मोहम्मद आमिर का IPL खेलने को लेकर क्या है प्लान? ऑक्शन की खबरों पर तोड़ी चुप्पी
Last Updated:
mohammad amir ipl auction news: पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने 2008 में हुए पहले आईपीएल सीजन के बाद से इस लीग में हिस्सा नहीं लिया है. पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अजहर महमूद आखिरी पाकिस्तानी खिलाड़ी थे, जिन्होंने 2012 में किंग्स इलेवन पंजाब और 2015 में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से आईपीएल में खेला था. उन्होंने ब्रिटिश पासपोर्ट के आधार पर लीग में हिस्सा लिया था. अब मोहम्मद आमिर को लेकर चर्चाएं तेज हैं.
मोहम्मद आमिर ने आईपीएल ऑक्शन में शामिल होने की खबरों का खंडन किया.
नई दिल्ली. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने आईपीएल 2027 में खेलने को लेकर चल रही चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ी है. ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद उनके आईपीएल ऑक्शन में उतरने की खबरें सामने आई थीं. हालांकि, आमिर ने इन खबरों को गलत बताते हुए साफ कर दिया है कि फिलहाल आईपीएल में खेलने को लेकर जो चर्चा हो रही है, वह सही नहीं है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस मामले में अपनी बात रखी.
आमिर ने क्या कहा?
34 साल के मोहम्मद आमिर ने एक्स पोस्ट में आईपीएल में खेलने की खबरों को खारिज किया. उन्होंने लिखा, ‘बस यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि आईपीएल के बारे में आई खबर सच नहीं है.’ आमिर का यह बयान उस रिपोर्ट के बाद आया, जिसमें दावा किया गया था कि वह ब्रिटिश नागरिक के तौर पर आईपीएल 2027 की ऑक्शन में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं.
ब्रिटिश नागरिकता के बाद शुरू हुई चर्चा
बता दें कि मोहम्मद आमिर को ब्रिटिश नागरिकता मिल चुकी है. इसी वजह से उनके आईपीएल में खेलने की संभावना को लेकर चर्चा शुरू हुई. उन्होंने 3 नवंबर को दुबई में होने वाले अफगानिस्तान प्रीमियर लीग ड्राफ्ट के लिए भी अपना नाम दर्ज कराया है. अफगानिस्तान प्रीमियर लीग ड्राफ्ट में आमिर को ब्रिटिश खिलाड़ी के तौर पर प्लैटिनम कैटेगरी में रखा गया है, जबकि उनके रहने का देश पाकिस्तान बताया गया है. इसके बाद यह अटकलें लगने लगीं कि वह आईपीएल 2027 की नीलामी में भी शामिल हो सकते हैं.
मोहम्मद आमिर ने इससे पहले भी आईपीएल में खेलने की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया था. अगस्त में द हंड्रेड के दौरान उन्होंने कहा था कि वह अभी इस बात पर फैसला नहीं कर पाए हैं कि आईपीएल में हिस्सा लेंगे या नहीं. हालांकि, अब उनके ताजा बयान ने 2027 की ऑक्शन में नाम देने को लेकर चल रही खबरों को गलत बताया है. आमिर ने फिलहाल आईपीएल में खेलने की योजना से इनकार किया है, लेकिन उन्होंने भविष्य में इस लीग में खेलने की संभावना को पूरी तरह बंद भी नहीं किया है.