मैदान पर भयंकर हादसा, हैनरी से टकराए कॉनवे, कनकशन के चलते पहले वनडे से OUT
Last Updated:
Devon Conway Injury: इंजरी से जूझ रही न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को उस वक्त एक और झटका लगा जब, प्रैक्टिस के दौरान डेवोन कॉनवे और तेज गेंदबाज मैट हेनरी की जबरदस्त टक्कर हो गई. स्कैन के बाद अब कॉनवे को 4 अक्टूबर से भारत के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के पहले मुकाबले से बाहर कर दिया गया है.
कॉनवे इंजरी के चलते भारत के खिलाफ पहला वनडे नहीं खेलेंगे
ऑकलैंड: न्यूजीलैंड के अनुभवी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे मैदान पर एक हादसे का शिकार हो गए. चोट इतनी गंभीर पर है कि वह 4 नवंबर को भारत के खिलाफ होने वाले पहले एकदिवसीय मुकाबले से बाहर हो गए हैं. दरअसल, मंगलवार को ईडन पार्क में प्री-मैच ट्रेनिंग सेशन के दौरान तेज गेंदबाज मैट हेनरी के साथ टकराने से कॉनवे के सिर पर चोट लग गई, जिसके बाद ‘कनकशन’ (सिर की चोट) के चलते उन्हें आराम देने का फैसला लिया गया है.
कई प्लेयर्स की इंजरी से जूझ रही न्यूजीलैंड टीम
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने बताया कि मैट हेनरी ‘कनकशन’ टेस्ट के बाद ठीक लग रहे थे, लेकिन कॉनवे को तुरंत स्कैन के लिए ले जाया गया. टक्कर गंभीर लग रही थी. कॉनवे का न खेलना न्यूजीलैंड के लिए किसी झटके से कम नहीं है क्योंकि कीवी टीम पहले ही कई खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही है. अब इस सूची में कॉनवे का नाम भी जुड़ गया है, इससे पहले बल्लेबाज मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र भी हैमस्ट्रिंग और कंधे की चोट के कारण वनडे सीरीज से बाहर हो चुके हैं.
कॉनवे की जगह टीम में कौन खेलेगा?
टिम सिफर्ट, जिन्हें शुरुआत में केवल पहले दो वनडे मैचों के लिए टीम में शामिल करने पर विचार किया जा रहा था, उन्हें सोमवार को पूरी सीरीज के लिए टीम में शामिल कर लिया गया. सेंटनर ने संकेत दिया कि अगर कॉनवे बाहर होते हैं, तो उनकी जगह सिफर्ट खेल सकते हैं. सेंटनर ने कहा, ‘हां, मुझे लगता है कि सिफर्ट हमारी टीम में बैक-अप बल्लेबाज हैं. इसलिए अगर डेव उपलब्ध नहीं होते हैं तो शायद उनकी जगह सीफर्ट को ही मौका मिलेगा.
भारत के खिलाफ एक शतक-एक अर्धशतक
35 साल के कॉनवे ने भारत के खिलाफ 11 मैच की 10 पारियों में 90.02 की स्ट्राइक रेट के साथ 307 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक भी शामिल है. कॉनवे ने इंग्लैंड के बाद किसी एक देश के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे रन भारत के ही विरुद्ध बनाए हैं. आईपीएल में वह चेन्नईसुपरकिंग्स की ओर से खेलते हैं, ऐसे में भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ निपटना उन्हें बखूबी आता है. कॉनवे को स्पिन खेलने में महारत हासिल हैं, ऐसे में अगर वह पूरी सीरीज से बाहर होते हैं तो इसे मेजबानों के लिए करारे झटके से कम नहीं देखा जाना चाहिए.