जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो क्या होगा? मधुबनी गोलीकांड पर भड़के तेजस्वी यादव, बोले- कहां हैं सीएम

जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो क्या होगा? मधुबनी गोलीकांड पर भड़के तेजस्वी यादव, बोले- कहां हैं सीएम


Last Updated:

Madhubani News : बिहार के मधुबनी में पुलिस अधिकारी की ओर से गोली चलाने की घटना पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार को घेरा है. तेजस्वी ने कहा कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो क्या होगा? उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट सरकार में तबादलों से कमाई हो रही है और चंदा पहुंचाने वालों को अच्छी पोस्टिंग मिलती है.

Zoom

मधुबनी में पुलिस अधिकारी की ओर से गोली चलाने की घटना पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार को घेरा है.

पटना. बिहार के मधुबनी में पुलिस अधिकारी की ओर से गोली चलाने की घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है. तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और आम लोग सुरक्षित नहीं हैं. उन्होंने कहा कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो फिर लोगों की सुरक्षा की उम्मीद किससे की जा सकती है?

तेजस्वी यादव ने कहा कि मधुबनी में हुई घटना पहली बार नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि एक पुलिस अधिकारी पर दो लड़कियों के साथ दुष्कर्म की कोशिश का आरोप है और जब परिवार के लोग उन्हें बचाने पहुंचे तो उन पर गोली चला दी गई. उन्होंने सवाल उठाया कि घटना के बाद आरोपी पुलिस अधिकारी फरार है या उसे फरार कराया गया है? तेजस्वी ने यह भी पूछा कि क्या उसका एनकाउंटर होगा?

‘तबादलों से कमाई कर रही सम्राट सरकार’

नेता प्रतिपक्ष ने पुलिस अधिकारियों के तबादले और पोस्टिंग को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी की सरकार में तबादलों से कमाई हो रही है. तेजस्वी के मुताबिक, जो लोग चंदा पहुंचाते हैं, उन्हें अच्छी पोस्टिंग मिलती है. उन्होंने मधुबनी और दरभंगा में बढ़ते अपराध का हवाला देते हुए सवाल किया कि वहां के एसपी का तबादला क्यों नहीं किया जा रहा है?

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री के अपराधियों के एनकाउंटर संबंधी बयान पर भी सवाल उठाया. उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री कहां हैं और इस घटना पर जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं? उन्होंने मुख्यमंत्री को ‘10 नंबरी’ बताते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री की छवि पर ही सवाल हों तो पुलिस से क्या उम्मीद की जा सकती है. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में राक्षस राज कायम हो चुका है और कोई भी व्यक्ति खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है.

मुजफ्फरपुर हादसे पर जताई संवेदना

मुजफ्फरपुर में गोबरसही के पास गैस लाइन फटने की घटना पर तेजस्वी यादव ने दुख जताया. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.

SIR पर विशेष सत्र बुलाने की मांग

SIR के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विशेष सत्र बुलाने की बात पर भी तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि विशेष सत्र बुलाएं या नहीं, उन्होंने रामलीला मैदान से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने सवाल रखा था. तेजस्वी ने कहा कि प्रधानमंत्री को देश और ‘ज्ञानू’ के बीच किसी एक को चुनना होगा. अब देखना है कि प्रधानमंत्री देश को चुनते हैं या अपने प्यारे ‘ज्ञानू’ को.



Source link