Last Updated:
मध्यप्रदेश पहली बार एशियन वूमेंस हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी-2026 की मेजबानी करेगा. भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक होने वाली प्रतियोगिता में भारत, जापान, चीन समेत 6 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी. मुकाबलों का लाइव प्रसारण 166 देशों में किया जाएगा. खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने मध्य प्रदेश के पहली बार इंटरनेशनल मैच होस्टिंग करने पर खुशी जताई.
भोपाल में 19 नवंबर से एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियनशिप शुरू होगी.
रिपोर्ट- तनुश्री गुप्ता, भोपाल. मध्यप्रदेश के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. एमपी पहली बार एशियन वूमेंस हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी-2026 की मेजबानी करेगा. 19 से 28 नवंबर तक अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भोपाल में इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. इसमें भारत समेत 6 देशों की शीर्ष महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी. प्रतियोगिता के मुकाबलों का सीधा प्रसारण 166 देशों में किया जाएगा. खेल मंत्री विश्वास सारंग की उपस्थिति में आयोजन से संबंधित एमओयू की महत्वपूर्ण प्रक्रिया पूरी की गई. मंत्री सारंग ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे. टूर्नामेंट में भारत, जापान, चीन, मलेशिया, कोरिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी. करीब 150 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.
प्रतियोगिता के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विशेष तैयारियां की जा रही हैं. करीब 5 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में फ्लड लाइट की रोशनी में रोमांचक डे-नाइट मुकाबले खेले जाएंगे. आयोजन को लेकर भोपाल सहित पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल बनाने की तैयारी है. इसके लिए विशेष ट्रॉफी टूर भोपाल से शुरू होगा, जो मध्यप्रदेश के सभी संभागों तक पहुंचेगा. टूर्नामेंट के दौरान जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान और लोककलाओं को बढ़ावा देने के लिए विशेष ट्राइबल फूड एंड आर्ट स्टॉल भी लगाए जाएंगे. इससे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और दर्शकों को मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का मौका मिलेगा.
हॉकी में मध्यप्रदेश की बेटियों का शानदार प्रदर्शन
खेल मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, “भोपाल को हॉकी की नर्सरी कहा जाता है. प्रदेश ने कई ऐसे खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है. मध्यप्रदेश की महिला हॉकी खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अब तक 18 स्वर्ण, 11 रजत और 7 कांस्य सहित कुल 36 पदक जीते हैं. वहीं राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों के नाम 74 स्वर्ण, 34 रजत और 33 कांस्य सहित कुल 141 पदक दर्ज हैं. मंत्री के मुताबिक, मध्यप्रदेश की 3 महिला हॉकी खिलाड़ियों ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया. इसके अलावा मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की 7 महिला खिलाड़ी ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं.
मध्य प्रदेश में 27 हॉकी फीडर सेंट
मध्यप्रदेश में हॉकी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. प्रदेश में फिलहाल 27 हॉकी फीडर सेंटर और 13 खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर संचालित हैं. खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए 22 हॉकी एस्ट्रोटर्फ उपलब्ध हैं, जबकि 7 नए एस्ट्रोटर्फ का निर्माण जारी है. मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया जैसी पहल से देश में खेलों को जनआंदोलन बनाने का प्रयास किया जा रहा है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में खेल अधोसंरचना और खिलाड़ियों की सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य खेल, खिलाड़ी और खेल मैदानों का उन्नयन करना है. एशियन वूमेंस हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी के आयोजन से भोपाल को अंतरराष्ट्रीय हॉकी के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी