दीप्ति के शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम, ICC प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए नॉमिनेट
Last Updated:
भारतीय महिला टीम की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को उनके हालिया प्रदर्शन का इनाम मिला है. दीप्ति को आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए नॉमिनेट किया गया है. दीप्ति ने जिम्बाब्वे के खिलाफ आईसीसी महिला चैंपियनशिप सीरीज में दमदार गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में दमदार खेल दिखाते हुए रिकॉर्ड शतकीय पारी खेली थी.
भारतीय महिला टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा
नई दिल्ली: भारत की धाकड़ महिला क्रिकेटर दीप्ति शर्मा को गुरुवार को आईसीसी के महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की दौड़ में शामिल छह खिलाड़ियों में जगह मिली. दीप्ति ने जिम्बाब्वे के खिलाफ आईसीसी महिला चैंपियनशिप सीरीज के एकमात्र मैच में नाबाद 106 रन बनाने के अलावा पांच विकेट भी चटकाए.
भारत ने 50 ओवर की सीरीज में 3-0 से जिम्बाब्वे का क्लीनस्वीप किया था. वनडे सीरीज से पहले हुई तीन टी20 इंट मैच की सीरीज में दीप्ति में सिर्फ एक बार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंद में 49 रन बनाए और अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से दो विकेट भी चटकाए.
मार्को यानसन और अराफात मन्हास भी हैं रेस में शामिल
सूची में जगह बनाने वाले अन्य खिलाड़ियों में दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसन, पाकिस्तान के अराफात मन्हास, वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप, ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड और बांग्लादेश की शोभना मोस्तरी शामिल हैं. यानसन उपरोक्त समय के दौरान आईसीसी की पुरुषों की खिलाड़ी टेस्ट रैंकिंग में गेंदबाजों और ऑलराउंडर की सूची में शीर्ष पर रहे.
अराफात को पाकिस्तान में हुई त्रिकोणीय शृंखला में सीरीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था जबकि होप ने सीमित ओवरों के प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन की बदौलत सूची में जगह बनाई. पुरुष और महिला दोनों वर्ग में तीन-तीन खिलाड़ियों को नामित किया जाता है जिन्हें कैलेंडर माह के पहले और आखिरी दिन के प्रदर्शन के आधार पर चुना जाता है. नामित किए गए खिलाड़ियों के लिए अब आईसीसी की स्वतंत्र वोटिंग अकादमी और दुनिया भर के प्रशंसक वोट करेंगे.
वोटिंग के आधार पर तय किया जाता है महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
आईसीसी वोटिंग अकादमी में क्रिकेट जगत के जाने-माने लोग शामिल होते हैं जिसमें पत्रकार, पूर्व खिलाड़ी, प्रसारणकर्ता और आईसीसी हॉल ऑफ फेम के सदस्य भी शामिल हैं. विजेताओं की घोषणा महीने के दूसरे हफ्ते में की जाती है.