हिमाचल में प्रधान की पत्नी के अंतिम संस्कार के दौरान श्मशानघाट में पत्थरबाजी, नितिका की जल रही थी चिता


Last Updated:

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी में पंचायत प्रधान की पत्नी नितिका चौधरी की संदिग्ध मौत के बाद अंतिम संस्कार के दौरान जमकर हंगामा हुआ. श्मशानघाट में दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

हिमाचल में  एक तरफ प्रधान की पत्नी की चिता जल रही थी दूसरी तरफ पत्थरबाजीZoom

Kangra news: महिला के मायकेवालों का कहना है कि उन्होंने बेटी की शादी के दौरान जो दहेज और गहने दिए थे वो उन्हें वापस चाहिए.

ज्वालामुखी (कांगड़ा). हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी में भाटी बोहन पंचायत के प्रधान कपिल देव की पत्नी नितिका चौधरी की संदिग्ध मौत पर हंगामा हो रहा है. 4 नवंबर को जहां मायकेवालों ने नितिका के घर पर बवाल काटा था. वहीं अब महिला के अंतिंम संस्कार के दौरान हंगामा हो गया है. इस दौरान पत्थरबाजी और लाठी डंडे चले हैं और कुछ लोग घायल हुए हैं.

जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर, गुरुवार को महिला का अंतिम संस्कार किया जा रहा था और इस दौरान मायके पक्ष के लोगों ने श्मशानघाट में धावा बोल दिया. एक तरफ महिला की चित्ता जल रही थी, दूसरे तरफ पत्थरबाजी होने लगी. मौके पर पुलिस मौजूद थी, लेकिन पुलिस वालों को भी पत्थरबाजी के चलते खुद को बचाना पड़ा.महिला के मायकेवालों का कहना है कि उन्होंने बेटी की शादी के दौरान जो दहेज और गहने दिए थे वो उन्हें वापस चाहिए.

बताया जा रहा है कि जब प्रधान की पत्नी का अंतिम संस्कार हो रहा था तो  बड़ी संख्या में मायके पक्ष की तरफ से महिलाएं श्मशानघाट में पहुंची और हंगामा कर दिया. इस दौरान काफी देर तक पत्थरबाजी होती रही. ससुराल पक्ष की ओर से महिला के बीमारी से ग्रस्त होने की बात सामने आ रही है.

मौके पर मौजूद पुलिस जवानों को भी पथराव के दौरान अपने सिर बचाते हुए इधर-उधर हटना पड़ा. कई लोग इस घटनाक्रम में चोटिल हुए बताए जा रहे हैं. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद माहौल नियंत्रित किया. पुलिस को पहले से ही आशंका थी कि अंतिम संस्कार के दौरान दोबारा विवाद बढ़ सकता है. इसी को देखते हुए पुलिस बल श्मशान घाट में पहले से तैनात था. विधायक संजय रतन के खिलाफ भी लगे नारे मामले को लेकर मायका पक्ष में इतना आक्रोश था कि अंतिम संस्कार के दौरान स्थानीय विधायक संजय रतन के खिलाफ भी नारेबाजी की गई. मायके वालों का कहना था कि उनकी बेटी का चेहरा आखिरी बार उन्हें नहीं दिखाया गया. इसी पर विवाद बढ़ा.

3 दिन से अस्पताल में भर्ती थी महिला

नीतिका को 2 नवंबर को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. करीब दो वर्ष पहले नीतिका का विवाह पंचायत प्रधान कपिल देव के साथ हुआ था. महिला की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहसबाजी शुरू हो गई. मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर सवाल उठाते हुए घटना की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की.

बीमारी से पीड़ित थी महिला

ससुराल पक्ष का कहना है कि नितिका पिछले कुछ समय से बीमारी से पीड़ित थी. बुधवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि करीब तीन से चार घंटे तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद गुरुवार को परिजनों को सौंप दिया था. पुलिस जिला देहरा के एएसपी नवदीप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.



Source link