Madhya Pradesh 23 September Weather: सितंबर का महीना खत्म होने वाला है. लेकिन मध्य प्रदेश में बादलों की आवाजाही और बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस वक्त वैसे प्रदेश से मानसून की विदाई का प्रोसेस शुरू हो चुका होता है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में नया मौसमी सिस्टम एक बार फिर राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ाने जा रहा है. प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश देखने को मिलेगी. वहीं कई जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है.
पिछले 24 घंटे में भोपाल, रीवा, ग्वालियर, जबलपुर, शहडोल, सागर और बारिश हुई है. बाकी जिलों में मौसम गर्म रहा है. ग्वालियर में सबसे ज्यादा तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा सबसे कम तापमान धार में 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
इन जिलों में हो सकती है अति भारी बारिश
पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, उमरिया, सिवनी, मंडला, डिंडौरी, अनूपपूर, बालाघाट, शहडोल में अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा झोकेंदार हवाएं भी लोगों को परेशान कर सकती हैं. बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, बैतूल, रायसेन, सागर, विदिशा, अशोकनगर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
मुरैना, ग्वालियर, दतिया, भिंड, शिवपुरी, श्योपुर, गुना, राजगढ़, शाजापुर, भोपाल, सिहोर, देवास, खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, मंदसौर, नीमच में मौसम साफ रहने की संभावना है. लेकिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं.
भोपाल और आसपास के इलाकों का हाल
राजधानी भोपाल और इसके आसपास के क्षेत्रों में 23 सितंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 10 से 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. शहर का अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम तापमान 23°C रहने की संभावना है, जिससे मौसम में हल्की सी ठंडक और नमी बनी रहेगी.
कैसा रहेगा ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन का मौसम
इसके अलावा ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन जिलों में मुख्य रूप से आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है. इस दौरान इन तीनों जिलों और उनके आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं. इसके अलावा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. जिले में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने की आशंका भी जताई गई है. इन जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 30°C से 33°C के आसपास रहेगा, जबकि रात के समय तापमान 23°C से 25°C के बीच रहने का अनुमान है. इससे मौसम में हल्की नमी बनी रहेगी.