Last Updated:
Giriraj Singh on Rahul Gandhi: केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पप्पू हो सकते हैं लेकिन जो वीडियो जारी किया वो लोकतंत्र का मजाक है. राहुल पर 420 का मुकदमा चलना चाहिए. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
गिरिराज सिंह का राहुल गांधी पर तीखा हमला
पटना. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी पप्पू हो सकते हैं, लेकिन वीडियो जारी कर उन्होंने लोकतंत्र का मजाक उड़ाया है. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने चुनौती स्वीकार की है. गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश की आर्थिक नाकेबंदी करना चाहते हैं और देश से प्रेम नहीं करने वाले लोग दिमागी नक्सली की तरह व्यवहार करते हैं. उन्होंने कहा कि दुनिया भारत की विकास गति की तारीफ कर रही है, लेकिन राहुल गांधी देश में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. गिरिराज सिंह ने चुनौती देते हुए कहा कि हिम्मत है तो बिना हंगामा किए सदन के भीतर बहस करें. उन्होंने यह भी कहा कि सारे नक्सली ठीक हो गए हैं, अब दिमागी नक्सलियों को ठीक करना है.
राहुल गांधी पर 420 का मुकदमा चलाने की मांग
गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर झूठ की खेती करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि एसआईआर के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राहुल गांधी राष्ट्रपति भवन और सुप्रीम कोर्ट गए, लेकिन दोनों जगह कोई सबूत नहीं दिया. गिरिराज सिंह के मुताबिक, राहुल गांधी ने सबूत भेजने की बात कही थी, लेकिन 600 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी सबूत नहीं दिए. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी राष्ट्रपति भवन में झूठ बोलकर देश में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. गिरिराज सिंह ने कहा कि ऐसे मामले में राहुल गांधी पर 420 का मुकदमा चलना चाहिए.
बिहार की नदियों से गाद निकालने पर केंद्र से एमओयू
गिरिराज सिंह ने बिहार की नदियों से गाद निकालने को लेकर केंद्र सरकार के साथ हुए एमओयू पर नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि इस परियोजना में बिहार सरकार का पैसा नहीं लगेगा. केंद्र सरकार गाद का इस्तेमाल अपनी सड़क परियोजनाओं में करेगी. इसकी शुरुआत गया की फल्गु नदी से होगी. उन्होंने कहा कि इससे नदियां साफ होंगी, जमीन में पानी का स्तर बढ़ेगा और भूजल संरक्षण में मदद मिलेगी. गिरिराज सिंह ने इसे डबल इंजन सरकार की सोच बताते हुए कहा कि इससे बिहार को कई तरह के फायदे होंगे.