पूजा के लिए लक्ष्मी-गणेश तो गिफ्टिंग के लिए डिनर सेट, अंबाला के बाजार में दिख रहा नया ट्रेंड

पूजा के लिए लक्ष्मी-गणेश तो गिफ्टिंग के लिए डिनर सेट, अंबाला के बाजार में दिख रहा नया ट्रेंड


अंबाला: त्योहारों और शादी-ब्याह के सीजन में अंबाला के सराफा बाजार में एक बार फिर रौनक लौटने लगी है. सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट के बाद ग्राहकों का रुझान खरीदारी की ओर बढ़ा है. दरअसल, पहले जहां बढ़ती कीमतों के चलते लोग चांदी के सामान की खरीदारी टाल रहे थे, वहीं अब दामों में राहत मिलने से बाजार में चहल-पहल बढ़ रही है. इस बार बाजार में पारंपरिक मूर्तियों के साथ-साथ हल्के वजन में भारी और भव्य दिखने वाली मूर्तियों का खास क्रेज देखने को मिल रहा है.

साउथ इंडियन स्टाइल की लक्ष्मी-गणेश मूर्तियों की बढ़ी मांग

बता दें कि अंबाला के सराफा बाजार में इस बार साउथ इंडियन स्टाइल की चांदी की लक्ष्मी-गणेश मूर्तियां ग्राहकों का ध्यान खींच रही हैं. इन मूर्तियों की खासियत यह है कि इन पर बेहद बारीकी से सोने का वर्क किया गया है. करीब साढ़े तीन किलो वजन वाली इन मूर्तियों को खास डिजाइन और कलात्मक नक्काशी के साथ तैयार किया गया है. त्योहारों और शुभ अवसरों पर पूजा के लिए इन्हें पसंद किया जा रहा है. इसके अलावा रामदरबार, खाटू श्याम, बजरंग बली, नंदी महाराज और राधा-कृष्ण की चांदी की आकर्षक मूर्तियां भी बाजार में ग्राहकों को लुभा रही हैं.

कम वजन में भारी दिखने वाली मूर्तियों का नया ट्रेंड

वहीं, ज्वेलर्स विशाल वर्मा ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि इस बार सराफा बाजार में होल मूर्तियों का नया ट्रेंड भी ग्राहकों को खूब पसंद आ रहा है. ग्राहक ऐसी मूर्तियां खरीदना पसंद कर रहे हैं, जो देखने में भारी और शानदार लगती हैं, लेकिन उनका वास्तविक वजन कम होता है. उन्होंने कहा कि इन मूर्तियों का डिजाइन इस तरह तैयार किया जाता है कि कम वजन में भी इनका लुक काफी भव्य दिखाई देता है. इससे ग्राहकों को अपने बजट के अनुसार आकर्षक डिजाइन खरीदने का मौका मिल रहा है. कीमतों में राहत मिलने से लोग अब डिजाइन और वजन के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं.

चांदी की हटरी से लेकर हैंड पर्स तक की नई रेंज

उन्होंने बताया कि मूर्तियों के अलावा घरेलू इस्तेमाल और पूजा-पाठ में काम आने वाले चांदी के सामान की भी मांग बनी हुई है. बाजार में चांदी की हटरी, लोटा, गिलास, पानी की बोतल और चांदी के हैंड पर्स की नई रेंज ग्राहकों को आकर्षित कर रही है.

शादी-ब्याह और गिफ्टिंग के लिए चांदी के सामान की पसंद

वहीं, ज्वेलर्स पंकज ने बताया कि गिफ्टिंग के लिए भी लोग चांदी के सामान को प्राथमिकता दे रहे हैं. शादी-ब्याह और दूसरे खास मौकों पर व्यक्तिगत पसंद के अनुसार उपहार खरीदने का चलन बढ़ा है. डिनर सेट की मांग भी बाजार में बनी हुई है. ग्राहक चांदी में ऐसे गिफ्ट आइटम पसंद कर रहे हैं, जो आकर्षक होने के साथ लंबे समय तक यादगार भी रहें.

600 ग्राम चांदी से तैयार लकड़ी की कुर्सी बनी आकर्षण

अंबाला के सराफा बाजार में कुछ ऐसी कलाकृतियां भी मौजूद हैं, जो अपनी अनोखी बनावट के कारण लोगों का ध्यान खींच रही हैं. इनमें लकड़ी की कुर्सी पर करीब 600 ग्राम चांदी का पतरा चढ़ाकर तैयार की गई भव्य कलाकृतियां खास हैं. इनकी बारीक कारीगरी और आकर्षक डिजाइन ग्राहकों को खूब पसंद आ रहे हैं.

कुल मिलाकर, सोने-चांदी की कीमतों में आई राहत से सराफा बाजार में खरीदारी को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है. मूर्तियों से लेकर बर्तनों और गिफ्ट आइटम तक, इस बार बाजार में पारंपरिक पसंद के साथ नए डिजाइन भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं.



Source link