Helicopters Collides in Nepal: Helicopter accident| दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराए 1 टूरिस्ट की गई जान नेपाल में लैंडिंग के वक्त हुआ हादसा

Helicopters Collides in Nepal: Helicopter accident| दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराए 1 टूरिस्ट की गई जान नेपाल में लैंडिंग के वक्त हुआ हादसा


Last Updated:

Two Helicopters Collide: नेपाल के सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे इलाके में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. यहां लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए. इस दुर्घटना में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया.

ख़बरें फटाफट

Zoom

हेलीकॉप्टर्स आपस में भिड़े, एक की मौत. (सोशल मीडिया स्क्रीनशॉट)

काठमांडू: नेपाल के पहाड़ी इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ. सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे इलाके में लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए. इस दुर्घटना में एक विदेशी नागरिक की जान चली गई, जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जिला पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजकर 11 मिनट पर हुई.

दोनों हेलिकॉप्टर एयर डायनेस्टी और फिशटेल एयर कंपनियों के थे. दोनों हेलिकॉप्टर खुम्बु पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 स्थित फेरीचे में उतरने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान वे एक-दूसरे से टकरा गए और दुर्घटनाग्रस्त हो गए. पुलिस निरीक्षक और जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी मौसम तामांग ने बताया कि हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत हुई है. हालांकि मृतक की राष्ट्रीयता और पहचान की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है. पुलिस उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी जुटा रही है.

हेलीकॉप्टर भिड़ने में कितना हुआ नुकसान?

इस दुर्घटना में एक अन्य यात्री भी घायल हुआ है. पुलिस के अनुसार, घायल को तुरंत बेहतर इलाज के लिए लुकला पहुंचाया गया. इसके लिए प्रभु एयर के हेलिकॉप्टर की मदद ली गई. वहां उसे शुरुआती उपचार दिया गया. हालांकि घायल की मौजूदा हालत को लेकर अभी तक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. हादसे के समय दोनों हेलिकॉप्टरों में कितने यात्री और चालक दल के सदस्य मौजूद थे, इसकी पूरी जानकारी भी फिलहाल उपलब्ध नहीं है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय हेलिकॉप्टरों में कौन-कौन सवार था और हादसे में अन्य किसी व्यक्ति को नुकसान तो नहीं पहुंचा.

दुर्घटना के कारणों की हो रही है जांच 

फेरीचे हिमालयी क्षेत्र में स्थित एक प्रमुख स्थान है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक और पर्वतारोही आते हैं. ऐसे में हेलिकॉप्टर सेवाएं यहां आवाजाही का अहम साधन हैं. फिलहाल दुर्घटना की असली वजह साफ नहीं हो पाई है. शुरुआती जानकारी में केवल लैंडिंग के दौरान दोनों हेलिकॉप्टरों के टकराने की बात सामने आई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा.



Source link