Last Updated:
Alwar Crime News: अलवर में 11वीं के एक छात्र का अपहरण कर बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है. आरोपियों ने छात्र को पार्टी के बहाने बुलाया, टैंपो में अगवा कर सुनसान जगह ले गए और मारपीट कर उसका वीडियो वायरल कर दिया. घटना के बाद पीड़ित छात्र गहरे सदमे में है. वैशाली नगर थाना पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Alwar Crime News: पार्टी के बहाने 11वीं के छात्र को बुलाया, अगवा कर पीटा और सोशल मीडिया पर वायरल किया वीडियो
अलवर: राजस्थान के अलवर शहर में स्कूली छात्रों के बीच मारपीट, अपहरण और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. शहर के एक निजी स्कूल में कक्षा 11वीं में पढ़ने वाले एक छात्र को उसके ही परिचित साथियों ने पार्टी देने के बहाने बुलाया. इसके बाद आरोपियों ने बाइक और टैंपो की मदद से छात्र को जबरन अगवा कर लिया और एक सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. आरोपियों ने वारदात के दौरान छात्र के कपड़े फाड़ दिए और इस पूरी घटना का अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद से पीड़ित छात्र गहरे मानसिक सदमे में है और उसने स्कूल जाने से भी इनकार कर दिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी जावेद खान और जीशान ने पीड़ित छात्र को फोन कर मनुमार्ग स्थित रिलायंस मॉल के पास मिलने के लिए बुलाया था. वहां पहुंचने के बाद दोनों आरोपी उसे पार्टी देने का झांसा देकर अंबेडकर नगर स्थित साईं बेकरी ले गए. इसी दौरान वहां बाइक और टैंपो में सवार होकर कुछ अन्य युवक भी आ पहुंचे. आरोप है कि इन युवकों ने छात्र को जबरन टैंपो में बैठाया और शहर के एक सुनसान इलाके में ले गए.
कपड़े फाड़े, गाली-गलौज की और बनाया मारपीट का वीडियो
सुनसान जगह ले जाने के बाद हमलावरों ने छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी. आरोपियों ने पीड़ित को लगातार पीटा, उसके कपड़े फाड़ दिए और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की. इस दौरान आरोपी अपने मोबाइल से इस पूरी हैवानियत का वीडियो भी रिकॉर्ड करते रहे. जब छात्र गंभीर रूप से घायल और बदहवास हालत में हो गया, तो आरोपी उसे वहीं असहाय स्थिति में छोड़कर मौके से फरार हो गए.
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच में जुटी वैशाली नगर थाना पुलिस
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिजनों को मामले की भनक लगी. मारपीट की इस घटना से छात्र इस कदर मानसिक आघात में है कि वह बहुत डरा हुआ है. पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज कराने के बाद वैशाली नगर थाना पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब वायरल वीडियो के फुटेज और उसमें नजर आ रहे टैंपो के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. फिलहाल पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि छात्र को बंधक बनाकर इस तरह बेरहमी से पीटने के पीछे आखिर मुख्य वजह क्या थी और इस वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे.