IPL: अर्शदीप को निकाल रही पंजाब किंग्स, पंड्या के लिए मुंबई से ट्रेड डील फाइनल
Last Updated:
Hardik Pandya Arshdeep Singh IPL Trade: अगर हार्दिक पंड्या के बदले अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस जाते हैं तो पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी एक और डील कर सकती है. फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ एक स्वैप (अदला-बदली) डील के जरिए बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान को मांगकर ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस को दे सकती है. वैसे भी हार्दिक के आने से स्टोइनिस का रोल कम हो जाएगा.
अर्शदीप सिंह और हार्दिक पंड्या का ट्रेड हुआ तो आईपीएल के इतिहास में इसे सबसे बड़ा बदलाव माना जा सकता है.
नई दिल्ली: नंबर एक T20 गेंदबाज रहे अर्शदीप सिंह को ट्रेड कर पंजाब किंग्स (PBKS) मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को अपनी टीम में शामिल करने के काफी करीब है. इंडियन प्रीमियर लीग 2027 सीजन से पहले इस चौंकाने वाले खुलासे से ट्रेड से पूरा क्रिकेट जगत सन्न है. कहा जा रहा है कि पंजाब और मुंबई इंडियंस के बीच बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है. ‘स्पोर्टस्टार’ को मिली जानकारी के तहत अर्शदीप सिंह और विकेटकीपर बल्लेबाज विष्णु विनोद के मुंबई इंडियंस में जाने की संभावना है.
अगले हफ्ते तक हो जाएगा ऐलान
दोनों फ्रेंचाइजी का सीनियर मैनेजमेंट इस प्रस्तावित अदला-बदली पर लगभग सहमत हो गया है. इसकी घोषणा 17 नवंबर की ‘रिटेंशन’ समय-सीमा से पहले इस सप्ताह के अंत तक हो जाएगी. इस डील की पहल मुंबई इंडियंस की ओर से की गई. पंजाब किंग्स भी अपनी टीम में एक मैच विनिंग ऑलराउंडर चाहता था. जब PBKS ने हार्दिक के ऑफर में हामी भरी तो बातचीत अर्शदीप और विष्णु पर आकर फोकस हो गई.
केकेआर से क्यों नहीं बनी ट्रेड की बात?
मुंबई इंडियंस ने कम से कम तीन अन्य फ्रेंचाइजी के साथ भी हार्दिक पंड्या को ट्रेड करने के लिए बातचीत की थी, लेकिन कहीं भी डील फाइनल नहीं हो पाई. पंजाब किंग्स के अलावा कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) ही एकमात्र ऐसी टीम थी, जिसके साथ मुंबई इंडियंस की बातचीत काफी आगे तक बढ़ गई थी, मगर केकेआर पंड्या के बदले हर्षित राणा और अंगकृष रघुवंशी दोनों को सौंपने को तैयार नहीं था.
18 करोड़ में पंजाब के लिए खेल रहे थे अर्शदीप
अर्शदीप सिंह को पंजाब किंग्स ने 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया था, लेकिन बाद में ‘राइट टू मैच’ (RTM) कार्ड का इस्तेमाल करके उन्हें वापस टीम में शामिल कर लिया गया था. सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी सफल बोली को 15.75 करोड़ रुपये तक बढ़ाया, जिसके बाद 18 करोड़ रुपये की बोली लगी और अर्शदीप सिंह दोबारा पंजाब किंग्स के पास चले गए. दूसरी ओर आईपीएल 2024 से पहले हार्दिक पंड्या को मुंबई इंडियंस ने ऑल कैश डील के तहत गुजरात टाइटंस से खरीदा था. 2022 में गुजरात को कप्तान बनाने और 2023 में फाइनल में पहुंचाने के बाद वह जब बतौर कप्तान मुंबई इंडियंस आए तो कुछ खास नहीं कर पाए. बीते तीन सीजन में मुंबई की टीम दो बार पॉइंट्स टेबल में सबसे टॉप पर रही.