MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 55 जुआरी गिरफ्तार
बलौदाबाजार जिले में पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 55 जुआरियों को गिरफ्तार किया है. जिले के 7 थाना क्षेत्रों में पुलिस ने छापेमारी कर जुआ खेलते हुए आरोपियों को पकड़ा. कार्रवाई सिटी कोतवाली, सुहेला, भाटापारा शहर, पलारी, कसडोल, सिमगा और लवन थाना पुलिस ने की. गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 52 हजार रुपये नकद और ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं.
झीरम मामले में दूसरे जांच आयोग पर 21 दिसंबर को हाई कोर्ट में अंतिम सुनवाई
झीरम घाटी मामले में गठित दूसरे न्यायिक जांच आयोग को लेकर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में सुनवाई हुई. विधायक धरमलाल कौशिक की याचिका पर हाई कोर्ट ने 21 दिसंबर को अंतिम सुनवाई तय की है. तत्कालीन सरकार ने 2021 में दूसरे जांच आयोग का गठन किया था, जिसे कौशिक ने हाई कोर्ट में चुनौती दी है. मई 2022 में हाई कोर्ट ने दूसरे आयोग की जांच पर रोक लगा दी थी. अब दूसरे पक्ष ने इस रोक को हटाने की मांग की है. मामले में 21 दिसंबर को अंतिम सुनवाई होगी.
बाइक से शराब की तस्करी करते दो युवक गिरफ्तार, 68 बोतल जब्त
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपी बाइक से बिक्री के लिए देशी शराब ले जा रहे थे. पुलिस ने गोबरीपाट स्थित महामाया ढाबा के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा. उनके कब्जे से 68 बोतल यानी कुल 12.240 लीटर देशी शराब जब्त की गई. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
दिवाली से पहले ही बिगड़ी हवा, अक्टूबर में 26 दिन तक खराब रही AQI की स्थिति
भोपाल में अक्टूबर महीने से ही वायु प्रदूषण बढ़ने लगा है. दिवाली से पहले शहर की हवा कई दिनों तक असंतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई. टीटी नगर और पर्यावरण परिसर में 26 दिन तक हवा की गुणवत्ता खराब रही. वहीं, ईदगाह हिल्स में 28 अक्टूबर को AQI 183 तक पहुंच गया. अक्टूबर में टीटी नगर और पर्यावरण परिसर का औसत AQI 121.20 और ईदगाह हिल्स का 104.17 दर्ज किया गया। 27 अक्टूबर को टीटी नगर और पर्यावरण परिसर में AQI 172 रहा. यहां लगातार 22 दिनों तक AQI 100 से ऊपर दर्ज किया गया. हवा में प्रदूषण बढ़ने की प्रमुख वजह निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल, भारी वाहनों की आवाजाही, खुले में कचरा जलाना और त्योहारों के दौरान बढ़ी भीड़ बताई जा रही है. इन कारणों से PM10 का स्तर बढ़ा है. दिवाली के दौरान प्रदूषण को लेकर चिंता और बढ़ गई है.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर दौरे पर, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर दौरे पर रहेंगे. वे सुबह 10:40 बजे भोपाल से रवाना होकर 11:45 बजे डेली कॉलेज पहुंचेंगे. दोपहर 12 से 2 बजे तक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद 2:20 बजे भोपाल लौटेंगे. शाम को समत्व में जनजातीय प्रतिनिधियों के सम्मेलन, चर्चा और मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम के 49वें संचालक मंडल की बैठक में शामिल होंगे.
उज्जैन में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, बड़नगर में 481 किलो महुआ लाहन और 42 लीटर अवैध शराब जब्त
उज्जैन में थाना प्रभारी की मौत के बाद आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. सहायक आबकारी आयुक्त निधि जैन ने खुद मोर्चा संभालते हुए बड़नगर के ग्राम बलेड़ी और सिकंदरा खेड़ा में दबिश दी. कार्रवाई के दौरान 481 किलोग्राम महुआ लाहन और 42 लीटर हाथ भट्टी की अवैध शराब जब्त की गई. मामले में दो महिलाओं सहित तीन लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है. इसके अलावा, अवैध शराब की जानकारी जुटाने के लिए ग्राम कोटवारों के साथ बैठक की गई. अधिकारियों ने गांवों में शराब बनाने और बेचने वालों की सूचना तुरंत विभाग को देने के निर्देश दिए. सहायक आबकारी आयुक्त ने देर रात तक वाहन चेकिंग और निगरानी अभियान भी चलाया.
मध्य प्रदेश में 10 जनवरी से जनगणना का दूसरा चरण, पहली बार जुटेंगे जातिगत आंकड़े
मध्य प्रदेश में 10 जनवरी से जनगणना का दूसरा चरण शुरू होने की तैयारी है. इस चरण में लोगों से उनकी जाति पूछकर पोर्टल पर दर्ज की जाएगी. हालांकि, जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम नहीं होगा. दर्ज किए गए जातिगत आंकड़ों के आधार पर ओबीसी की संख्या का पता लगाया जाएगा. इस दौरान लोगों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे. जनगणना के काम में करीब 2 लाख कर्मचारी लगाए जाएंगे, जिनमें 1.78 लाख प्रगणक और 30 हजार पर्यवेक्षक शामिल होंगे.
स्वामित्व योजना के तहत मध्य प्रदेश में 15.98 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां पूरी
मध्य प्रदेश में स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है. योजना के अंतर्गत प्रदेश के सभी 55 जिलों में आवासीय भूमि का निशुल्क पंजीयन किया जा रहा है. इसका उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को उनकी जमीन का कानूनी अधिकार दिलाना है. अब तक प्रदेश में 15 लाख 98 हजार से अधिक रजिस्ट्रियां पूरी हो चुकी हैं. सभी जिलों में मुफ्त रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी है.
MP PHQ में बड़ा फेरबदल, 8 IPS अधिकारियों के बदले प्रभार
मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है. PHQ ने 8 IPS अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव करते हुए तत्काल प्रभाव से नए प्रभार सौंपे हैं. अवधेश गोस्वामी को DGP का PSO और नारकोटिक्स DIG का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. विनीत कपूर को DIG साइबर एवं सामुदायिक पुलिसिंग की जिम्मेदारी मिली है. वहीं संतोष सिंह गौर, तुषार विद्यार्थी और रघुवंश सिंह को भी नए प्रभार सौंपे गए हैं। इसके अलावा 3 AIG अधिकारियों के विभाग भी बदले गए हैं. शशांक को विशेष शाखा की जिम्मेदारी दी गई है.
चलती ट्रेन में दबोचा गया डकैती का वांटेड आरोपी, RPF ने जनरल कोच से किया गिरफ्तार
दादर-अमृतसर एक्सप्रेस में सफर कर रहे नासिक डकैती केस के फरार आरोपी गुड्डू उर्फ जयकिशन को RPF ने धौलपुर के पास गिरफ्तार कर लिया. सादे कपड़ों में तैनात जवानों ने घेराबंदी कर उसे जनरल कोच से पकड़ा. आगरा RPF ने भी एक अन्य संदिग्ध को हिरासत में लिया. मुख्य आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए नासिक पुलिस को सौंप दिया गया.