कंडोम की जांच में मिला कुछ ऐसा, फ्रांस सरकार ने 70 लाख को मार्केट से हटाया
Last Updated:
फ्रांस ने एक मलेशियाई कंपनी के अल्ट्रा-थिन कंडोम की बिक्री और आयात पर एक साल की रोक लगा दी है. जांच में कंडोम की मोटाई और लेटेक्स की गुणवत्ता में खामियां मिलीं. इनके फटने या उनमें छेद होने से यौन संक्रमण और अनचाही प्रेग्नेंसी का खतरा हो सकता है. यूरोपीय बाजार में 15 तरह के उत्पाद वापस मंगाए गए हैं.
फ्रांस ने 70 लाख कंडोम मार्केट से वापस बुलाए. (Reuters)
फ्रांस में कंडोम इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. यहां एक मलेशियाई कंपनी के अल्ट्रा-थिन कंडोम की बिक्री और आयात पर रोक लगा दी गई है. जांच में इन कंडोम के निर्माण में ऐसी खामियां मिली हैं, जिनकी वजह से इस्तेमाल के दौरान इनके फटने या उनमें छेद होने का खतरा बढ़ सकता है. इससे यौन संक्रमण (STI) और अनचाही प्रेग्नेंसी का जोखिम पैदा हो सकता है. फ्रांस के अधिकारियों ने यूरोपीय बाजार में बिकने वाले 15 तरह के कंडोम को वापस मंगाने और दुकानों से हटाने का आदेश दिया है. यूरो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक ये सभी उत्पाद मलेशियाई कंपनी Richter Rubber Technology के बनाए हुए अल्ट्रा-थिन कंडोम हैं. फ्रांस की उपभोक्ता निगरानी संस्था DGCCRF ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी.
जांच में कंडोम की गुणवत्ता पर उठे सवाल
फ्रांस के अधिकारियों के मुताबिक, जांच में पता चला कि कंडोम बनाने के दौरान इस्तेमाल होने वाली लेटेक्स फिल्म की मोटाई और गुणवत्ता में उतार-चढ़ाव था. इसी वजह से कंडोम की मजबूती प्रभावित हो सकती थी. प्रयोगशाला में किए गए परीक्षणों में इन कंडोम ने दबाव और फटने की क्षमता से जुड़े मानकों को पूरा नहीं किया. छेद न होने की जांच में भी ये सफल नहीं रहे. अधिकारियों ने कंपनी की निर्माण प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और कहा कि उत्पादों की गुणवत्ता पर पर्याप्त नियंत्रण नहीं रखा गया. फ्रांस के अधिकारियों ने 22 अक्टूबर के एक सरकारी आदेश में बताया कि कुछ लोगों ने कंडोम इस्तेमाल के दौरान उनके फटने और इसके बाद अनचाही प्रेग्नेंसी की शिकायत की थी. यह आदेश 30 अक्टूबर को फ्रांस के आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित हुआ.
यूरोप में करीब 70 लाख कंडोम प्रभावित
फ्रांस के अर्थव्यवस्था मंत्रालय के मुताबिक, इस खराब उत्पादन प्रक्रिया से जुड़े कंडोम की संख्या यूरोपीय संघ में करीब 70 लाख है. हालांकि, इनमें से केवल एक हिस्सा ही फ्रांस में बेचा गया है. फ्रांस सरकार ने कंपनी की खराब निर्माण प्रक्रिया से बने सभी अल्ट्रा-थिन कंडोम की बिक्री और आयात पर एक साल के लिए रोक लगा दी है. जरूरत पड़ने पर इस प्रतिबंध को आगे भी बढ़ाया जा सकता है. यह कार्रवाई इस साल गर्मियों में शुरू हुई जांच के बाद की गई है. इससे पहले मई के आखिर और अगस्त की शुरुआत में करीब 2.60 लाख कंडोम वापस मंगाए गए थे. शुरुआती रिकॉल के बाद से अब तक आठ लोगों ने कंडोम फटने की शिकायत दर्ज कराई है.
अलग-अलग ब्रांड नाम से बिक रहे थे
इस मामले का असर सिर्फ फ्रांस तक सीमित नहीं है. प्रभावित कंडोम यूरोप के अलग-अलग बाजारों में कई ब्रांड नामों से बेचे गए थे. फ्रांस के अधिकारियों ने प्रभावित उत्पादों और उनके बैच की सूची जारी की है. दुकानों को इनकी बिक्री रोकने और ग्राहकों के पास मौजूद उत्पादों को भी वापस मंगाने का निर्देश दिया गया है.
कंडोम इस्तेमाल किया है तो क्या करें?
फ्रांस के अधिकारियों ने प्रभावित बैच के कंडोम इस्तेमाल करने वाले लोगों को कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी है.
- यौन संक्रमण की जांच के लिए मेडिकल लैब में स्क्रीनिंग कराएं.
- अगर पीरियड्स समय पर नहीं आते हैं तो प्रेग्नेंसी टेस्ट करें.
- किसी भी तरह की चिंता होने पर डॉक्टर या मुफ्त यौन स्वास्थ्य जांच केंद्र से संपर्क करें.
- इस्तेमाल के दौरान कंडोम फटने या उसमें छेद होने जैसी घटना की जानकारी सरकारी स्वास्थ्य घटना रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म पर दें.