Jaipur News: जयपुर में दिवाली पर नहीं जाएगी बिजली, गुल हुई तो यहां करें फोन, डिस्कॉम ने जारी किए नंबर

Jaipur News: जयपुर में दिवाली पर नहीं जाएगी बिजली, गुल हुई तो यहां करें फोन, डिस्कॉम ने जारी किए नंबर


जयपुर. दीपावली के त्योहार पर जयपुरवासियों को बिजली कटौती की परेशानी से बचाने के लिए जयपुर विद्युत वितरण निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. त्योहार के दौरान शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए विद्युत तंत्र का करीब दो महीने तक विशेष रखरखाव किया गया है. इस दौरान बिजली के सब स्टेशनों, फीडरों, पावर ट्रांसफार्मरों और वितरण ट्रांसफार्मरों की जांच के साथ जरूरी मरम्मत और सुधार कार्य किए गए हैं. जयपुर डिस्कॉम ने इस बार पिछले साल दीपावली के दौरान रहे बिजली के अधिकतम भार को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था को और मजबूत किया है.

शहर के दक्षिणी और उत्तरी दोनों सर्किलों में बिजली आपूर्ति की क्षमता बढ़ाने के लिए नए फीडर और ट्रांसफार्मर भी जोड़े गए हैं. इसके अलावा बिजली संबंधी शिकायतों के तुरंत समाधान के लिए 6 से 11 नवंबर तक खंड स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाए जाएंगे. इन केंद्रों पर अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. उपभोक्ता बिजली आपूर्ति में बाधा, वोल्टेज की समस्या या अन्य शिकायतों के लिए निर्धारित दूरभाष और मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकेंगे. निगम ने कॉल सेंटर, मोबाइल संदेश, वाट्सएप और मोबाइल ऐप के जरिए भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा दी है.

दो महीने तक चला बिजली तंत्र का रखरखाव

जयपुर डिस्कॉम के अनुसार, दीपावली से पहले करीब दो महीने तक विशेष रखरखाव अभियान चलाया गया. इसमें शहर के दोनों सर्किलों में बिजली वितरण व्यवस्था की सघन जांच और मरम्मत की गई. इस दौरान 33 केवी के 153 सब स्टेशन, 238 फीडर, 11 केवी के 1,424 फीडर, 373 पावर ट्रांसफार्मर और 18,638 वितरण ट्रांसफार्मरों का रखरखाव किया गया. जहां जरूरत थी, वहां मौके पर ही सुधार कार्य भी करवाए गए. बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रसारण निगम के साथ समन्वय करके भी काम किया गया.

दक्षिण सर्किल में 31 एमवीए बढ़ाई बिजली क्षमता

जयपुर शहर दक्षिण सर्किल में बिजली आपूर्ति की क्षमता बढ़ाने के लिए विशेष काम किए गए हैं. यहां 5-5 एमवीए क्षमता वाले सात पावर ट्रांसफार्मरों को उच्चीकृत कर 8-8 एमवीए का बनाया गया है. इसके अलावा 24 नए वितरण ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं. इन कार्यों से सर्किल में बिजली आपूर्ति की कुल क्षमता 31 एमवीए बढ़ गई है. वहीं, बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 11 केवी के छह और 33 केवी के चार नए फीडर भी बनाए गए हैं. इससे संबंधित क्षेत्रों में बार-बार बिजली जाने और कम वोल्टेज की समस्या कम करने में मदद मिलेगी.

उत्तर सर्किल में 26 नए फीडर जोड़े

जयपुर शहर उत्तर सर्किल में भी दीपावली से पहले बड़े स्तर पर रखरखाव और सुधार कार्य किए गए हैं. यहां 33 केवी के 71 ग्रिड सब स्टेशन, 127 फीडर, 11 केवी के 670 फीडर और 8,879 वितरण ट्रांसफार्मरों का रखरखाव किया गया. इनके जम्फर, जीओ, आरएमयू और फ्यूज की मरम्मत की गई. जरूरत के अनुसार एलटी पिलर बॉक्स भी बदले गए. पिछले साल दीपावली पर उत्तर सर्किल में बिजली का अधिकतम भार 863 मेगावाट रहा था. इसे ध्यान में रखते हुए इस बार 33 केवी के चार और 11 केवी के 22 नए फीडर जोड़े गए हैं. इसके साथ ही 306 नए वितरण ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं. क्षेत्र में एक नया 33/11 केवी सब स्टेशन भी स्थापित किया गया है. इनसे बिजली आपूर्ति व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी.

6 से 11 नवंबर तक अधिकारियों की विशेष ड्यूटी

दीपावली के दौरान बिजली आपूर्ति में किसी तरह की परेशानी नहीं आए, इसके लिए 6 से 11 नवंबर तक विशेष व्यवस्था की गई है. जयपुर शहर दक्षिण के अधीक्षण अभियंता मनोज गुप्ता और उत्तर के अधीक्षण अभियंता डीके पुंडीर के अनुसार, सभी 220/132 केवी सब स्टेशनों पर अधिशासी और सहायक अभियंताओं की ड्यूटी लगाई गई है. वहीं, 33/11 केवी सब स्टेशनों पर कनिष्ठ अभियंताओं और अधिक भार वाले ट्रांसफार्मरों पर तकनीकी कर्मचारियों को तैनात किया गया है.

बिजली शिकायत के लिए ये नंबर रखें नोट

उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 6 से 11 नवंबर तक सुचारू रूप से काम करेंगे. उपभोक्ता संबंधित खंड के अधिशासी अभियंता से भी संपर्क कर सकते हैं. इनके मोबाइल नंबर प्रथम 9413390064, द्वितीय 9413390065, तृतीय 9413390066, चतुर्थ 9413390067, पंचम 9413390068, षष्ठम 9413390069, सप्तम 9413390070 और अष्टम 9413389742 हैं. इसके अलावा आठ खंडों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे. इनके संपर्क नंबर इस प्रकार हैं.

खंड दूरभाष/मोबाइल नंबर
पहला 2231770, 9413390214
दूसरा 2563181, 2571559, 9413390065
तीसरा 2571613, 9413390252
चौथा 2612895, 9414029046
पांचवां 2618460, 9413390275
छठा 2731806, 9413390292
सातवां 2232692, 9413390305
आठवां 9216086641

कॉल सेंटर और वाट्सएप से भी दर्ज करा सकेंगे शिकायत

डिस्कॉम ने नियंत्रण कक्षों के अलावा शिकायत दर्ज कराने के दूसरे माध्यम भी उपलब्ध कराए हैं. उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 18001806507, दूरभाष नंबर 0141-2203000 और आईवीआरएस नंबर 1912 पर शिकायत कर सकते हैं. मोबाइल नंबर 9414037085 पर वाट्सएप या संदेश के जरिए भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. इसके लिए उपभोक्ताओं को अपना पूरा पता और बिजली बिल पर दर्ज 12 अंकों का के-नंबर देना होगा. इसके अलावा बिजली मित्र मोबाइल ऐप, निगम की वेबसाइट energy.rajasthan.gov.in/jvvn, ईमेल helpdesk@jvvnl.org और सोशल मीडिया खाते @JVVNLCCare के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है. निगम का कहना है कि दीपावली के दौरान बिजली से जुड़ी शिकायतों का जल्द समाधान करने के लिए अधिकारी और कर्मचारी लगातार तैनात रहेंगे.



Source link