Last Updated:
मिस्र घूमने पहुंची एक भारतीय महिला को पिरामिड देखने से लेकर टैक्सी बुक करने तक कई परेशानियों का सामना करना पड़ा. उन्होंने छिपे हुए खर्च, महंगे टिकट और स्थानीय लोगों की ओर से बार-बार पैसे मांगने की शिकायत की. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिस पर यूजर्स अपने अनुभव शेयर कर रहे हैं.
मिस्र में ठगी से परेशान भारतीय महिला ने सुनाई आपबीती(फोटो:Instagram-@wittyspace2)
दुनिया के सात अजूबों में शामिल मिस्र के पिरामिड देखने का सपना न जाने कितने लोग संजोते हैं. हजारों साल पुरानी सभ्यता, विशाल पिरामिड, ममी और प्राचीन राजाओं के मकबरे पर्यटकों को अपनी ओर खींचते हैं. बहुत से लोग अपनी जिंदगी में कम से कम एक बार मिस्र घूमना चाहते हैं. लेकिन क्या हो अगर जिस जगह को देखने के लिए आपने सालों तक पैसे बचाए हों, वहां पहुंचने के बाद हर कदम पर आपसे ज्यादा पैसे मांगे जाने लगें? कुछ ऐसा ही अनुभव एक भारतीय महिला के साथ हुआ, जो मिस्र घूमने पहुंची थीं. महिला ने अपने सोशल मीडिया पर अपना अनुभव शेयर करते हुए बताया कि मिस्र में उन्हें बार-बार ठगे जाने जैसा महसूस हुआ. इंस्टाग्राम पर @wittyspace2 अकाउंट से शेयर किए गए वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा- “मैं दुनिया के सबसे ज्यादा ठगे जाने वाले देश में रुकी.” उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में महिला ने बताया कि मिस्र की यात्रा के दौरान उन्हें किन-किन परेशानियों का सामना करना पड़ा.
पिरामिड देखने पहुंचीं, लेकिन हर चीज के लिए देना पड़ा अलग पैसा
महिला के मुताबिक, मिस्र के पिरामिड देखना उनका लंबे समय से सपना था. लेकिन जब वह गीजा पहुंचीं, तो उन्हें वहां टिकटों का ऐसा सिस्टम देखने को मिला, जिसने उनका अनुभव काफी खराब कर दिया. उन्होंने बताया कि गीजा पिरामिड कॉम्प्लेक्स में प्रवेश करने के लिए अलग टिकट खरीदना पड़ता है. अगर आप किसी खास पिरामिड के अंदर जाना चाहते हैं, तो उसके लिए अलग से पैसे देने होते हैं. यही नहीं, म्यूजियम में प्रवेश करने, खास ऐतिहासिक वस्तुओं को देखने और अलग-अलग मकबरों में जाने के लिए भी अतिरिक्त टिकट लेना पड़ता है. लक्सर में तूतनखामुन जैसे प्राचीन मिस्र के राजाओं के मकबरों को देखने के लिए भी अलग से टिकट लेकर जाना पड़ता है. महिला ने इस पूरे सिस्टम की तुलना एक मेन्यू से की. उनका कहना था कि ऐसा लगता है जैसे आप किसी रेस्टोरेंट में बैठे हैं और हर छोटी-बड़ी चीज के लिए अलग से पैसे देने पड़ रहे हो. जिस ऐतिहासिक जगह को देखने के लिए वह उत्साहित थीं, वहां पहुंचने के बाद बार-बार अतिरिक्त पैसे खर्च करने की नौबत आने से उनका उत्साह कम हो गया.
View this post on Instagram