Last Updated:
देवास के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान जान गंवाने वाले टीआई दिलीप पुरी के परिवार को सीएम मोहन यादव ने एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है. उनकी पत्नी को SI पद पर अनुकंपा नियुक्ति मिलेगी. मामले की जांच के लिए स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को भेजा गया है.
दिलीप पुरी की पत्नी को अनुकंपा नौकरी.
भोपाल. देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान जान गंवाने वाले थाना प्रभारी (टीआई) दिलीप पुरी के परिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है. इसके साथ ही उनकी पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति के तहत सब इंस्पेक्टर (SI) के पद पर नौकरी दी जाएगी. मुख्यमंत्री ने घटना की निष्पक्ष और सख्त जांच के निर्देश भी दिए हैं.
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर टीआई दिलीप पुरी के निधन पर गहरा दुख जताया. उन्होंने लिखा कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी के दिवंगत होने का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है. उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है.
जांच के लिए स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन रवाना
मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना होने के आदेश दिए हैं. उन्होंने अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस अधिकारी की ड्यूटी के दौरान हुई इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है.
देवास जिले के खातेगांव में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कर्तव्य निर्वहन करते हुए थाना प्रभारी श्री दिलीप पुरी जी के दिवंगत होने का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
इस कठिन समय में शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ है। घटना की जांच के लिए स्पेशल DG श्री उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया है। मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
वीर बलिदानी श्री दिलीप पुरी जी की धर्मपत्नी को एसआई के पद पर अनुकंपा नियुक्ति एवं परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति!