Last Updated:
हरियाणा के यमुनानगर में अवैध खनन से भरे डंपर को रोकने पहुंचे एसडीएम व्यासपुर कुलदीप सिंह की गाड़ी को टक्कर मारने और कुचलने का प्रयास किया गया. साढौरा थाने में मामला दर्ज किया गया है.
यमुनानगर. हरियाणा के यमुनानगर में खनन माफिया के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें अधिकारियों का भी खौफ नहीं रहा. अवैध खनन से भरे डंपर को रोकने पहुंचे एसडीएम की गाड़ी को ही टक्कर मारने का प्रयास किया गया. एसडीएम का आरोप है कि डंपर चालक ने उन्हें कुचलने की कोशिश की, जबकि उसके आगे चल रही क्रेटा गाड़ी भी उनका रास्ता रोक रही थी. मामला साढौरा के गांव सरावां का है, जहां इस घटना के बाद खनन माफिया के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, साढौरा के गांव सरावां में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इसी दौरान एसडीएम व्यासपुर कुलदीप सिंह की नजर तेज रफ्तार से आ रहे खनन सामग्री से भरे एक डंपर पर पड़ी. बताया जा रहा है कि इस रास्ते पर पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं. ऐसे में एसडीएम ने डंपर को रोकने के लिए अपनी गाड़ी उसके पीछे लगा दी. लेकिन इसी दौरान कहानी में एक और गाड़ी की एंट्री होती है.
एसडीएम के आरोपों के मुताबिक, डंपर के आगे चल रही एक क्रेटा गाड़ी लगातार उनका रास्ता रोक रही थी. एसडीएम के चालक ने हॉर्न बजाकर रास्ता देने का प्रयास भी किया, लेकिन क्रेटा चालक ने रास्ता नहीं दिया. इसके बाद जब एसडीएम के चालक ने आगे निकलकर डंपर को रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि डंपर चालक ने एसडीएम की गाड़ी को टक्कर मारने और उन्हें कुचलने का प्रयास किया. एसडीएम का आरोप है कि डंपर चालक उन्हें टक्कर मारने की कोशिश करते हुए मौके से फरार हो गया.
घटना के बाद एसडीएम कुलदीप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना साढौरा में डंपर चालक और क्रेटा गाड़ी में सवार खनन माफिया के खिलाफ लिखित शिकायत दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर देर रात मामला दर्ज कर लिया है. एसडीएम का साफ कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. सरकार के निर्देशों के मुताबिक उनके क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.