Last Updated:
Bareilly Festive Season Traffic Advisory: रोशनी के त्योहार दीवाली की खरीदारी को लेकर नाथनगरी बरेली के बाजारों में जबरदस्त रौनक के साथ-साथ सड़कों पर भयंकर जाम का पहिया भी घूम चुका है. बड़े बाजार, सिविल लाइंस और राजेंद्र नगर जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्रों की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें रेंगने को मजबूर हैं. अगर आप भी घर के सामान या कपड़ों की शॉपिंग के लिए परिजनों संग निकलने की तैयारी कर रहे हैं, तो घर से कदम बाहर निकालने से पहले शहर के ट्रैफिक का यह सटीक हाल और वैकल्पिक रास्तों का नक्शा जरूर देख लें, ताकि आपका त्योहार जाम के झाम में न उलझे.
Bareilly Festive Season Traffic Advisory: उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में त्योहारों के सीजन के चलते बाजारों में भारी भीड़ और भयंकर जाम की स्थिति बनी हुई है. यदि आप भी परिवार के साथ घर की या दीवाली की खरीदारी करने के लिए निकलने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि शहर के किन रास्तों पर आपको जाम का सामना करना पड़ सकता है.
बड़े बाजार और सिविल लाइंस की स्थिति
यदि आप बड़े बाजार जाने की योजना बना रहे हैं, तो भूलकर भी फोर-व्हीलर (कार) लेकर न जाएं. बरेली शहर में सिविल लाइंस से होते हुए अयूब खान चौराहा और वहां से महादेव पुल होते हुए बड़े बाजार जाने वाले मार्ग पर लोग अक्सर फोर-व्हीलर या टू-व्हीलर का इस्तेमाल करते हैं.
अयूब खान चौराहे से लगी हुई रोड जो नॉवल्टी होते हुए बड़े बाजार को जोड़ती है और जो राजेंद्र नगर मुख्य बाजार को जोड़ती है, वहां महादेव फ्लाईओवर पर वाहनों की भारी गति और सिविल लाइंस तथा कुहाड़ा पीर के क्षेत्र में लंबा जाम लग रहा है. इसलिए इस क्षेत्र में पैदल जाएं या फिर फोर-व्हीलर व टू-व्हीलर वाहनों का इस्तेमाल करने से बचें.
दिल्ली आने-जाने वालों के लिए बाईपास का रूट
अगर आप दिल्ली की तरफ से आ रहे हैं, तो आते वक्त इनवर्टिस के तिराहे से होते हुए सीधे NH-24 और बाईपास का उपयोग कर सकते हैं. इससे आप आसानी से दिल्ली कनेक्टिविटी को जोड़ सकते हैं और यदि आप दिल्ली जाना चाहते हैं, तो सीधे बाईपास का उपयोग कर एनएच-24 हाईवे से जुड़ सकते हैं.
राजेंद्र नगर आने के लिए वैकल्पिक रूट
यदि आप राजेंद्र नगर की तरफ आना चाहते हैं, तो सिविल लाइंस होते हुए चौपुला से चलकर, चौकी चौराहे, गांधी उद्यान चौराहे से मुड़ते हुए शामगंज पुल का उपयोग कर राजेंद्र नगर आ सकते हैं और वहां खरीदारी कर सकते हैं. राजेंद्र नगर में तमाम बड़े रेस्टोरेंट और यूनीक कपड़ों के बड़े शोरूम मौजूद हैं. हालांकि, सिविल लाइंस क्षेत्र में खरीदारी के लिए जाने पर फोर-व्हीलर वाहन का इस्तेमाल बिल्कुल न करें.
खरीदारी से पहले ध्यान रखें यह जरूरी बात
त्योहारी सीजन के मद्देनजर नाथनगरी बरेली में विशेष रूप से सिविल लाइंस क्षेत्र और राजेंद्र नगर क्षेत्र को जोड़ने वाली मुख्य सड़क यातायात की वजह से बाधित रहती है. खरीदारी के लिए निकलने से पहले इन मुख्य रूटों की जानकारी अवश्य रखें.