Hanumangarh News: सात समंदर पार परवान चढ़ा प्यार, फ्रांस का रोमेन बना संगरिया का दामाद, राजस्थानी धुनों पर नाचे विदेशी बाराती

Hanumangarh News: सात समंदर पार परवान चढ़ा प्यार, फ्रांस का रोमेन बना संगरिया का दामाद, राजस्थानी धुनों पर नाचे विदेशी बाराती


Last Updated:

Romain and Divya Jyoti Wedding: हनुमानगढ़ जिले के संगरिया में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां फ्रांस के रहने वाले मैकेनिकल इंजीनियर रोमेन ने संगरिया की बेटी दिव्या ज्योति के साथ सात फेरे लिए. दोनों की मुलाकात न्यूजीलैंड में हुई थी, जहां दिव्या आईटी कंपनी में काम करने पहुंची थीं. दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और करीब एक साल पहले दोनों ने अपने परिवारों को रिश्ते के बारे में बताया. दोनों परिवारों की सहमति के बाद शादी राजस्थान में करने का फैसला हुआ. विवाह समारोह में फ्रांस से आए 10-12 रिश्तेदारों ने भारतीय रीति-रिवाजों में हिस्सा लिया. राजस्थानी लोकगीतों और बैंड-बाजों की धुन पर विदेशी बाराती जमकर थिरके. वैदिक परंपराओं के अनुसार दोनों ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का वादा किया.

Zoom

फ्रांस के रहने वाले मैकेनिकल इंजीनियर रोमेन ने संगरिया की बेटी दिव्या ज्योति के साथ सात फेरे लिए

हनुमानगढ़. जब दिल मिलते हैं तो सरहदें, भाषा और संस्कृतियां महज औपचारिकता बनकर रह जाती है. ऐसा ही एक दिलकश नजारा राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के संगरिया की गलियों में देखने को मिला, जहां बैंड-बाजों की गूंज और राजस्थानी लोकगीतों की धुनों पर विदेशी मेहमान जमकर थिरकते नजर आए. फ्रांस से आए दूल्हे रोमेन और स्थानीय कस्बे की बेटी दिव्या ज्योति का यह विवाह पूरे इलाके में मिसाल और चर्चा का केंद्र बना हुआ है.

वार्ड 13 निवासी सेवानिवृत्त शिक्षाकर्मी पुरुषोत्तम सिंह और शिक्षिका गीता गोयल की पुत्री दिव्या ज्योति ने ग्वालियर से बीटेक करने के बाद गुरुग्राम और नोएडा में शीर्ष आईटी कंपनियों में सेवाएं दी. करियर के सिलसिले में वे न्यूजीलैंड पहुंचीं, जहां उनकी मुलाकात फ्रांस के मैकेनिकल इंजीनियर रोमेन से हुई. पहले जान-पहचान हुई, जो समय के साथ गहरे रिश्ते और जीवनभर साथ निभाने के संकल्प में तब्दील हो गई. करीब एक साल पहले दोनों ने अपने परिजनों से दिल की बात साझा की. दो जुदा परिवेश और संस्कृतियों के बावजूद परिवारों ने बातचीत कर बच्चों के फैसले पर सहर्ष मुहर लगा दी.

विदेशी बारातियों का दिखा देसी अंदाज

विवाह के लिए रोमेन के साथ फ्रांस से करीब 10-12 पारिवारिक सदस्य व रिश्तेदार संगरिया पहुंचे. हनुमानगढ़ में ठहराए गए इन मेहमानों ने भारतीय रीति-रिवाजों, मेहंदी और मांगलिक रस्मों को नजदीक से देखा और हर उत्सव में पूरे उत्साह से शामिल हुए. संगरिया के बाजार से जब यह अनोखी बारात गुजरी, तो हर कोई ठहरकर विदेशी मेहमानों के देसी अंदाज को निहारता रह गया.

सनातन परंपराओं से लिए सात फेरे

ताज पैलेस में आयोजित मुख्य समारोह में सनातन धर्म की परंपराओं और वैदिक विधि-विधान के साथ दिव्या और रोमेन ने पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कर सात फेरे लिए. विदेश में रहने के बावजूद अपनी जन्मभूमि और पारंपरिक संस्कारों को प्राथमिकता देकर इस जोड़े ने दिखा दिया कि आधुनिक सोच के बीच भी जड़ों से जुड़ाव कितना अहम होता है.



Source link