Pension Share Market Connection: US शेयर मार्केट गिरा तो आम आदमी की पेंशन कैसे डूब गई, ट्रंप ने 401(k) का ल‍िया नाम

Pension Share Market Connection: US शेयर मार्केट गिरा तो आम आदमी की पेंशन कैसे डूब गई, ट्रंप ने 401(k) का ल‍िया नाम


Pension Share Market Connection: ट्रंप की हार का जश्न मनाने वाला अमेर‍िकी शेयर मार्केट दूसरे ही द‍िन अचानक धड़ाम हो गया.नैस्डैक ऊपरी स्तरों से 10% से ज्यादा गिरा. नैस्डैक-100 एक दिन में 6% लुढ़क गया. मार्च 2020 के बाद का यह 1 दिन का सबसे बड़ा क्रैश है. एलन मस्क से लेकर जेनसन हुआंग तक अरबपतियों के अरबों डॉलर स्वाहा हो गए. लेकिन इस गिरावट में सिर्फ अमीरों की तिजोरी खाली नहीं हुई. अमेरिका के लाखों आम नौकरीपेशा लोगों की वो सेविंग भी गच्चा खा गई, जो उन्होंने बुढ़ापे के लिए जोड़ रखी थी.

डोनाल्ड ट्रंप ने शेयर बाजार क्रैश का ठीकरा डेमोक्रेट्स और चुनाव नतीजों पर फोड़ा और एक शब्द उछाला- 401(k). ट्रंप ने कहा कि इस क्रैश ने आम लोगों के 401(k) रिटायरमेंट फंड की वैल्यू गिरा दी है. सवाल ये क‍ि शेयर बाजार गिरे तो गिरे, नौकरी करने वाले आम आदमी की बुढ़ापे की पेंशन कैसे डूब गई? ये 401(k) क्या बला है और अमेरिका में आम आदमी का पैसा शेयर बाजार में कैसे लग जाता है?

ये 401(k) क्या है?

अमेरिका में नौकरीपेशा लोगों के लिए रिटायरमेंट के बाद मजे से जिंदगी काटने का एक सिस्टम है, जिसे 401(k) कहते हैं. इसे आप अपने यहां के EPF यानी प्रॉविडेंट फंड या NPS यानी नेशनल पेंशन सिस्टम जैसा समझ सकते हैं. होता ये है कि कर्मचारी अपनी हर महीने की सैलरी का एक हिस्सा इस 401(k) अकाउंट में डालता है. कई कंपनियां भी अपनी तरफ से इसमें पैसा मिलाती हैं, ठीक वैसे ही जैसे अपने यहां कंपनी PF में पैसा डालती है.

पैसा शेयर बाजार में कैसे पहुंचता है?

ये पैसा निवेश किया जाता है. कर्मचारी को अपनी कंपनी की तरफ से ऑप्शंस मिलते हैं कि वो ये पैसा कहां लगाना चाहता है. ऑप्शंस में शेयर बाजार से जुड़े फंड, बॉन्ड और कई दूसरे विकल्प होते हैं. यानी, अमेरिकी कर्मचारी की सैलरी से कटने वाला पैसा सीधा शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव से जुड़ जाता है. बाजार ऊपर गया तो बल्ले-बल्ले, बाजार गिरा तो रिटायरमेंट फंड का भी बंटाधार.

शेयर बाजार गिरने से जमा-पूंजी कैसे घट जाती है?

मान लीजिए, जॉन नाम के एक अमेरिकी कर्मचारी के 401(k) खाते में 1 लाख डॉलर यानी करीब 84 लाख रुपये जमा हैं. जॉन ने इसमें से 60% पैसा शेयर बाजार से जुड़े फंड में और 40% बॉन्ड में लगा रखा है. शेयर बाजार 10% लुढ़का. बॉन्ड वाले पैसे को कुछ नहीं हुआ. लेकिन शेयर बाजार वाले 60 हजार डॉलर घटकर 54 हजार डॉलर रह गए. नतीजा, जॉन का कुल रिटायरमेंट फंड 1 लाख डॉलर से घटकर 94 हजार डॉलर हो गया. यानी एक दिन की गिरावट में सीधे 6 हजार डॉलर यानी करीब 5 लाख रुपये का डेंट लग गया.

तो क्या आम अमेरिकी की पूरी पेंशन डूब गई?

ऐसा नहीं है. 401(k) में हर इंसान का पोर्टफोलियो अलग होता है. किसी ने ज्यादा रिस्क लिया होता है यानी ज्यादा पैसा शेयरों में लगाया होता है तो किसी ने कम पैसा. दूसरी बात, बाजार गिरने से खाते की मौजूदा वैल्यू कम होती है, पैसा हमेशा के लिए नहीं डूबता. अगर जॉन जैसे लोगों ने डर के मारे अपने फंड बेचे नहीं हैं, तो कल जब बाजार ऊपर जाएगा, तो उसकी वैल्यू भी वापस बढ़ जाएगी.

क्‍या भारत में भी ऐसा संभव

अपने यहां अमेरिका जैसा एग्जैक्ट 401(k) सिस्टम नहीं है. लेकिन, अगर आप NPS में पैसा डालते हैं और आपने इक्विटी यानी शेयर बाजार वाला ऑप्शन चुना है, या आप इक्विटी म्यूचुअल फंड में SIP करते हैं, तो आपकी रिटायरमेंट सेविंग भी सीधे तौर पर शेयर बाजार के मूड पर निर्भर करती है. बाजार गिरेगा, तो आपकी सेविंग की वैल्यू भी कम दिखेगी. इसीलिए, जब डोनाल्ड ट्रंप ने शेयर बाजार क्रैश के साथ 401(k) का नाम लिया, तो वो सीधे आम नौकरीपेशा अमेरिकियों की दुखती रग पर हाथ रख रहे थे. क्योंकि वॉल स्ट्रीट में कोई भी हलचल सीधे अमेर‍िका के आम आदमी को परेशान करती है.



Source link