कोहली की फिफ्टी पड़ी फीकी, दूसरा ही वनडे खेलने वाला स्टार बना प्लेयर ऑफ द मैच
Last Updated:
anshul kamboj player of the match: तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए अपने 10 ओवर के स्पेल में सिर्फ 22 रन देकर दो विकेट चटकाए. उनकी यह गेंदबाजी विराट कोहली के 74 रन और अर्शदीप सिंह के 4 विकेट पर भारी पड़ती नजर आई. इसलिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. अंशुल कंबोज का यह दूसरा ही वनडे मुकाबला था.
अंशुल कंबोज बने प्लेयर ऑफ द मैच.
नई दिल्ली. भारत ने न्यूजीलैंड को पहले वनडे में हराकर 5 मैचों की सीरीज का धमाकेदार आगाज किया है. ऑकलैंड के ईडन पार्क में पहले अर्शदीप सिंह (4 विकेट) और गुरनूर बरार (3 विकेट) ने कहर बरपाया और फिर विराट कोहली (74 रन) ने अर्धशतकीय पारी खेलकर भारत को 5 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. हालांकि, इन सबके बीच प्लेयर ऑफ द मैच बनकर उभरा 25 साल का स्टार, जिसकी लाजवाब गेंदबाजी के आगे कोहली और अर्शदीप का प्रदर्शन भी फीका पड़ता नजर आया और इसी वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया. ये नाम और कोई नहीं, बल्कि अंशुल कंबोज का है.
अंशुल कंबोज की लाजवाब गेंदबाजी
अपना दूसरा ही वनडे मैच खेलने उतरे अंशुल ने ऐसी गेंदबाजी की कि कीवी बल्लेबाज उनके आगे एक-एक रन बनाने को तरसते नजर आए. अंशुल ने बेहद नियंत्रण के साथ गेंदबाजी की. 10 ओवर के अपने स्पेल में उन्होंने सिर्फ 22 रन ही दिए और दो विकेट भी चटकाए. इस दौरान उन्होंने दो ओवर मेडन भी फेंके. उनकी इस गेंदबाजी ने कीवी टीम को 200 रन के अंदर ढेर करने में अहम रोल निभाया. यही कारण रहा कि अंशुल को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
अर्शदीप और कोहली का भी जबरदस्त प्रदर्शन
भारत की जीत में अर्शदीप सिंह की गेंदबाजी के बाद विराट कोहली की अर्धशतकीय पारी की अहम भूमिका रही. 186 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी भारतीय टीम को पहला झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा, जब वह बिना खाता खोले आउट हो गए. इसके बाद गिल और विराट ने पारी को संभाला. बारिश की वजह से खेल दो बार बाधित हुआ. दूसरी बार बारिश की बाधा के बाद जब खेल शुरू हुआ, तो डीएलएस नियम के मुताबिक भारत को जीत के लिए 32 ओवर में 143 का लक्ष्य मिला.
भारत ने बनाई 1-0 की बढ़त
शुभमन गिल और विराट ने दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की. इस साझेदारी के दौरान लग रहा था कि भारत 9 विकेट से जीत हासिल करेगी, लेकिन ये साझेदारी टूटते ही लगातार विकेट गिरे. गिल 37 रन बनाकर 114 के स्कोर पर आउट हुए. इसके बाद 124 के स्कोर पर विराट कोहली पवेलियन लौट गए. विराट ने अर्धशतक लगाया. उन्होंने 51 गेंदों पर 1 छक्का और 13 चौकों की मदद से 74 रन बनाए. 124 के स्कोर पर ही अक्षर पटेल बिना खाता खोले आउट हुए. श्रेयस अय्यर भी 15 रन बनाकर चलते बने. हालांकि, इसके बाद केएल राहुल और नमन धीर ने भारतीय टीम को जीत दिला दी. भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है.