UP Special TET 2026: यूपी स्पेशल टीईटी क्यों हो रही है, कौन दे सकता है परीक्षा और पास करने पर क्या मिलेगा?

UP Special TET 2026: यूपी स्पेशल टीईटी क्यों हो रही है, कौन दे सकता है परीक्षा और पास करने पर क्या मिलेगा?


UP Special TET 2026: उत्तर प्रदेश में 3 नवंबर 2026 को स्पेशल शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी यूपी स्पेशल टीईटी आयोजित की जा रही है. इस परीक्षा को लेकर कई शिक्षकों के मन में सवाल हैं कि आखिर यह सामान्य टीईटी से अलग क्यों है, इसे कौन दे सकता है और परीक्षा पास करने के बाद क्या फायदा मिलेगा. दरअसल यह परीक्षा शिक्षक भर्ती के लिए नहीं बल्कि पहले से नौकरी कर रहे एक खास वर्ग के शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्य योग्यता हासिल करने का मौका देने के लिए आयोजित की जा रही है. इसका सीधा संबंध उनकी नौकरी जारी रखने की पात्रता से है.

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने परीक्षा के प्रवेश पत्र अपनी आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जारी कर दिए हैं. परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को केंद्र पर जाने से पहले प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और फोटो सहित जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे. आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और जांच के इंतजाम किए हैं. ऐसे में नियमों का पालन नहीं करने पर उम्मीदवार को परीक्षा में बैठने से रोका जा सकता है.

सबसे पहले समझें, यूपी स्पेशल टीईटी क्या है?

टीईटी यानी शिक्षक पात्रता परीक्षा एक ऐसी योग्यता परीक्षा है जिसे शिक्षक बनने के लिए निर्धारित न्यूनतम योग्यताओं में शामिल किया गया है. शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत आने वाले स्कूलों में शिक्षक नियुक्त करने के लिए टीईटी पास करना जरूरी योग्यता है. सुप्रीम कोर्ट ने भी अपने फैसले में स्पष्ट किया है कि यह शर्त केवल नए शिक्षकों की नियुक्ति तक सीमित नहीं है बल्कि इसके दायरे में आने वाले पहले से नौकरी कर रहे शिक्षकों पर भी लागू होती है.

इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित करने का फैसला किया है. इसका उद्देश्य पहले से सेवा में कार्यरत उन शिक्षकों को टीईटी पास करने का अवसर देना है जिन्हें नियुक्ति के समय इस योग्यता की जरूरत नहीं थी लेकिन बाद में कानूनी व्यवस्था के तहत उनके लिए भी इसे अनिवार्य कर दिया गया इसलिए यूपी स्पेशल टीईटी को सामान्य शिक्षक भर्ती परीक्षा या नई नौकरी पाने का रास्ता नहीं समझना चाहिए. यह पहले से कार्यरत निर्धारित श्रेणी के शिक्षकों के लिए अपनी सेवा से जुड़ी जरूरी योग्यता पूरी करने का अवसर है.

यूपी स्पेशल टीईटी किन शिक्षकों के लिए है?

यह परीक्षा सभी उम्मीदवारों के लिए नहीं है. इसका दायरा मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश में पहले से सेवा दे रहे उन शिक्षकों तक सीमित है जिन्हें सरकार के निर्धारित आदेश के तहत इस परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई है. सरकारी आदेश और इससे जुड़े न्यायिक रिकॉर्ड के मुताबिक इसमें 23 अगस्त 2010 से पहले नियुक्त किए गए पात्र सेवारत शिक्षकों को शामिल किया गया है.

इसमें स्थानीय निकायों के अधीन काम करने वाले शिक्षक, राज्य सरकार या बेसिक शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त संस्थानों में कार्यरत शिक्षक और सरकार से सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षक शामिल हैं. इसके अलावा विशेष जरूरत वाले बच्चों यानी दिव्यांग बच्चों को पढ़ाने वाले विशेष शिक्षक भी निर्धारित शर्तों के तहत इस परीक्षा के दायरे में रखे गए हैं. इनमें अनुबंध और दैनिक वेतन के आधार पर काम करने वाले कुछ विशेष शिक्षक भी शामिल हैं.ध्यान रखने वाली बात यह है कि केवल पहले से पढ़ाने का अनुभव होने से कोई भी व्यक्ति इस परीक्षा के लिए पात्र नहीं हो जाता. उम्मीदवार का संबंधित श्रेणी में होना और सरकार की ओर से तय पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी है.

क्या शिक्षामित्र भी दे सकते हैं यह परीक्षा?

इस परीक्षा को लेकर शिक्षामित्रों की पात्रता का सवाल भी उठा था. इलाहाबाद हाईकोर्ट में इस संबंध में याचिका दाखिल की गई थी. याचिकाकर्ताओं ने मांग की थी कि शिक्षामित्रों को भी स्पेशल टीईटी में शामिल होने का मौका दिया जाए हालांकि 1 अक्टूबर 2026 को दिए गए फैसले में हाईकोर्ट ने स्पेशल टीईटी के लिए निर्धारित पात्रता का दायरा बढ़ाने की मांग स्वीकार नहीं की. अदालत ने कहा कि यह परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत पहले से सेवा में कार्यरत निर्धारित श्रेणी के शिक्षकों को टीईटी की योग्यता हासिल करने का अवसर देने के लिए है. इसे सामान्य टीईटी की तरह सभी उम्मीदवारों के लिए दूसरी परीक्षा या नया मौका नहीं माना जा सकता.इसका मतलब है कि शिक्षामित्र केवल शिक्षण कार्य से जुड़े होने के आधार पर इस विशेष परीक्षा में शामिल होने का अधिकार नहीं मांग सकते. उन्हें सामान्य टीईटी के लिए लागू पात्रता और संबंधित नियमों के अनुसार ही अवसर मिलेगा.

SC के किस फैसले के बाद शुरू हुई स्पेशल टीईटी?

यूपी स्पेशल टीईटी की जरूरत को समझने के लिए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को जानना जरूरी है. शीर्ष अदालत ने 1 सितंबर 2025 को दिए गए फैसले में स्पष्ट किया था कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के दायरे में आने वाले स्कूलों के शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्य योग्यता है. यह नियम पहले से नौकरी कर रहे संबंधित शिक्षकों पर भी लागू होगा.

सुप्रीम कोर्ट ने ऐसे सेवारत शिक्षकों को टीईटी पास करने के लिए समय दिया था जिनकी सेवानिवृत्ति में पांच साल से ज्यादा का समय बचा है. इसके बाद 29 मई 2026 को समीक्षा याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए अदालत ने योग्यता हासिल करने की समयसीमा 31 अगस्त 2027 से बढ़ाकर 31 अगस्त 2028 कर दी.

अदालत ने राज्यों और संबंधित अधिकारियों से यह भी कहा कि वे टीईटी परीक्षा नियमित रूप से आयोजित करने का प्रयास करें, बेहतर होगा कि साल में दो बार परीक्षा हो ताकि पात्र शिक्षकों को जरूरी योग्यता हासिल करने के पर्याप्त अवसर मिल सकें. इसी कानूनी पृष्ठभूमि में उत्तर प्रदेश सरकार ने 2 सितंबर 2026 को विशेष टीईटी आयोजित करने का आदेश जारी किया.

यूपी स्पेशल टीईटी पास करने पर क्या फायदा होगा?

इस परीक्षा को पास करने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि संबंधित शिक्षक टीईटी की अनिवार्य योग्यता हासिल कर सकेंगे. इससे उन्हें सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत तय समयसीमा में अपनी सेवा से जुड़ी जरूरी शर्त पूरी करने में मदद मिलेगी.सुप्रीम कोर्ट ने टीईटी को संबंधित शिक्षकों की सेवा जारी रखने के लिए अनिवार्य योग्यता माना है. इसके अलावा पदोन्नति यानी प्रमोशन के लिए भी टीईटी पास होना जरूरी है. ऐसे में जिन शिक्षकों पर यह नियम लागू होता है, उनके लिए परीक्षा पास करना नौकरी जारी रखने और आगे पदोन्नति के योग्य बने रहने के लिहाज से महत्वपूर्ण है हालांकि स्पेशल टीईटी पास करने का मतलब यह नहीं है कि शिक्षक को अपने आप प्रमोशन मिल जाएगा या किसी नई नौकरी पर नियुक्ति मिल जाएगी. इस परीक्षा से कोई नया पद नहीं बनता और न ही इसमें सफल होने वाले शिक्षकों को अपने आप नियुक्ति का अधिकार मिलता है. प्रमोशन और दूसरी सेवा संबंधी प्रक्रियाओं के लिए संबंधित नियमों और निर्धारित शर्तों का पालन करना होगा.इसी तरह यह परीक्षा उन लोगों के लिए भी नई भर्ती का विकल्प नहीं है जो शिक्षक बनना चाहते हैं लेकिन अभी किसी स्कूल में कार्यरत नहीं हैं. ऐसे उम्मीदवारों को सामान्य टीईटी और भर्ती के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार ही आगे बढ़ना होगा.

यूपी स्पेशल टीईटी का एडमिट कार्ड कैसे करें डाउनलोड

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने स्पेशल टीईटी के प्रवेश पत्र अपनी आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जारी कर दिए हैं. परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं.परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र की छपी हुई प्रति ले जाना अनिवार्य है. मोबाइल फोन में प्रवेश पत्र की पीडीएफ दिखाकर प्रवेश पाने की कोशिश न करें. डिजिटल प्रवेश पत्र मान्य नहीं होगा. इसलिए परीक्षा से पहले प्रवेश पत्र डाउनलोड करके उसका प्रिंट निकाल लें.प्रवेश पत्र पर अपना नाम, फोटो, परीक्षा केंद्र का पता और परीक्षा से जुड़ी दूसरी जानकारी भी अच्छी तरह जांच लें. यदि इसमें कोई गलती दिखाई देती है तो समय रहते संबंधित अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखें.



Source link