Last Updated:
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के सियनमरा गांव की महिला सरपंच अंजू साहू ने जहर खाकर खुदकुशी का प्रयास किया. वह जिला अस्पताल में भर्ती हैं और वहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस की पूछताछ में उन्होंने पूर्व सरपंच और वर्तमान उप सरपंच पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद हड़कंप मचा है.
अस्पताल में भर्ती सरपंच का बयान लेती पुलिस.
रिपोर्ट: विकास साहू
Balod News: बालोद में सनौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सियनमरा से एक गंभीर मामला सामने आया है. गांव की महिला सरपंच अंजू साहू ने शनिवार की देर रात जहरीले पदार्थ का सेवन कर खुदकुशी करने की कोशिश की. घटना के तुरंत बाद परिजनों ने उन्हें बालोद के जिला अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों के अनुसार सरपंच का इलाज जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
6 महीने पहले उपचुनाव में बनी थीं सरपंच
घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस की टीम जिला अस्पताल पहुंची. पुलिस ने पीड़ित सरपंच अंजू साहू का बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. बता दें कि ग्राम पंचायत सियनमरा में करीब छः माह पहले ही उपचुनाव संपन्न हुए थे, जिसके बाद अंजू साहू निर्वाचित होकर सरपंच बनी थीं।
कर्ज का बनाया जा रहा था दबाव
महिला सरपंच के इस आत्मघाती कदम उठाने के पीछे पंचायत के वित्तीय विवाद और मानसिक प्रताड़ना की बात सामने आ रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच द्वारा पंचायत पर लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये का भारी कर्ज छोड़ दिया गया था. इस कर्ज की भरपाई करने अथवा इसे माफ कराने को लेकर वर्तमान सरपंच अंजू साहू पर लगातार अनुचित दबाव बनाया जा रहा था.
उप सरपंच पर जातिगत दुर्व्यवहार का आरोप
कर्ज के इस दबाव के अलावा वर्तमान उप सरपंच पर भी गंभीर आरोप लगे हैं. आरोप के अनुसार, वर्तमान उप सरपंच द्वारा महिला सरपंच के साथ लगातार जातिगत दुर्व्यवहार किया जा रहा था और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. इसी आर्थिक तंगी, मानसिक तनाव और दुर्व्यवहार से परेशान होकर सरपंच ने यह कठोर कदम उठाया. फिलहाल बालोद पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है.