Shocking News : पड़ोसी को फंसाने के लिए रची चोरी की ऐसी कहानी कि पुलिस भी रह गई हैरान, घर में ही छिपे मिले गहने और कैश!


Last Updated:

Amethi News : अमेठी के जामो थाना क्षेत्र में पड़ोसी को फंसाने के लिए महिला ने चोरी की झूठी कहानी रच दी. पुलिस जांच में गहने और नकदी घर के अंदर से ही बरामद हुए. पेड़ को लेकर पुराने विवाद में सामने आई पूरी सच्चाई. आइये जानते हैं पूरी कहानी…

Top Deals Inside

पड़ोसी को फंसाने के लिए रची चोरी की ऐसी कहानी कि पुलिस भी रह गई हैरानZoom

अमेठी से चोरी का अनोखा मामला सामने आया है.

अमेठी : उत्तर प्रदेश के अमेठी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां पड़ोसी को सबक सिखाने के चक्कर में एक महिला ने चोरी की पूरी कहानी ही गढ़ डाली. महिला ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी पेड़ के सहारे घर में घुसा और लाखों के गहने व नकदी चोरी कर ले गया. पुलिस ने भी शिकायत मिलते ही जांच शुरू कर दी, लेकिन जब घर की तलाशी और पूछताछ हुई तो चोरी की कहानी की पूरी पोल खुल गई. जिन गहनों और पैसों के गायब होने का दावा किया जा रहा था, वे घर के अंदर से ही बरामद हो गए. आखिर ये गुत्‍थी कैसे सुलझी और पुलिस ने बाद में क्‍या किया, आइये जानते हैं…

पेड़ के विवाद में पड़ोसी को फंसाने की बनाई योजना
ये पूरा मामला अमेठी के जामो थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव का है. यहां कैलाश कुमारी पत्नी रामलौट अग्रहरि ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर बताया था कि उनके घर में चोरी हो गई है. महिला का आरोप था कि पड़ोसी घर के बगल में लगे पेड़ पर चढ़कर घर के अंदर दाखिल हुआ और गहने व नकदी लेकर फरार हो गया. शिकायत मिलने के बाद जामो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने महिला और उसके परिजनों से भी पूछताछ शुरू की.

पूछताछ में खुली चोरी की कहानी की पोल
पुलिस को पूछताछ के दौरान ही मामले में कुछ गड़बड़ी का संदेह हुआ. जब पुलिस ने गहराई से छानबीन की तो पता चला कि महिला का बेटा अजय कुमार काफी समय से बीमार चल रहा है. इसी दौरान उसने घर में रखे गहने और पैसे दूसरी जगह छिपाकर रख दिए थे. घरवालों को जब सामान नहीं मिला तो इसे चोरी का रूप दे दिया गया और पड़ोसी पर आरोप लगा दिया गया. इसके बाद पुलिस ने घर के अंदर से ही गायब बताए जा रहे गहने और नकदी बरामद कर लिए.

जिस पेड़ से चोरी का आरोप, उसी को लेकर चल रहा था विवाद
जांच में इस पूरे मामले के पीछे पड़ोसी से पुराना विवाद सामने आया. दरअसल, महिला के घर के बगल में स्थित पेड़ को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था. महिला चाहती थी कि पड़ोसी उस पेड़ को कटवा दे. इसी बात को लेकर दबाव बनाने के लिए चोरी की झूठी कहानी रचने और पड़ोसी को फंसाने का आरोप सामने आया. महिला ने अपनी शिकायत में भी उसी पेड़ का जिक्र किया था, जिसके सहारे पड़ोसी के घर में घुसने की बात कही गई थी.

पुलिस जांच में चोरी की सूचना फर्जी पाई गई. घर से बरामद किए गए गहने और नकदी महिला को वापस सुपुर्द कर दिए गए. इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आपसी विवाद में किसी को फंसाने के लिए झूठी शिकायत न करें और न ही पुलिस को गुमराह करें. ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.



Source link