MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.38 करोड़ का 476 किलो गांजा जब्त; 3 नाबालिगों समेत 7 तस्कर गिरफ्तार
जगदलपुर में बस्तर पुलिस ने नशे के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 476 किलो गांजा जब्त किया है. जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 38 लाख रुपए बताई गई है. गांजा ओडिशा से जगदलपुर होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था. पुलिस ने छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर धनपुंजी के आगे कुरंदी में घेराबंदी कर कार्रवाई की. तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए बाइक से पिकअप वाहन की पायलटिंग कर रहे थे. तलाशी के दौरान पिकअप से 15 बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने तीन नाबालिगों समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और जांच कर रही है. मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है.
बिलासपुर में धनतेरस के साथ दीपोत्सव का आगाज, 84 साल बाद शुक्र प्रदोष का विशेष संयोग
बिलासपुर में आज धनतेरस के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत हो रही है. इस बार 84 साल बाद शुक्र प्रदोष का विशेष संयोग बन रहा है. लक्ष्मी-कुबेर पूजा के लिए शाम 6:02 बजे से 7:57 बजे तक शुभ मुहूर्त रहेगा. त्योहार को लेकर बाजारों में खरीदारी की रौनक देखने को मिल रही है. ऑटोमोबाइल सेक्टर में करीब 20 फीसदी ग्रोथ का अनुमान है. वहीं, लगभग 1500 गाड़ियों की डिलीवरी की तैयारी की गई है. धनतेरस की शाम घरों में यम दीपदान भी किया जाएगा.
अर्नब चक्रवात से बिलासपुर में धान की फसल को नुकसान, 41 गांवों के 90 हेक्टेयर प्रभावित
बिलासपुर जिले में अर्नब चक्रवात के असर से धान की फसल को बड़ा नुकसान हुआ है. जिले के 41 गांवों में करीब 90 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है. सबसे ज्यादा नुकसान उन किसानों को हुआ है, जिन्होंने धान काटकर खेतों में रखा था. जिले के करीब 47 हजार किसानों ने फसल बीमा कराया है. फसल की वास्तविक क्षति और मुआवजे का आकलन क्रॉप कटिंग के बाद किया जाएगा. वहीं, जिन किसानों ने फसल बीमा नहीं कराया है, उन्हें आरबीसी 6-4 के तहत राहत देने का प्रावधान है.
अहिवारा शासकीय महाविद्यालय का नाम बदलेगा, दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर होगा कॉलेज
दुर्ग जिले के अहिवारा स्थित शासकीय महाविद्यालय का नाम अब दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर रखा जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसकी घोषणा की है. मुख्यमंत्री आज दिवंगत विधायक के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उन्होंने महाविद्यालय का नाम बदलने का ऐलान किया. बता दें कि अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पिछले दिनों इलाज के दौरान निधन हो गया था.
धनतेरस और दिवाली पर बाजारों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर-एसएसपी ने किया निरीक्षण
बिलासपुर में धनतेरस और दिवाली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है. कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनीश सिंह ने गोल बाजार, सदर बाजार और शनिचरी बाजार का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया. त्योहारों के दौरान खरीदारी करने आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें बाजारों में तैनात रहेंगी और लगातार निगरानी करेंगी.
टाटा पावर सोलर का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर 11.36 लाख की ठगी, बिहार से दो आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव में टाटा पावर सोलर कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर 11 लाख 36 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है. आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाया था. मामले में जिला साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिहार से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल, 1 लैपटॉप, 1 स्कैनर डिवाइस, 4 नोटबुक और 2 एटीएम कार्ड जब्त किए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
धनतेरस पर गांवों में रजिस्ट्री अभियान, मंत्री-विधायक और सांसद संभालेंगे जिम्मेदारी
भोपाल में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत धनतेरस पर गांवों में विशेष रजिस्ट्री अभियान चलाया जाएगा. इसमें मंत्री, विधायक और सांसद गांवों में पहुंचकर शत-प्रतिशत रजिस्ट्रियां करवाने में सहयोग करेंगे. सरकार ने 15 नवंबर तक 20 लाख रजिस्ट्रियों का लक्ष्य तय किया है. खास बात यह है कि पट्टे की रजिस्ट्री पर लगने वाला स्टांप शुल्क राज्य सरकार खुद भरेगी.
दिवाली पर भोपाल में सफाई व्यवस्था ठप, कर्मचारियों की हड़ताल से सड़कों पर लगा कचरे का ढेर
भोपाल में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते दिवाली पर सफाई व्यवस्था चरमरा गई है. शहर के कई इलाकों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है. मध्य प्रदेश में करीब ढाई लाख दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं. कर्मचारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सीधे बातचीत करने की मांग पर अड़े हैं. उन्होंने साफ कर दिया है कि सांसद, विधायक या किसी अन्य मध्यस्थ के जरिए बातचीत मंजूर नहीं होगी. वहीं, कर्मचारियों ने शुक्रवार को अटल भवन में तालाबंदी करने और जलापूर्ति रोकने की चेतावनी भी दी है.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज व्यस्त दौरा, मुरैना-भिंड और अशोकनगर जाएंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 10:30 बजे भोपाल स्थित बीजेपी पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 1:30 बजे मुरैना जिले के ग्राम करुआ पहुंचकर स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री प्रक्रिया का अवलोकन करेंगे. यहां हितग्राहियों से संवाद और उत्कृष्ट पटवारियों का सम्मान भी करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से भिंड और फिर अशोकनगर जिले के ग्राम अजलेश्वर जाएंगे. शाम 5:05 बजे अशोकनगर से भोपाल के स्टेट हैंगर पहुंचेंगे. इसके बाद शाम 6:10 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे.
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम:
सुबह 10:30 बजे: भोपाल बीजेपी कार्यालय आगमन.
दोपहर 1:30 बजे: ग्राम करुआ, मुरैना में स्वामित्व योजना का कार्यक्रम.
दोपहर 2:35 बजे: मुरैना से भिंड के लिए रवाना.
दोपहर 3:30 बजे: ग्राम अजलेश्वर, अशोकनगर आगमन.
शाम 5:05 बजे: भोपाल स्टेट हैंगर आगमन.
शाम 6:10 बजे: मुख्यमंत्री निवास आगमन.
रतलाम के महालक्ष्मी मंदिर में सजा कुबेर का खजाना, धनतेरस पर सुबह 4 बजे से उमड़े श्रद्धालु
रतलाम में धनतेरस के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत हो गई है. प्रसिद्ध महालक्ष्मी मंदिर में भक्तों की धन-संपदा से कुबेर का खजाना सजाया गया है. माता के दर्शन के लिए सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं. दूसरे प्रदेशों से भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे. सुबह की आरती में एसपी अमित कुमार शामिल हुए. मंदिर की परंपरा के अनुसार, पांच दिनों तक धन-संपदा से मंदिर सजाया जाता है और इसके बाद पूरी संपदा भक्तों को लौटा दी जाती है.
रायसेन में मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा, मिठाई दुकानों और रेस्टोरेंट में छापेमारी
रायसेन में आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य विभाग अलर्ट हो गया है. कलेक्टर के निर्देश पर जिले के अलग-अलग इलाकों में मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट और ढाबों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए. खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र नुनइयां और कीर्ति मालवीय ने यह कार्रवाई की. नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.