Last Updated:
KGMU Dr. Rameez Case : लखनऊ के चर्चित मामले में आरोपी डॉक्टर पर प्रेम पत्र लिखने का एक ऐसा तरीका अपनाया जिसे जानकर कोई भी हैरान रह जाए. पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि केजीएमयू के पूर्व एमडी पैथोलॉजी छात्र डॉ. रमीज उर्फ रमीजुद्दीन लड़कियों को प्रभावित करने के लिए मुर्गे के खून से प्रेम पत्र लिखता था.
केजीएमयू के डॉ. रमीज.
लखनऊ: यूपी के लखनऊ के चर्चित डॉक्टर रमीजुद्दीन मामले में पुलिस पूछताछ और पीड़िता के बयान से कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं. आरोप है कि केजीएमयू के पूर्व एमडी पैथोलॉजी छात्र डॉ. रमीज उर्फ रमीजुद्दीन लड़कियों को आकर्षित करने के लिए मुर्गे के खून से प्रेम पत्र लिखता था. वह युवतियों को बताता था कि ये पत्र उसके अपने खून से लिखे गए हैं. पीड़िता ने रमीज और उसके परिवार पर यौन शोषण, मारपीट, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और निजी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं.
डांस प्रैक्टिस के बहाने फ्लैट पर बुलाया
पीड़िता का कहना है कि उसकी मुलाकात रमीज से मेडिकल की पढ़ाई के दौरान हुई थी. पहली बार 2011 में दिवाली के दिन रमीज ने फोन कर शुभकामनाएं दी थीं. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी. दिसंबर 2012 में रमीज ने उसे आगरा के साबुन कटरा स्थित फ्लैट पर डांस प्रैक्टिस के बहाने बुलाया. आरोप है कि वहां उसे नशीला पेय दिया गया और उसके साथ जबरदस्ती की गई. बाद में रमीज ने मैसेज कर माफी मांगी और शादी का भरोसा दिया.
निजी वीडियो बनाकर रिश्ते तुड़वाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि रमीज ने अलग-अलग मौकों पर उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो बनाए. वर्ष 2014 में दिल्ली के एम्स कॉलेज फेस्टिवल के दौरान भी नशीला पदार्थ देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया गया है. पीड़िता के मुताबिक, 2012 से 2025 तक शादी का भरोसा देकर उसका शोषण किया गया. वर्ष 2016 में गर्भवती होने पर आरोपी ने कथित तौर पर शादी से इनकार कर दिया और गर्भपात का दबाव बनाया. पीड़िता का दावा है कि बाद में उसकी निजी तस्वीरें संभावित मंगेतरों को भेजी गईं, जिससे पांच से सात रिश्ते टूट गए.
लखनऊ में साथ रहने पर बढ़ी प्रताड़ना
पीड़िता के मुताबिक, 2023 में रमीज के कहने पर वह लखनऊ आ गई. अक्टूबर में आरोपी के माता-पिता की सलाह पर दोनों एक फ्लैट में रहने लगे. आरोप है कि वहां भी उसके साथ जबरदस्ती, मारपीट और घरेलू काम कराने जैसी घटनाएं हुईं. उससे खाना बनवाने और सफाई के साथ टॉयलेट साफ करवाने तक का काम लिया जाता था. विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी. जून-जुलाई 2025 के आसपास सिर दीवार में मारने और बेहोश होने का भी आरोप लगाया गया है.
धर्म परिवर्तन और निकाह के लिए दबाव बनाने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 2024 में होली से पहले रमीज के माता-पिता ने उससे धर्म परिवर्तन करने को कहा. जनवरी 2025 में भी निकाह और धर्म बदलने का दबाव बनाया गया. आरोप है कि निजी वीडियो माता-पिता को दिखाकर बदनामी का डर पैदा किया गया. फरवरी में एक कमरे में काजी बुलाकर उससे तीन बार ‘कबूल है’ कहलवाया गया. पीड़िता का दावा है कि निकाहनामा पहले से तैयार था और उस पर उससे और उसके पिता से हस्ताक्षर कराए गए. इसके बाद बुर्का पहनने, मुस्लिम पहचान अपनाने और खानपान बदलने का दबाव बनाया गया.
मोबाइल में रखता था युवतियों के निजी वीडियो
पुलिस पूछताछ से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवतियों के निजी वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड करके रखता था. आरोप है कि शादी तय होने पर वह ये वीडियो उनके होने वाले पतियों को भेज देता था, ताकि रिश्ते टूट जाएं. फिलहाल पीड़िता के बयान में सामने आए इन आरोपों की जांच और मामले में पुलिस की कार्रवाई अहम है.