चुनाव अमेरिका के, जलवा भारतीयों का, 30 उम्मीदवारों ने गाड़े झंडे, 15 महिलाओं ने दर्ज की जीत

चुनाव अमेरिका के, जलवा भारतीयों का, 30 उम्मीदवारों ने गाड़े झंडे, 15 महिलाओं ने दर्ज की जीत


Last Updated:

Indian Origin Candidates Win US Midterm Election: अमेरिका में हुए मिडटर्म इलेक्शन में आए नतीजों का एक पक्ष ये भी है कि इसमें भरतीय-अमेरिकी उम्मीदवारों की एक पूरी लिस्ट थी और करीब 30 उम्मीदवार जीते हैं. इन चेहरों में कई ऐसे भी हैं, जिन्होंने तो इतिहास ही रच दिया है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

अमेरिकी चुनाव में भारतीयों का जलवा. (रॉयटर्स)

वॉशिंगटन: अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनावों में भारतीय मूल के उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन किया है. अलग-अलग राज्यों में चुनाव लड़ रहे कम से कम 30 भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है. इनमें कुछ उम्मीदवारों ने तो  पहली बार चुनाव जीतकर इतिहास बनाया है. इसमें सबसे ज्यादा चर्चा लॉस एंजिल्स के मेयर चुनाव में भारतीय मूल की नित्या रमन की हो रही है, जो करेन बैस को हराकर जीती हैं.

मिशिगन में रंजीव पुरी ने 24वें जिले से करीब 66 प्रतिशत वोट हासिल कर दोबारा जीत दर्ज की. वहीं एरिजोना में डेमोक्रेटिक नेता प्रिया सुंदरेशन ने 18वें जिले से लगभग 66 प्रतिशत वोट पाकर अपनी सीट बचाई. दोनों राज्यों में डेमोक्रेटिक पार्टी को विधानसभा में बहुमत मिला है. लॉस एंजिल्स के मेयर चुनाव में नित्या रमन ने मौजूदा मेयर करेन बैस को पीछे छोड़ा.

कई उम्मीदवारों ने बनाया रिकॉर्ड

  1. जॉर्जिया में ज्योत सिंह ने 97वें हाउस जिले से करीब 68 प्रतिशत वोट हासिल कर जीत दर्ज की. उन्हें राज्य विधानसभा के लिए चुने जाने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी और सिख-अमेरिकी उम्मीदवार के रूप में बताया गया है.
  2. टेक्सास में पूजा सेठी ने 47वें हाउस जिले से लगभग 63 प्रतिशत वोट पाकर जीत हासिल की. उन्होंने कहा कि वह टेक्सास विधानसभा में पहुंचने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी महिला हैं.
  3. इलिनोइस में नबीला सैयद ने रिपब्लिकन उम्मीदवार को हराकर जीत दर्ज की. न्यूयॉर्क में लीसा कौल, इंडियाना में रंजन रोहतगी और नॉर्थ कैरोलिना में जय चौधरी भी चुनाव जीतने वालों में शामिल हैं.
  4. इसके अलावा कैलिफोर्निया में ऐश कालरा, वॉशिंगटन में मांका ढींगरा, ओहायो में अनीता सोमानी और पेंसिल्वेनिया में अरविंद वेंकट ने भी अपनी सीटों पर जीत हासिल की.

कुछ बड़े चेहरे चुनाव हारे भी

सभी भारतीय मूल के उम्मीदवारों को सफलता नहीं मिली. ओहायो के गवर्नर चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी को डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन से हार का सामना करना पड़ा. वहीं सरिता कोमाटिरेड्डी भी न्यूयॉर्क अटॉर्नी जनरल का चुनाव हार गईं. मैरीलैंड में अरुणा मिलर ने दोबारा उप-राज्यपाल का चुनाव जीता. कुल 41 भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवारों की सूची में से 30 ने जीत दर्ज की, दो आगे चल रहे थे और नौ उम्मीदवार हार गए. जीतने वाले 30 उम्मीदवारों में 15 महिलाएं हैं, जबकि 8 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए. इन नतीजों से अमेरिकी राजनीति में भारतीय मूल के लोगों की बढ़ती भागीदारी भी सामने आई है.



Source link