Last Updated:
NTA NEET UG 2027 Schedule: नीट यूजी 2027 टाइमलाइन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा. नंदन नीलेकणि टास्क फोर्स की रिपोर्ट जनवरी में आएगी. माना जा रहा है कि इसके बाद एनटीए फरवरी 2027 में नीट यूजी परीक्षा का शेड्यूल जारी कर सकता है. जानिए नीट यूजी परीक्षा कैसे होगी और इससे जुड़े नए अपडेट्स.
NTA NEET UG 2027 Schedule: नीट यूजी परीक्षा शेड्यूल जनवरी के बाद जारी होगा
नई दिल्ली (NEET UG 2027 Schedule). देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा यानी नीट यूजी 2027 शेड्यूल का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए काम की खबर है. मेडिकल कॉलेज में एडमिशन का सपना संजोए बैठे युवाओं को नीट यूजी 2027 परीक्षा शेड्यूल के लिए इंतजार करना पड़ सकता है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जेईई मेन 2027 का शेड्यूल जारी कर दिया है. लेकिन मेडिकल प्रवेश परीक्षा की डेट्स पर संशय है. यह देरी एग्जाम सिस्टम में किए जा रहे बदलावों की वजह से हो रही है.
जनवरी 2027 में आएगी नीलेकणि कमेटी की रिपोर्ट
राष्ट्र स्तर की बड़ी परीक्षाओं की साख बचाने के लिए केंद्र सरकार ने इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में 6 सदस्यीय टास्क फोर्स का गठन किया है. इस कमेटी का मुख्य काम एग्जाम सिस्टम में ट्रांसपेरेंसी लाना और सुरक्षा के नियम तय करना है. देशभर के शिक्षकों, अभिभावकों, छात्रों और विशेषज्ञों ने इस कमेटी को 50,000 से अधिक सुझाव दिए हैं. इस रिपोर्ट को अक्टूबर 2026 तक सौंपा जाना था. लेकिन सुप्रीम कोर्ट में दिए गए नए हलफनामे के मुताबिक, रिपोर्ट जनवरी 2027 में सौंपी जाएगी.
CBT मोड और AI बेस्ड सुरक्षा की तैयारी
नीलकेणि कमेटी की रिपोर्ट NEET UG 2027 के भविष्य की दिशा तय करेगी. नीट यूजी परीक्षा को पेन-पेपर मोड से बदलकर कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में कराने पर जोर दिया जा रहा है. नंदन नीलेकणि पहले भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से प्रश्नपत्र तैयार करने और परीक्षा केंद्र पर ही पेपर प्रिंट करने जैसे सुझाव दे चुके हैं. CBT मोड में परीक्षा कराने के लिए लॉजिस्टिक्स, कंप्यूटर लैब और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने होते हैं. इसलिए NTA पूरी रिपोर्ट की स्टडी करने के बाद ही अगला कदम उठाएगा.
शेड्यूल फरवरी 2027 में क्यों जारी होगा?
टास्क फोर्स अपनी फाइनल रिपोर्ट जनवरी 2027 के अंत तक सौंपेगी. इसलिए NTA उसके सुझावों को अपने परीक्षा कैलेंडर में शामिल करने के लिए फरवरी 2027 का समय चुन सकता है. ऑनलाइन मोड में परीक्षा होने पर पेपर कई शिफ्ट या दिनों में हो सकते हैं. इसके लिए व्यवस्थित ब्लूप्रिंट की जरूरत होती है. जो उम्मीदवार अभी से तारीखों का कयास लगा रहे हैं, उन्हें फरवरी तक का इंतजार करना पड़ सकता है. यह इंतजार भले ही लंबा लगे, लेकिन यह भविष्य की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी कदम साबित होगा.