हर घर जल का दावा, पर सूखी पड़ी हैं टोंटियां, सरगुजा के कर्महा में ग्रामीण गंदा पानी पीने को मजबूर

हर घर जल का दावा, पर सूखी पड़ी हैं टोंटियां, सरगुजा के कर्महा में ग्रामीण गंदा पानी पीने को मजबूर


Last Updated:

Surguja: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के दरिमा से लगे कर्महा गांव के पटेलपारा में पेयजल संकट से 20 से अधिक परिवार परेशान हैं. ग्रामीण पिछले एक साल से खेत के पास खुद बनाई गई ढोढ़ी के गंदे पानी पर निर्भर हैं. पानी में छोटे-छोटे कीड़े दिखाई देते हैं. इसलिए लोग इसे कपड़े से छानकर और गर्म करके पीने को मजबूर हैं. इसके अलावा बारिश में पुलिया और नदी में पानी भरने से आवागमन बाधित होता है. स्कूली बच्चों और मरीजों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

Top Deals Inside

Surguja Karmaha Water Problem: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के पहाड़ी इलाकों में से एक दरिमा से लगा हुआ गांव कर्महा जहां आज भी पेयजल की समस्या ग्रामीण इलाके में बनी हुई है. वैसे तो सरकार हर घर पानी पहुंचने की योजना चला रही है कि किसी तरह लोगों के घर तक शुद्ध पेयजल पहुंच जाए. लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और बयां कर रही है यानी कर्महा पटेल पारा के 20 से अधिक घरों के लोग झरिया खेत धान की फसल लगी. उसके बगल में एक पानी का सोर्स देखकर जुगाड़ का ढोड़ी बनाया, जिसमें कीड़े भी रहते हैं. ऐसे में पानी को गर्म करके पीते हैं, कई तरह की बीमारियों का खतरा बना रहता है. इसके बावजूद लोगों को मजबूरी में पीना पड़ता है, जबकि घर के आंगन में जल जीवन की टंकी बनी है. लेकिन उस नल की टोंटियां पानी नहीं होने से सुखी पड़ी हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है. ग्रामीण अपने गांव में एक बोर हैंडपम की मांग कर रहे हैं ताकि पेयजल की समस्या से निजात मिल सके, देखिए ये पूरी रिर्पोट…

खुद के जुगाड़ से बनाई ढोढ़ी, एक साल से इसी पानी के सहारे ग्रामीण
करमाहा गांव के पटेलपारा निवासी सरिता मझवार ने लोकल 18 को बताया कि उनके मोहल्ले में पानी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है. पहले ग्रामीणों को पानी के लिए करीब एक किलोमीटर दूर स्थित कुएं पर निर्भर रहना पड़ता था. इसके बाद ग्रामीणों ने खुद के प्रयास से जमीन से निकलने वाले पानी को इकट्ठा करने के लिए एक छोटी सी ढोढ़ी बनाई. पिछले करीब एक साल से ग्रामीण इसी पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं. हालांकि, यह पानी साफ नहीं है, लेकिन मजबूरी में उन्हें इसी से काम चलाना पड़ रहा है.

पानी में दिखाई देते हैं छोटे-छोटे कीड़े, छानकर और गर्म करके पीने की मजबूरी
सरिता मझवार बताती हैं कि ढोढ़ी का पानी काफी गंदा रहता है और उसमें छोटे-छोटे कीड़े भी दिखाई देते हैं. ऐसे में ग्रामीण पहले पानी को कपड़े से छानते हैं और फिर गर्म करके पीते हैं. उनका कहना है कि बरसात के दिनों में पानी की स्थिति और खराब हो जाती है. साफ पानी का कोई दूसरा विकल्प नहीं होने के कारण परिवारों को इसी पानी पर निर्भर रहना पड़ता है. दूषित पानी के इस्तेमाल को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है.

जल जीवन मिशन की टंकी बनी, लेकिन घरों तक नहीं पहुंचा पानी
गांव में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी का निर्माण भी कराया गया है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि इस टंकी से उन्हें पानी नहीं मिल रहा है. घर के पास सरकारी व्यवस्था होने के बावजूद पेयजल के लिए खुद ही इंतजाम करना पड़ रहा है. ग्रामीणों की मांग है कि नल-बोरिंग की व्यवस्था कराई जाए, ताकि उन्हें पीने के लिए स्वच्छ पानी मिल सके.

बरसात में पुलिया और नदी बनती है मुसीबत
पटेलपारा के ग्रामीणों के लिए परेशानी केवल पानी तक सीमित नहीं है. सरिता मझवार के मुताबिक बरसात के मौसम में पुलिया और नदी में पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो जाता है. इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ता है. बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान तीन से चार महीने तक ऐसी स्थिति बनी रहती है.

स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचना भी मुश्किल, ग्रामीणों ने बताई परेशानी
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया है. सरिता मझवार का कहना है कि छोटे बच्चों को भी पानी की समस्या के बीच काफी परेशानी होती है. ग्रामीणों को बीमारी की स्थिति में इलाज के लिए कमलेश्वरपुर, दरिमा या अंबिकापुर की ओर जाना पड़ता है. लेकिन खराब सड़क और बरसात में नदी का रास्ता बंद हो जाने के कारण अस्पताल पहुंचना भी आसान नहीं रहता है.



Source link