Jaipur Diwali Traffic Plan: जयपुर में दिवाली की खरीदारी से पहले जान लें कौन से रास्ते हैं बंद, कहां से मिलेगी एंट्री

Jaipur Diwali Traffic Plan: जयपुर में दिवाली की खरीदारी से पहले जान लें कौन से रास्ते हैं बंद, कहां से मिलेगी एंट्री


जयपुर. दीपावली पर बाजारों की रोशनी देखने और खरीदारी के लिए घर से निकलने की योजना बना रहे हैं तो ट्रैफिक प्लान जरूर देख लें. धनतेरस से गोवर्धन पूजा तक जयपुर के परकोटे और प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं. यातायात पुलिस ने 6 से 9 नवंबर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने का फैसला किया है. इस दौरान शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक परकोटा, एमआई रोड और संसार चंद्र रोड पर सिटी और टूरिस्ट बसों के साथ ई-रिक्शा और ऑटो के संचालन पर रोक रहेगी. हालांकि, यातायात पुलिस की ओर से क्यूआर कोड से अनुमति प्राप्त ई-रिक्शा चल सकेंगे.

बापू बाजार और नेहरू बाजार सहित कई प्रमुख बाजारों को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है. बाजारों में रोशनी देखने आने वाले लोगों के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं. मुख्य बाजारों और सड़कों पर पार्किंग करने वालों के ड्रोन और कैमरों से चालान काटे जाएंगे. वहीं, दीपोत्सव के दौरान लोगों की सुविधा के लिए जयपुर मेट्रो का संचालन भी देर रात तक किया जाएगा. ऐसे में बाजार जाने से पहले प्रवेश, निकास और पार्किंग के निर्धारित रास्तों की जानकारी रखना जरूरी होगा.
जयपुर में दिवाली के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है

परकोटे में इन रास्तों से कर सकेंगे प्रवेश और निकास

रोशनी देखने के लिए परकोटे में आने वाले हल्के वाहन चांदपोल, अजमेरी गेट, सांगानेरी गेट और घाटगेट से प्रवेश कर सकेंगे.

चांदपोल गेट: यहां से आने वाले वाहन चांदपोल बाजार होते हुए छोटी चौपड़ पहुंचेंगे. इसके बाद त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता, न्यूगेट, रामनिवास बाग और मानप्रकाश स्लिप लेन से टोंक रोड व जेएलएन मार्ग की ओर जा सकेंगे.

अजमेरी गेट: यहां से प्रवेश करने वाले वाहन किशनपोल बाजार होते हुए छोटी चौपड़ और फिर त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता व न्यूगेट से बाहर निकल सकेंगे.

सांगानेरी गेट: यहां से आने वाले वाहन जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार और चौड़ा रास्ता होते हुए न्यूगेट की ओर जा सकेंगे.

घाटगेट: यहां से आने वाले वाहन घाटगेट बाजार और रामगंज चौपड़ होते हुए बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार और चौड़ा रास्ता की तरफ जा सकेंगे. जरूरत के अनुसार चार दरवाजा और सूरजपोल गेट का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा.

इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

परकोटे में भीड़ और यातायात का दबाव कम करने के लिए कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. छोटी चौपड़ से संजय सर्किल, अजमेरी गेट और चौगान चौराहे की ओर जाने वाला यातायात बंद रहेगा. चौगान चौराहे से छोटी चौपड़, त्रिपोलिया गेट से छोटी और बड़ी चौपड़ तथा न्यूगेट चौराहे से त्रिपोलिया गेट की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे. इसके अलावा बड़ी चौपड़ से सांगानेरी गेट और रामगंज चौपड़ की ओर, सुभाष चौक से बड़ी चौपड़ तथा गुरुद्वारा मोड़ से मिनर्वा सर्किल की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा.

घाटगेट से मिनर्वा सर्किल, मिनर्वा सर्किल से एमडी रोड और धर्मसिंह सर्किल की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे. यादगार से अजमेरी गेट, त्रिमूर्ति सर्किल से आरोग्य पथ तिराहा, आरोग्य पथ से रामनिवास बाग और सूचना केंद्र तिराहे की ओर जाने वाले रास्तों पर भी रोक रहेगी. पृथ्वीराज टी-पॉइंट से एसएमएस अस्पताल, अशोका टी-पॉइंट से यादगार और सेंट जेवियर चौराहे से पांच बत्ती की तरफ यातायात प्रतिबंधित रहेगा. न्यू कॉलोनी चौराहे से पांच बत्ती और एमआई रोड की गलियों से मुख्य मार्ग पर आने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी.

6 से 9 नवंबर तक परकोटा, एमआई रोड, संसार चंद्र रोड और प्रमुख बाजारों में वाहनों की आवाजाही पर पाबंदियां रहेंगी

ये बाजार और रास्ते होंगे नो-व्हीकल जोन

• दिवाली के दौरान भीड़ को देखते हुए कई बाजारों और मार्गों को नो-व्हीकल जोन बनाया गया है. इनमें शामिल हैं:

• बापू बाजार, नेहरू बाजार, इंदिरा बाजार और संजय बाजार.

• बंदरवाल गेट से बड़ी चौपड़ तक का रास्ता.

• छोटी चौपड़ से सार्दुल सिंह की नाल तक गणगौरी बाजार.

• रामनिवास बाग चौराहे से सांगानेरी गेट के बीच का मार्ग, भूमिगत पार्किंग के प्रवेश को छोड़कर.

• यादगार तिराहे से रामनिवास बाग चौराहे के बीच निर्धारित मार्ग.

• घोड़ा सर्किल से एमजीडी गेट रामनिवास बाग तक का रास्ता.

• 6 से 9 नवंबर तक परकोटा, संसार चंद्र रोड, एमआई रोड, अशोका मार्ग, यादगार तिराहे से रामबाग चौराहे और एमडी रोड पर ई-रिक्शा, ई-ऑटो और ऑटो रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा.

• क्यूआर कोड से अनुमति प्राप्त ई-रिक्शा को छूट मिलेगी.

• पर्यटक और सार्वजनिक परिवहन की बसें भी शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक परकोटा क्षेत्र में नहीं चल सकेंगी.

इन जगहों पर कर सकेंगे वाहनों की पार्किंग

• यातायात पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहन चालकों के लिए पार्किंग स्थल तय किए हैं.

• झोटवाड़ा रोड और स्टेशन रोड की तरफ से आने वाले वाहन चांदपोल अनाज मंडी और चांदपोल मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में खड़े कर सकेंगे.

• माउंट रोड, ब्रह्मपुरी और चौगान की तरफ से आने वाले वाहन चौगान स्टेडियम में पार्क किए जा सकेंगे.

• सीकर रोड, अजमेर रोड और मानसरोवर की तरफ से आने वाले वाहन टोंक रोड, नारायण सिंह तिराहा, त्रिमूर्ति सर्किल, धर्मसिंह

• सर्किल और एमडी रोड होते हुए रामनिवास बाग की भूमिगत पार्किंग तक पहुंच सकेंगे.

• टोंक रोड, जेएलएन मार्ग और गोविंद मार्ग से आने वाले वाहन भी धर्मसिंह सर्किल, एमडी रोड और सांगानेरी गेट होते हुए रामनिवास बाग की भूमिगत पार्किंग में खड़े कर सकेंगे.

• परकोटे के निवासी अपने वाहन रामनिवास बाग स्थित जेडीए पार्किंग और रामलीला मैदान में पार्क कर सकेंगे.

• जौहरी बाजार, हवामहल बाजार, रामगंज बाजार, त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता, किशनपोल बाजार, गणगौरी बाजार, चांदपोल बाजार, एमआई रोड, अशोका मार्ग, टोंक रोड, जेएलएन मार्ग, भगवानदास रोड, पृथ्वीराज रोड और संसार चंद्र रोड के मुख्य मार्गों पर पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी. यहां वाहन खड़े करने पर ड्रोन और कैमरों के जरिए चालान काटे जाएंगे.

जयपुर में दिवाली को लेकर कई रास्तों को नो-व्हीकल जोन बनाया जाएगा जबकि कुछ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा
• गौरव टावर, राजापार्क और वैशाली नगर में भी बदलेगी व्यवस्था

गौरव टावर: जवाहर सर्किल और जयपुरिया अस्पताल रोड से सेक्टर-10 मालवीय नगर जाने वाले वाहन मालवीय नगर फ्लाईओवर के नीचे से पूर्णिमा रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे. सेक्टर-10 से आने वाले वाहन भी इसी रास्ते से जवाहरलाल नेहरू मार्ग की ओर जा सकेंगे. फ्लाईओवर के ऊपर से गौरव टावर के सामने वाले रास्ते का इस्तेमाल कर सेक्टर-10 की तरफ भी जाया जा सकेगा. हालांकि, सेक्टर-10 से गौरव टावर के सामने होते हुए जेएलएन मार्ग की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा. जयपुर स्टॉक एक्सचेंज, क्रिस्टल कोर्ट मॉल, गौरव टावर और जीटी मॉल के बीच के रास्तों पर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. अनुराग पथ और वर्ल्ड ट्रेड पार्क के पीछे से गौरव टावर की ओर आने वाले रास्तों पर भी रोक रहेगी. मुख्य मार्गों पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी.

राजापार्क: गोविंद मार्ग से परनामी मंदिर चौराहा होते हुए आर्य समाज रोड और पंचवटी सर्किल की ओर वाहन जा सकेंगे. इसके विपरीत पंचवटी सर्किल से परनामी मंदिर चौराहे होते हुए गोविंद मार्ग की ओर यातायात नहीं आएगा. शिवानंद मार्ग और गुरुनानकपुरा रोड से भी परनामी मंदिर चौराहे के रास्ते गोविंद मार्ग की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे. व्यास मार्ग से एलबीएस मार्ग होते हुए गोविंद मार्ग की ओर वाहन आ सकेंगे, लेकिन गोविंद मार्ग से एलबीएस मार्ग की तरफ जाना प्रतिबंधित रहेगा. मुख्य मार्गों पर बाईं तरफ चौपहिया और दाईं तरफ दुपहिया वाहनों के लिए प्रायोगिक पार्किंग व्यवस्था की जाएगी.

वैशाली नगर:  यहां अमर जैन अस्पताल, नेशनल हैंडलूम के पास जेडीए पार्किंग और यादव फार्म की खाली जमीन (गांधी पथ) पर वाहन पार्क किए जा सकेंगे.

मानसरोवर में बसों के रूट भी होंगे डायवर्ट

मानसरोवर क्षेत्र में मध्यम मार्ग पर यातायात सुचारू रखने के लिए मिनी बस और लो-फ्लोर बसों को जरूरत के अनुसार भृगु पथ और एसएफएस चौराहे से डायवर्ट कर समानांतर मार्गों पर चलाया जाएगा.

जयपुर मेट्रो रात 12:30 बजे तक चलेगी

दीपावली पर रोशनी देखने और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सुविधा के लिए जयपुर मेट्रो का संचालन भी बढ़ाया गया है. 3 से 11 नवंबर तक मेट्रो देर रात तक चलेगी. मानसरोवर और बड़ी चौपड़ मेट्रो स्टेशन से आखिरी ट्रेन रात 12:30 बजे रवाना होगी. इस दौरान मेट्रो के फेरों की संख्या 202 से बढ़ाकर 214 कर दी गई है. यातायात पुलिस ने झोटवाड़ा रोड और स्टेशन रोड से आने वाले लोगों को चांदपोल अनाज मंडी में वाहन पार्क कर मेट्रो से परकोटे में आने की सलाह दी है. वहीं, सीकर रोड, अजमेर रोड और मानसरोवर से आने वाले लोग नजदीकी मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में वाहन खड़े कर मेट्रो का इस्तेमाल कर सकते हैं.

हल्के मालवाहक वाहनों के लिए भी समय तय

6 और 7 नवंबर को परकोटा, संसार चंद्र रोड, एमआई रोड, अशोका मार्ग, यादगार तिराहे से रामबाग चौराहे और एमडी रोड पर हल्के मालवाहक वाहनों को शाम 4 बजे तक ही चलने की अनुमति होगी. इसके बाद इनका प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. 8 और 9 नवंबर को इन मार्गों पर शाम 4 बजे तक केवल तिपहिया हल्के मालवाहक वाहनों को संचालन की अनुमति होगी. इसके बाद उनका प्रवेश भी बंद रहेगा. मुख्य मार्गों की गलियों से आने वाले वाहनों को यातायात के प्रवाह की दिशा में ही चलना होगा.

जयपुर मेट्रो की सेवाएं 3 से 11 नवंबर तक आखिरी ट्रेन रात 12:30 बजे तक चलेगी और ट्रिप की संख्या 202 से बढ़ाकर 214 की गई है.

पैदल चलने वालों के लिए भी तय किए रास्ते

रोशनी देखने आने वाले पैदल लोगों की सुविधा के लिए परकोटे में अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं. चांदपोल गेट से छोटी चौपड़ तक रोड मीडियन के दाहिनी तरफ, छोटी चौपड़ से बड़ी चौपड़ और बड़ी चौपड़ से रामगंज चौपड़ तक मीडियन के बाईं तरफ पैदल चल सकेंगे. अजमेरी गेट से छोटी चौपड़ और सांगानेरी गेट से बड़ी चौपड़ तक भी पैदल आवागमन के लिए निर्धारित हिस्से का इस्तेमाल करना होगा.

ट्रैफिक हेल्पलाइन और आपातकालीन सेवाएं

पुलिस की ओर से जारी क्यूआर कोड स्कैन कर पार्किंग की उपलब्धता और यातायात की स्थिति की जानकारी भी ली जा सकेगी. एंबुलेंस, आवश्यक सेवाओं और आपातकालीन वाहनों को निर्बाध आवागमन की अनुमति रहेगी. यातायात संबंधी जानकारी और सहायता के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. आमजन इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं.

ट्रैफिक हेल्पलाइन: 1095

फोन नंबर: 2565630, 2561256

व्हाट्सऐप हेल्प डेस्क: 8764866972



Source link