सिंगल हैं तो फिनलैंड जाइए, घूमना-खाना सब फ्री, दुनिया के सबसे खुशहाल देश में मिलेगा प्यार खोजने का मौका

सिंगल हैं तो फिनलैंड जाइए, घूमना-खाना सब फ्री, दुनिया के सबसे खुशहाल देश में मिलेगा प्यार खोजने का मौका


होमदुनियायूरोप

सिंगल हैं तो फिनलैंड जाइए, घूमना-खाना सब फ्री, सबसे खुशहाल देश का ऑफर

Last Updated:

दुनिया के सबसे खुशहाल देश फिनलैंड ने दुनियाभर के सिंगल लोगों के लिए खास ब्लाइंड डेट कैंपेन शुरू किया है. फिनिश डिनर डेट के तहत 16 चुने गए लोगों को 9 से 19 फरवरी 2027 तक मुफ्त यात्रा कराई जाएगी. फ्लाइट, होटल, खाना और गतिविधियों का खर्च Visit Finland उठाएगा. प्रतिभागियों को स्थानीय सिंगल लोगों से मिलने और फिनलैंड के खास व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा.

Zoom

फिनलैंड टूरिज्म की अनोखी पहल.

दुनिया में घूमने के लिए खूबसूरत जगहों की कमी नहीं है, लेकिन सोचिए अगर किसी देश की यात्रा के दौरान आपको शानदार खाना चखने के साथ अपना हमसफर तलाशने का मौका भी मिल जाए तो? दुनिया के सबसे खुशहाल देश फिनलैंड ने दुनियाभर के सिंगल लोगों के लिए ऐसा ही एक खास ऑफर पेश किया है. यहां 16 लोगों को पूरी तरह मुफ्त यात्रा पर बुलाया जाएगा, जहां उनका स्वागत लजीज खाने और खास ब्लाइंड डेट के साथ होगा. इस अनोखी पहल की जानकारी फोर्ब्स ने दी है.

फिनलैंड के टूरिज्म बोर्ड विजिट फिनलैंड ने इस कैंपेन को ‘फिनिश डिनर डेट’ नाम दिया है. इसके तहत दुनिया के अलग-अलग देशों से चुने गए 16 सिंगल लोगों को 9 से 19 फरवरी 2027 के बीच फिनलैंड घूमने का मौका मिलेगा. इस दौरान उनके रहने, खाने, आने-जाने और दूसरी गतिविधियों का पूरा खर्च टूरिज्म बोर्ड उठाएगा. इस सफर का मकसद सिर्फ लोगों को फिनलैंड की खूबसूरती दिखाना नहीं है. कैंपेन के जरिए देश की खास फूड कल्चर से भी दुनिया को रूबरू कराया जाएगा. साथ ही जो लोग सिलेक्ट होंगे उन्हें वहां के स्थानीय सिंगल लोगों से मिलने और शायद किसी के साथ प्यार की शुरुआत करने का मौका भी मिलेगा.

खाने की मेज पर शुरू हो सकती है प्यार की कहानी

इस ट्रिप का सबसे खास हिस्सा ग्रुप डिनर डेट होगा. इसमें दूसरे देशों से आए प्रतिभागियों की मुलाकात फिनलैंड के स्थानीय सिंगल लोगों से कराई जाएगी, जिसमें लड़के और लड़कियां दोनों होंगे. ये खास डिनर हेलसिंकी और टाम्परे में आयोजित किए जाएंगे. टाम्परे फिनलैंड के लेकलैंड क्षेत्र में स्थित है. डिनर में मेहमानों को फिनलैंड के पारंपरिक और स्थानीय व्यंजन परोसे जाएंगे. इनमें जंगली मछलियां, बेरीज और जंगलों से इकट्ठा किए गए मशरूम जैसे खास खाद्य पदार्थ शामिल होंगे. इन डिशेज के मेन्यू देश के कुछ बड़े शेफ तैयार करेंगे.



Source link