बिल्टी चावल की पर कंटेनर में शराब! बिहार में तस्करों का नया खेल मुंगेर पुलिस ने पकड़ा, दीपावली में खपाने की थी तैयारी

बिल्टी चावल की पर कंटेनर में शराब! बिहार में तस्करों का नया खेल मुंगेर पुलिस ने पकड़ा, दीपावली में खपाने की थी तैयारी


Last Updated:

Munger Liquor Seizure: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है. मुंगेर में पुलिस ने तस्करी के एक नए तरीके का खुलासा किया है. तस्कर चावल की बिल्टी बनाकर कंटेनर में अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप ले जा रहे थे. इसी क्रम में मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु के पास पुलिस ने कंटेनर को पकड़कर बड़ी मात्रा में शराब बरामद की है. इस मामले में उत्तर प्रदेश के एक चालक को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात शराब तस्करों का जुगाड़ है जो हर दिन नये रूप में सामने आ रहा है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

मुंगेर में 200 पेटी विदेशी शराब के साथ चालक गिरफ्तार

मुंगेर. बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन शराब माफियाओं के लिए यह कानून मानो कमाई का नया जरिया बन गया है. चोरी-छिपे शराब की तस्करी कर माफिया लाखों-करोड़ों का काला कारोबार चला रहे हैं. दीपावली जैसे त्योहारों पर शराब की बढ़ती खपत को भुनाने के लिए तस्करों ने तस्करी का नया तरीका अपनाया. चावल की बिल्टी बनाकर कंटेनर में अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप भेजी जा रही थी, लेकिन शराब माफियाओं की यह चालाकी मुंगेर में पुलिस ने पकड़ ली और पूरे खेल का खुलासा हो गया.

चावल की बिल्टी, कंटेनर में अंग्रेजी शराब

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, श्रीकृष्ण सेतु के पास एसपी की आसूचना इकाई (Intelligence Unit) की टीम ने गुप्त सूचना पर घेराबंदी कर शराब से लदे कंटेनर को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान कंटेनर से 200 से अधिक पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई. पुलिस ने कंटेनर चालक को भी गिरफ्तार कर लिया.

धनबाद से मोतिहारी तक पहुंचाने की थी तैयारी

सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद, के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि श्रीकृष्ण सेतु के रास्ते कंटेनर में शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है. इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर कंटेनर को पकड़ लिया. जांच में सामने आया कि तस्करों ने पुलिस और जांच एजेंसियों को चकमा देने के लिए चावल की बिल्टी तैयार कराई थी, जबकि कंटेनर के अंदर अंग्रेजी शराब भरी हुई थी. गिरफ्तार चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के बेलारी थाना क्षेत्र के तेवरखास गांव निवासी मेहरबान के रूप में हुई है. पूछताछ में चालक ने बताया कि धनबाद से चावल की बिल्टी देकर कंटेनर को मुजफ्फरपुर से आगे मोतिहारी जिला के पिपरा कोठी पहुंचाने का निर्देश दिया गया था. लेकिन कागजों में चावल और कंटेनर में शराब की खेप थी. आशंका है कि दीपावली के दौरान बाजार में शराब खपाने की तैयारी थी.

लगातार दूसरे दिन बड़ी बरामदगी

शराब तस्करी के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई को लेकर सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने कहा कि मुंगेर में शराबबंदी को सफल बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में काम कर रही है. यही कारण है कि लगातार दो दिनों से मुफस्सिल थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन और बड़े कंटेनर ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है. इन दोनों मामलों में शराब तस्करों की गिरफ्तारी भी की गई है.

शराबबंदी के बावजूद कैसे पहुंच रही बड़ी खेप?

बता दें कि पुलिस शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. लेकिन, सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस बिहार में शराब की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है, वहां आखिर इतनी बड़ी खेप लगातार कैसे पहुंच रही है? शराबबंदी के बावजूद तस्करों के हौसले बुलंद हैं और त्योहारों के मौके पर अवैध कारोबार के जरिए मोटी कमाई की जा रही है. इससे पहले भी श्रीकृष्ण सेतु के रास्ते 143 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई थी.

असली सरगना तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती

लगातार दूसरे दिन बड़ी बरामदगी इस बात का संकेत है कि शराब तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है. अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ चालकों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि इस काले कारोबार के असली सरगना, शराब के सप्लायर और खरीदारों तक पहुंचना है. सवाल साफ है-शराबबंदी के बिहार में आखिर किसके इशारे पर फल-फूल रहा है शराब माफियाओं का यह काला साम्राज्य.



Source link