Humayun Kabir Babri Masjid: ‘बाबरी मस्जिद बनेगी, ताकत है तो रोक लो’, हुमायूं कबीर की खुली धमकी- 5 लाख लोग 6 दिसंबर को 30 KM हाईवे जाम करेंगे

Humayun Kabir Babri Masjid: ‘बाबरी मस्जिद बनेगी, ताकत है तो रोक लो’, हुमायूं कबीर की खुली धमकी- 5 लाख लोग 6 दिसंबर को 30 KM हाईवे जाम करेंगे


Last Updated:

Humayun Kabir Babri Masjid: पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद निर्माण को लेकर फिर घमासान मच गया है. विधायक हुमायूं कबीर ने 30 किलोमीटर हाईवे जाम करने की खुली चुनौती दी है. इसके बाद से ही पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. हुमायूं कबीर ने 6 दिसंबर को 5 लाख लोगों को जुटाने का दावा किया है. उन्होंने प्रशासन को भी चुनौती दी है. इसके जवाब में बीजेपी विधायक शखारव सरकार ने तीखा पलटवार किया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा 6 दिसंबर को लेकर चेतावनी भी दी है. जानें पूरा मामला.

Zoom

हुमायूं कबीर ने प्रशासन को ललकारा तो बीजेपी विधायक ने दी चेतावनी, बोले- 6 अक्टूबर याद है ना?

humayun kabir shakharav sarkar babri masjid: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में स्थित बेलडांगा इलाके में प्रस्तावित बाबरी मस्जिद के निर्माण को लेकर फिर घमासान मच गया है. आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के अध्यक्ष और स्थानीय विधायक हुमायूं कबीर ने पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद को लेकर एक बार फिर बड़ा दावा किया है. उन्होंने 6 दिसंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग-34 (NH-34) को पूरी तरह से जाम करने की खुली चेतावनी दे डाली है. हुमायूं यही नहीं रूके, उनका कहना है कि उस दिन पांच लाख लोग होंगे. विधायक के इस भड़काऊ रुख पर बीजेपी ने भी बेहद तीखा पलटवार किया है, जिससे पूरे सूबे में सांप्रदायिक और राजनीतिक तनाव गहरा गया है.

6 दिसंबर को 5 लाख लोगों को जुटाने का दावा

मीडिया में छपी खबर के मुताबिक, हुमायूं कबीर ने प्रशासन को सीधे तौर पर ललकारते हुए कहा है कि अगर पुलिस में हिम्मत है, तो वह उनके समर्थकों को रोककर दिखाए. विधायक का दावा है कि आगामी 6 दिसंबर को रेजीनगर से लेकर बहरमपुर तक करीब 30 किलोमीटर लंबा नेशनल हाईवे-34 पूरी तरह से उनके कार्यकर्ताओं और समर्थकों के नियंत्रण में रहने वाला है. इस महाजाम के जरिए वे अपनी ताकत का अहसास कराना चाहते हैं.

5 लाख की भारी भीड़ जुटने का दावा

प्रेस को संबोधित करते हुए विधायक ने हुंकार भरी है कि इस ऐतिहासिक शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए कृष्णनगर, डोमकल, जलंगी, सैंथिया, कांदी और बर्द्धमान समेत राज्य के कई अन्य सीमावर्ती इलाकों से करीब 5 लाख लोग मुर्शिदाबाद की सड़कों पर उतरेंगे. हालांकि, उन्होंने यह सफाई भी दी कि उनके लोग कानून-व्यवस्था को हाथ में नहीं लेंगे. लेकिन प्रशासन को दी गई उनकी खुली धमकी से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं.

बीजेपी विधायक ने दिया सीधा जवाब

हुमायूं के बयान पर रेजीनगर से बीजेपी विधायक शखारव सरकार ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि हुमायूं कबीर पहले भी उपचुनाव में 10 लाशें गिरने की बात कह चुके हैं. लेकिन उस दौरान एक बूंद खून तक नहीं बहा. शखारव ने कहा कि हुमायूं यह भूल गए हैं कि अब सरकार बदल चुकी है. मुख्यमंत्री और गृह मंत्री का नाम सुवेंदु अधिकारी है. उन्होंने सड़क पर कब्जे के दावे पर भी सवाल उठाया है. बीजेपी विधायक ने कहा कि अभी वह खुद मैदान में उतरे ही नहीं हैं.

पद्मश्री के लिए नाम भेजने का तंज

शखारव सरकार ने हुमायूं कबीर पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उन्हें धोखाधड़ी के लिए पद्मश्री देने की सिफारिश करेंगे. उन्होंने कहा कि बीजेपी को मस्जिद बनने से कोई आपत्ति नहीं है. हुमायूं जो करना चाहते हैं, वह नहीं होगा. उन्होंने यह भी कहा कि मस्जिद बनेगी तो उसके नाम को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है. नाम का सुझाव दिया जा सकता है. इसके लिए वह इमाम और पैगंबरों के साथ बैठकर फैसला करने की बात कहेंगे. बीजेपी विधायक ने बिना नाम लिए चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि उम्र हो गई है, संभलकर चलिए. 6 अक्टूबर को जो देखा था, वह 6 दिसंबर को फिर देखने को मिलेगा.

87 करोड़ का बजट और विशाल ढांचा

खबरों के अनुसार, मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बनने वाली यह मस्जिद कोई सामान्य इबादतगाह नहीं है. लगभग 87 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार होने वाली यह दो मंजिला मस्जिद बेहद भव्य होगी. दावा किया गया है कि इस नवनिर्मित परिसर में एक समय में एक लाख से भी ज्यादा अकीदतमंद एक साथ नमाज अदा कर सकेंगे. इस बड़े प्रोजेक्ट की नींव 6 दिसंबर को रखी जानी है. जिसको लेकर अब रार ठन गई है.



Source link