जलवा वही, अंदाज भी खास! अनंत सिंह की बेटी की शादी में शाही ठाठ; घुड़दौड़ जीतने वाले को मिलेगी थार रॉक्स

जलवा वही, अंदाज भी खास! अनंत सिंह की बेटी की शादी में शाही ठाठ; घुड़दौड़ जीतने वाले को मिलेगी थार रॉक्स


Last Updated:

Anant Singh Daughter Wedding: दर्जनों केस, AK-47 से लेकर मर्डर तक के आरोप, जदयू ने 6 साल के लिए निकाल दिया, विधानसभा सदस्यता रद्द करने के लिए नोटिस, सरकारी आवास खाली करने की चिट्ठी और सुप्रीम कोर्ट से बेल रद्द… मगर अब भी अंदाज ‘जलवाफरोश’ वाला है. बेटी शिवांगी की शादी तय कर दी है और इसका आयोजन सुर्खियों में हैं. तरह-तरह के पकवान, बड़े नाम वालों का जमावड़ा और भव्य घुड़दौड़ के साथ थार रॉक्स का इनाम… मोकामा विधायक अनंत सिंह के व्यक्तित्व को अगर एक लाइन में परिभाषित करना हो तो वह है- परिस्थिति कैसी भी हो, जलवा वही, अंदाज बेजोड़… जनता कहती ‘जय हो छोटे सरकार की’!

Zoom

अनंत सिंह की बेटी की शादी में घुड़दौड़, जीतने वाले को THAR ROXX

पटना. मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होने जा रही है. जहां एक ओर शादी के भव्य आयोजन की तैयारी की चर्चा है, वहीं दूसरी ओर उसी दिन घुड़दौड़ को लेकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा से सहित कई राज्यों से घुड़सवार के पहुंचने वाले हैं. घुड़दौड़ मैदान तैयार करने वाले अरुण सिंह ने बताया कि करीब 12 बीघा में ट्रैक बनेगा. उसके बाद लोगों के इस दौड़ को देखने के लिए अलग से जगह होगी. जबकि, शादी की पूरी तैयारी करने वाली कंपनी के मैनेजर प्रदीप जायसवाल ने बताया कि जयमाला की थीम जयपुर के पत्रकार चौराहे की तर्ज पर स्टेज बनेगी, जो 30 फीट ऊंची होगी, ताकि सभी लोग जयमाला देख सके.

अनंत सिंह के घर बाढ़ अनुमंडल के बाढ़ थाना अंतर्गत लदमा में विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ की एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी शादी की तैयारियों में जुटी है. कई बीघा जमीन पर टेंट-पंडाल लगाने का काम चल रहा है. शादी में कई राज्यों से घुड़सवार पहुंचेंगे और भव्य घुड़दौड़ का आयोजन किया जाएगा. विवाह के दिन दोपहर में घुड़दौड़ का आयोजन होगा, जिसमें कई राज्यों के घुड़सवार हिस्सा लेंगे. इस प्रतियोगिता में जीतने वाले घुड़सवार को थार रॉक्स गाड़ी इनाम में दी जाएगी.

अनंत सिंह अपने अंदाज के लिए हमेशा चर्चा में रहते हैं.,

25 नवंबर को शादी, कई राज्यों से पहुंचेंगे घुड़सवार

अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी पटना के बिहटा निवासी ऋषिकेश से होने जा रही है. बताया जा रहा है कि ऋषिकेश अमेरिका में रहते हैं. विवाह समारोह की तैयारियां लदमा में कई जगहों पर चल रही हैं. करीब 10 से 15 बीघा जमीन पर अलग-अलग आयोजन की व्यवस्था की जा रही है. अनंत सिंह के परिवार की ओर से शादी की तैयारियों को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में भोजपुरी और बॉलीवुड जगत की कई बड़ी हस्तियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.

अनंत सिंह के घर शादी, कलाकारों का लगेगा जमावड़ा!

बताया जा रहा है कि पवन सिंह, अक्षरा सिंह, सोनू सूद और उदित नारायण समेत करीब चालीस बड़े कलाकार समारोह में शामिल हो सकते हैं. हालांकि, सभी कलाकारों की उपस्थिति की आधिकारिक पुष्टि होनी बाकी है. अनंत सिंह के भतीजे कर्मवीर सिंह ने बताया कि शादी की तैयारी बड़े पैमाने पर की जा रही है. वहीं, अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने शादी का पहला निमंत्रण कार्ड लदमा स्थित मां ब्राह्मणी मंदिर में चढ़ाया.

पटना की सड़कों पर घोड़ा गाड़ी चलाते हुए खूब वायरल होते रहे हैं अनंत सिंह.

कानूनी और राजनीतिक मुश्किलों के बीच शादी की तैयारी

अनंत सिंह की बेटी की शादी ऐसे समय हो रही है, जब विधायक कई कानूनी और राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट ने उनकी बेल रद्द कर दी है. जेडीयू ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है. इसके अलावा सरकारी आवास खाली करने का नोटिस भी जारी हुआ है. विधानसभा सदस्यता रद्द करने की प्रक्रिया को लेकर भी राजनीतिक घटनाक्रम जारी है. जानकारी के मुताबिक, अदालत ने अनंत सिंह को 1 दिसंबर को सरेंडर करने का निर्देश दिया है.

लदमा में होने वाले आयोजन की  हो रही खूब चर्चा

इन तमाम परिस्थितियों के बीच लदमा में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. और अनंत सिंह की बेटी की शादी और घुड़दौड़ के आयोजन को लेकर इलाके में काफी चर्चा है. लादमा में होने वाली यह शादी सिर्फ एक पारिवारिक समारोह नहीं, बल्कि अनंत सिंह के आला और बेलौस अंदाज का प्रदर्शन भी है. बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए अनंत सिंह ने जहां भव्य तैयारियां की हैं, वहीं घुड़दौड़ और थार रॉक्स जैसे इनाम ने समारोह का रोमांच भी बढ़ा दिया है. अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि शादी के दिन लाडमा में जुटने वाली भीड़ और आयोजन की भव्यता कितने नए किस्से छोड़ जाती है.



Source link