2200 करोड़… गांव-गांव पहुंचेंगी सड़के, न्यूजीलैंड के गांवों से भी सुंदर होंगे बुलंदशहर के VILLAGE

2200 करोड़… गांव-गांव पहुंचेंगी सड़के, न्यूजीलैंड के गांवों से भी सुंदर होंगे बुलंदशहर के VILLAGE


Last Updated:

Bulandshahr Infrastructure: बुलंदशहर जिले के गांवों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ा जा रहा है. इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने करीब 2200 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की है. इसी दिशा में शुरुआती चरण में 25.79 करोड़ रुपये की लागत से 38 सड़कों के निर्माण और मरम्मत को मंजूरी मिल गई है. शासन ने पहली किस्त के रूप में करीब 8 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए हैं.

Zoom

बुलंदशहर में 38 सड़कों का होगा निर्माण. (AI Image)

बुलंदशहर: यूपी के बुलंदशहर जिले में विकास ने रफ्तार पकड़ ली है. जर्जर सड़कों की हालत सुधारने और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग की 38 सड़कों के निर्माण और मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है. इन कार्यों पर कुल 25.79 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्तावों को शासन ने स्वीकृति देते हुए पहली किस्त के रूप में करीब आठ करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं. इन सड़कों के निर्माण और मरम्मत से जिले के 80 से अधिक गांवों के करीब 3.5 लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा.

लोक निर्माण विभाग की ओर से जिले में सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण और मरम्मत के लिए करीब 2200 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी गई थी. इसी कार्ययोजना के तहत फिलहाल 38 सड़कों के निर्माण और मरम्मत के प्रस्तावों को मंजूरी मिली है. कुल 25.79 करोड़ रुपये की लागत से इन मार्गों को बेहतर बनाया जाएगा. शासन से धनराशि की पहली किश्त जारी होने के बाद विभाग ने टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.

योजना का लाभ सिकंदराबाद, स्याना, बुलंदशहर, अनूपशहर, शिकारपुर, खुर्जा और डिबाई समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों के ग्रामीणों को मिलेगा. लंबे समय से खराब सड़कों के कारण आवागमन में परेशानी झेल रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. सड़कों की हालत सुधरने से गांवों से कस्बों और शहरों तक पहुंचना आसान होगा. साथ ही आवागमन में लगने वाला समय भी कम होगा.

किसानों और विद्यार्थियों को मिलेगी राहत
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की खराब हालत के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. बरसात के मौसम में कई मार्गों की स्थिति और भी खराब हो जाती है. इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों और मरीजों पर पड़ता है. सड़कों के निर्माण और मरम्मत के बाद इन समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी. किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी, जबकि विद्यार्थियों के लिए स्कूल और कॉलेज तक पहुंचना आसान होगा.

ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
38 सड़कों के सुधरने से जिले के विभिन्न ग्रामीण इलाकों की प्रमुख मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी. इससे न केवल लोगों का आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है. आसपास के 80 से अधिक गांवों की करीब 3.5 लाख आबादी को इस योजना का सीधा फायदा मिलने का अनुमान है.

जल्द शुरू होंगे निर्माण और मरम्मत कार्य
लोक निर्माण विभाग को शासन से पहली किश्त के रूप में करीब आठ करोड़ रुपये मिल चुके हैं. विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू कराए जाएंगे. लोक निर्माण विभाग अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) राहुल शर्मा ने कहा कि शासन ने करीब 26 करोड़ रुपये की लागत वाले प्रस्तावों को स्वीकृति दी है. इन प्रस्तावों के आधार पर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जल्द से जल्द कार्य पूरा कराया जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके.



Source link