Ground Report: ‘फंसकर जाएंगे या ट्रेन के ऊपर चढ़कर, लेकिन छठ पर घर जरूर जाएंगे’, आनंद विहार स्टेशन पर छलका यात्रियों का दर्द

Ground Report: ‘फंसकर जाएंगे या ट्रेन के ऊपर चढ़कर, लेकिन छठ पर घर जरूर जाएंगे’, आनंद विहार स्टेशन पर छलका यात्रियों का दर्द


नई दिल्ली: छठ पूजा और दिवाली पर हर साल की तरह इस साल भी दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ नजर आ रही है. रेलवे ने किसी भी घटना दुर्घटना से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम कर रखे हैं. जनरल टिकट काउंटर अलग से बनाए गए हैं, ताकि यात्री जिन्होंने अपना रिजर्वेशन नहीं कराया है, वो जनरल टिकट लेकर यात्रा कर सकें.

बिना टिकट यात्री नहीं जा सकते प्लेटफार्म के अंदर

यहां जगह-जगह यात्रियों के लिए पानी की बोतले और मेडिकल ट्रीटमेंट तक की व्यवस्था की गई है. रेलवे के अंदर उन्हीं यात्रियों को प्रवेश दिया जा रहा है जो टिकट दिखाकर अंदर जा रहे हैं. बिना टिकट के कोई भी यात्री अंदर रेलवे के घूमने नहीं जा सकता और ना ही किसी को छोड़ने जा सकता है. सिर्फ टिकट वालों को ही प्रवेश दिया जा रहा है.

इसी बीच सबसे बड़ी बात यह है कि रेलवे की ओर से तमाम इंतजाम और यूपी बिहार जाने वाली तमाम ट्रेन उपलब्ध होने के बाद भी कई यात्री ऐसे हैं. जो 2 से 3 महीने पहले से ही अपनी टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी टिकट बुक नहीं हो रही है. किसी का आरोप है कि रेलवे की वेबसाइट नहीं चलती तो किसी का आरोप है कि जितने भी ट्रेन हैं. वह 3 महीने पहले से ही बुक दिखा रही हैं. सभी में लंबी वेटिंग चल रही हैं.

3 महीने से ट्रेनों में दिख रही वेटिंग

बिहार के मोतिहारी जिले के रहने वाले रंजीत कुमार ने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करते हैं. अपनी पत्नी और 2 साल के बच्चे के साथ मोतीहारी बिहार जा रहे हैं, क्योंकि छठ पूजा है, लेकिन जनरल टिकट पर वह जनरल से सफर करेंगे. वजह यह है कि बीते 3 महीने से वह अलग-अलग ट्रेनों में टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन 3 महीने पहले से ही रेलवे की ज्यादातर ट्रेन जो बिहार जाती है. मोतिहारी होते हुए उन सब में वेटिंग दिखा रहा है.

किसी में भी सीट न मिलने की वजह से अब उन्हें जनरल टिकट पर सफर करना पड़ रहा है. वहीं, उनकी पत्नी प्रिया कुमारी ने कहा कि छठ एक महापर्व है ऐसे में कैसे भी करके अपने शहर पहुंचना है. परिवार वहां इंतजार कर रहा है. फंस कर जाएंगे या ट्रेन के ऊपर चढ़कर जाएंगे, लेकिन जाएंगे जरूर. एक और यात्री उषा कुमारी ने बताया कि तमाम कोशिशें के बाद भी टिकट का रिजर्वेशन नहीं हो सका. इसलिए जनरल में सफर करने पर मजबूर हैं.

रेलवे की वेबसाइट नहीं करती काम

इस दौरान बिहार के ही रहने वाले दीपक तिवारी और उनके दोस्त रंजन उपाध्याय और विनीत पांडे इन तीनों ने बताया कि वह तीनों दोस्त हैं. एक साथ बिहार जा रहे हैं, छठ पूजा के लिए क्योंकि दिवाली और छठ पूजा हर साल अपने शहर बिहार में ही वह मनाते हैं. वह भी मोतिहारी के रहने वाले हैं, लेकिन सबसे दुखद बात यह है कि दो महीने पहले से ही अलग-अलग ट्रेनों में टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन टिकट बुक नहीं हो रही है. रेलवे की वेबसाइट ठीक से काम नहीं करती है. ज्यादातर वेबसाइट डाउन होती है. इसलिए टिकट बुक नहीं हो सकी. अब जनरल से सफर करेंगे.

वहीं, एक और यात्री राहुल कुमार सिंह ने बताया कि उनको अचानक से बिहार जाना पड़ रहा है. इसलिए उन्होंने अपना टिकट बुक नहीं करा पाए थे. अब जनरल में इतनी भीड़ देखकर डर लग रहा है कि बच्चों के साथ कैसे जाएंगे. एक और यात्री, जिनका नाम विजयश्री है. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी ट्रेन की टिकट 6 महीने पहले बुक कराई थी. इसलिए उनकी टिकट और सीट दोनों रिजर्व है. वह अपने पूरे परिवार के साथ बिहार जा रहे हैं.



Source link