Last Updated:
Sadabad Fire News: रात करीब दो बजे एक मकान में अचानक आग लग गई. घर के अंदर बुजुर्ग पति-पत्नी सो रहे थे. आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और दोनों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला. इस अग्निकांड में पति-पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार में मातम पसरा है.
आग लगने से मरे बुजुर्ग दंपति.
हाथरस (सुमित) : यूपी के हाथरस से बड़ी खबर आ रही है. यहां के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कहारान में बुधवार देर रात एक मकान में भीषण आग लगने से वृद्ध दंपती की जलकर दर्दनाक मौत हो गई. हादसा रात करीब दो बजे हुआ. आग इतनी तेजी से पूरे मकान में फैल गई कि घर में सो रहे दंपती को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बचाव कार्य किया.
यह है मामला
मोहल्ला कहारान निवासी 70 वर्षीय शहजाद पुत्र मुन्ना कपड़ों की सिलाई का काम करते थे. वह अपनी 65 वर्षीय पत्नी सलमा बेगम के साथ मकान में रहते थे. बुधवार रात खाना खाने के बाद दोनों सोने चले गए. उनका छोटा बेटा भी उनके साथ रहता है, लेकिन वह परिवार सहित अपनी ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था. उनके अन्य बच्चे अलग रहते हैं.
बचने का भी समय नहीं मिला
बताया गया है कि रात करीब दो बजे अज्ञात कारणों से मकान में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. घर में सो रहे वृद्ध दंपती आग के बीच फंस गए और बाहर नहीं निकल सके. आग की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया. तीनों टीमों ने मिलकर आग बुझाने और बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक वृद्ध दंपती की मौत हो चुकी थी.
एसडीआरएफ अधिकारी रजत कुमार ने बताया कि उनकी टीम वृंदावन में ड्यूटी पर थी. सादाबाद में मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही वह जवानों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मकान में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. हादसे के बाद मोहल्ले में शोक का माहौल है.