Last Updated:
मुजफ्फरपुर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए 5 नवंबर 2026 को बीआर अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय परिसर में जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा। निजी कंपनी द्वारा 200 पदों पर बहाली होगी जिसमें 39 हजार रुपये तक सैलरी मिलेगी।
मुजफ्फरपुर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का अच्छा अवसर है। बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में विश्वविद्यालय नियोजन सूचना एवं मार्गदर्शन केन्द्र, मुजफ्फरपुर की ओर से 5 नवंबर 2026, गुरुवार को जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह कैंप बीआर अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय परिसर स्थित पुराने परीक्षा भवन में सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इसमें निजी कंपनी VISION INDIA SERVICES PRIVATE LIMITED की ओर से कुल 200 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
इस भर्ती अभियान में दो अलग-अलग पदों के लिए आवेदन और चयन की प्रक्रिया होगी। पहला पद Fix Term Contract Graduate Executive (FTCGE) का है। इस पद के लिए B.Sc या BCA उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को गुरुग्राम में काम करने का अवसर मिलेगा। इस पद के लिए कुल 100 रिक्तियां हैं और चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 39 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा।
वहीं, दूसरा पद मैनेजमेंट ट्रेनी का है। इसके लिए MBA की डिग्री रखने वाले 18 से 28 वर्ष तक के अभ्यर्थी पात्र होंगे। इस पद पर भी 100 रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। चयनित युवाओं की कार्यस्थली हाजीपुर होगी और उन्हें प्रतिमाह 10 हजार रुपये वेतन मिलेगा।
ये दस्तावेज लेकर पहुंचें अभ्यर्थी
जॉब कैंप में शामिल होने वाले इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ अपडेटेड बायोडाटा, आधार कार्ड, पैन कार्ड, संबंधित शैक्षणिक प्रमाण पत्र और दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को अपने सभी दस्तावेजों की मूल प्रति और जरूरत के अनुसार छायाप्रति भी साथ रखने की सलाह दी जाती है।
NCS पोर्टल पर निबंधन अनिवार्य
जॉब कैंप में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल पर जॉब सीकर के रूप में निबंधन कराना अनिवार्य है। जिन युवाओं का पहले से निबंधन नहीं हुआ है, उनका निबंधन कैंप के दिन नियोजन कार्यालय की ओर से किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी www.ncs.gov.in पर जाकर ऑनलाइन निबंधन भी कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय नियोजन पदाधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। यह पूरी प्रक्रिया बिल्कुल निःशुल्क हैं और बिना कोई लिखित परीक्षा दिए आपकी इसमें चयन हो सकती हैं।