पहले पिया अपमान का घूंट, अब दोबारा कप्तान बनने जा रहे सूर्यकुमार यादव
Last Updated:
Suryakumar Yadav Mumbai cricket team: भारत को T20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव इस सीजन में मुंबई की वाइट-बॉल टीम की कप्तानी में वापसी करने जा रहे हैं. सूर्या विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की टीम को लीड करते नजर आ सकते हैं. इससे पहले उन्हें रणजी ट्रॉफी में जगह तक नहीं मिली थी.
मुंबई के कप्तान बनाए गए सूर्यकुमार यादव
मुंबई: टीम इंडिया को अपनी कप्तानी में 2026 का टी-20 वर्ल्ड कप जिताने वाले सूर्यकुमार यादव फिलहाल भले ही ‘वनवास’ झेल रहे हो, लेकिन खबर है कि उन्हें मौजूदा सीजन में मुंबई अपने वाइट बॉल फॉर्मेट का कप्तान बना सकता है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार मुंबई की सीनियर चयन समिति ने उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी के लिए कप्तानी सौंपने का फैसला किया है.
मुंबई अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को कोलकाता से करेगी. एलीट ग्रुप D में उनका पहला मुकाबला हैदराबाद से होगा. इस ग्रुप में छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, ओडिशा, उत्तराखंड और विदर्भ भी शामिल हैं. मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के एक सूत्र ने TOI को बताया:
राजेश पवार की अगुवाई वाली मुंबई की सीनियर चयन समिति ने फैसला किया है कि इस सीजन के व्हाइट-बॉल टूर्नामेंटों में सूर्यकुमार मुंबई की कप्तानी करेंगे. मुंबई की टीम 9 नवंबर को चुनी जाएगी और 11 नवंबर को कोलकाता के लिए रवाना होगी.
रणजी टीम से भी बाहर थे सूर्यकुमार यादव
अभी ज्यादा पुरानी बात नहीं हुई है कि 36 साल के सूर्यकुमार यादव को मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम में जगह नहीं मिली थी, जबकि उन्होंने पूरे घरेलू सीजन के लिए खुद को उपलब्ध बताया था. उस समय चयनकर्ताओं ने तर्क दिया था कि सूर्या ने हाल-फिलहाल में रेड-बॉल क्रिकेट नहीं खेला है. सूर्यकुमार तब से MCA प्रेसिडेंट्स कप में MIG क्रिकेट क्लब की ओर से खेल रहे हैं.
टी-20 वर्ल्ड कप के साथ सूर्यकुमार यादव
वाइट बॉल फॉर्मेट में सूर्या का रिकॉर्ड
सूर्यकुमार यादव ने 373 टी-20 मुकाबलों में 9729 रन बनाए हैं जबकि लिस्ट ए क्रिकेट में उनके नाम 146 मैच में 3704 रन दर्ज हैं. टी-20 इंटरनेशनल में सूर्या ने 113 मैच खेले हैं और चार शतक का रिकॉर्ड है, जो सर्वाधिक सेंचुरी के वर्ल्ड रिकॉर्ड से सिर्फ एक कम है. मुंबई के इस स्टाइलिश बल्लेबाज को 37 वनडे भी खेलने का मौका मिला, जिसकी 35 पारियों में उन्होंने चार अर्धशतक के साथ 773 रन बनाए. ‘मिस्टर 360’ के नाम से मशहूर इस विस्फोटक बल्लेबाज ने भारत के लिए आखिरी मैच मेंस टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था. तब से कमबैक का इंतजार कर रहे हैं.