया है. खासकर रोजाना ऑफिस और कॉलेज जाने वाले लोगों को इसका सीधा फायदा मिल रहा है.
एक घंटे तक जाम में फंसे रहते थे लोग
स्थानीय निवासी दीपांशु ने बताया कि वह रोजाना इसी रास्ते से अपने ऑफिस जाते हैं. पहले उन्हें हर दिन ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ता था. कई बार स्थिति ऐसी हो जाती थी कि करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ता था. इससे न केवल समय बर्बाद होता था, बल्कि ऑफिस पहुंचने में भी परेशानी होती थी.
उन्होंने बताया कि अब तीन दिनों के ट्रायल के लिए गौर अंडरपास खुलने से काफी सहूलियत मिली है. आज वह बिना किसी खास ट्रैफिक समस्या के ऑफिस पहुंचे. रास्ते में पहले जैसी भीड़ और जाम देखने को नहीं मिला. दीपांशु का कहना है कि अंडरपास शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और इसे जल्द से जल्द स्थायी रूप से चालू किया जाना चाहिए.
कॉलेज जाने वाले लोगों को भी मिली राहत
स्थानीय निवासी प्रोफेसर आरबी सिंह ने भी अंडरपास खुलने पर खुशी जाहिर की. उन्होंने बताया कि वह कॉलेज जाने के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं. पहले यहां से गुजरने में काफी समय लगता था और हर दिन जाम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता था. लंबे इंतजार के बाद आखिरकार अंडरपास ट्रायल के लिए शुरू हुआ है.
उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेजी से शहरी विस्तार हुआ है. यहां बड़ी संख्या में आवासीय सोसायटियां विकसित हो चुकी हैं और लगातार आबादी बढ़ रही है. ऐसे में यातायात की बेहतर व्यवस्था बेहद जरूरी है. गौर अंडरपास शुरू होना स्थानीय निवासियों के लिए एक अच्छी सुविधा साबित हो सकता है. उनके मुताबिक, आज अंडरपास से गुजरने के दौरान पहले जैसी परेशानी नहीं हुई और सफर भी काफी आसान रहा.
ऑफिस जाने वालों का सफर हुआ सुगम
स्थानीय निवासी वैभव ने भी अंडरपास का ट्रायल शुरू होने के बाद यातायात व्यवस्था में आए बदलाव को महसूस किया. उन्होंने बताया कि पहले इस स्थान पर भारी जाम लगता था. रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. लेकिन अब अंडरपास को ट्रायल के लिए खोले जाने के बाद स्थिति बेहतर नजर आ रही है. उन्होंने कहा कि आज ऑफिस जाते समय उन्हें जाम की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा और उनका सफर काफी आरामदायक रहा.
स्थायी रूप से शुरू करने की मांग
गौर अंडरपास का तीन दिवसीय ट्रायल शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही इसे नियमित रूप से आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा. लोगों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लगातार बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए बेहतर यातायात सुविधाएं बेहद जरूरी हैं. अंडरपास शुरू होने से न केवल रोजाना ऑफिस और कॉलेज जाने वाले लोगों का समय बचेगा, बल्कि क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है.