Last Updated:
5 batsman 5000 Fastest runs in ODI: वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 5,000 रन बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के बाबर आजम के नाम है. इस लिस्ट में दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला दूसरे स्थान पर हैं. उनके बाद वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स, भारत के विराट कोहली और वेस्टइंडीज के शाई होप का नाम आता है. इन सभी दिग्गजों ने अपनी असाधारण बल्लेबाजी, निरंतरता और दबाव में बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर क्रिकेट इतिहास के पन्नों पर अपना नाम लिखवाया है.
वनडे में सबसे तेज पांच हजार रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में हाशिम अमला का नाम दूसरे नंबर पर है.
नई दिल्ली. क्रिकेट के मैदान पर रिकॉर्ड बनते और टूटते हैं. लेकिन कुछ उपलब्धियां ऐसी होती हैं जो इतिहास के पन्नों पर हमेशा के लिए दर्ज हो जाते हैं. वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में 5,000 रनों का आंकड़ा छूना अपने आप में एक बड़ा मील का पत्थर है. दुनिया के तमाम दिग्गज बल्लेबाजों ने इस मुकाम को हासिल किया है. लेकिन कुछ ऐसे असाधारण खिलाड़ी भी रहे हैं जिन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और निरंतरता के दम पर इस जादुई आंकड़े को सबसे कम पारियों और सबसे तेज समय में अपने नाम किया है.नजर डालते हैं उन शीर्ष 5 बल्लेबाजों पर जिन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 5,000 रन बनाने का कारनामा किया है.
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) का इस फेहरिस्त में नाम सबसे ऊपर आता है . बाबर ने मॉडर्न क्रिकेट में अपनी क्लास, तकनीक और निरंतरता से सबका दिल जीता है. 5 मई 2023 को कराची के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बाबर आजम ने इतिहास रच दिया. बाबर ने अपने वनडे करियर की शुरुआत 31 मई 2015 को की थी और महज 7 साल 339 दिन के समय में इस मुकाम को हासिल कर लिया. सबसे खास बात यह रही कि बाबर ने इसके लिए सिर्फ 97 पारियां (99 मैच) खेलीं. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज हाशिम आमला का रिकॉर्ड तोड़ा. कराची की उस शाम बाबर की बेहतरीन पारी ने साबित कर दिया कि क्यों उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में गिना जाता है.
शांत स्वभाव और रिकॉर्ड्स की आंधी हाशिम अमला
दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला (Hashim Amla) अपनी शांत और रक्षात्मक दिखने वाली शैली के लिए जाने जाते थे. लेकिन क्रीज पर टिकने के बाद वह गेंदबाजों के लिए किसी आंधी से कम नहीं साबित होते थे. 16 जनवरी 2015 को डरबन के मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलते हुए अमला ने 5,000 वनडे रनों का पहाड़ जैसा रिकॉर्ड अपने नाम किया था. अमला ने 9 मार्च 2008 को अपने वनडे करियर का आगाज किया था और 6 साल 313 दिन के अंतराल में इस रिकॉर्ड को छुआ. उन्होंने अपनी 101वीं पारी (104 मैच) में यह मील का पत्थर हासिल किया. लंबे समय तक यह रिकॉर्ड आमला के ही नाम दर्ज रहा. जो यह बताता है कि सफेद गेंद के क्रिकेट में उनका दबदबा कितना शानदार था.
कैरिबियाई बादशाह विवियन रिचर्ड्स का अनोखा दबदबा
जब बात रिकॉर्ड्स की हो और उसमें वेस्टइंडीज के महान सर विवियन रिचर्ड्स (Vivian Richards) का नाम न आए, तो क्रिकेट का इतिहास अधूरा लगता है. रिचर्ड्स ने उस दौर में यह मुकाम हासिल किया जब वनडे क्रिकेट सीमित ओवरों का नया प्रारूप था और गेंदबाजों का खौफ चरम पर था. 30 जनवरी 1987 को मेलबर्न के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए रिचर्ड्स ने 5,000 रन पूरे किए. उन्होंने 7 जून 1975 को डेब्यू किया था और 11 साल 237 दिन के लंबे संघर्ष के बाद 114वीं पारी (126 मैच) में यह मुकाम छुआ. उस दौर में जब रन बनाना आज के मुकाबले काफी कठिन माना जाता था, रिचर्ड्स का यह रिकॉर्ड उनके महान होने की सबसे बड़ी गवाही देता है.
भारतीय क्रिकेट के आधुनिक युग के सम्राट विराट कोहली (Virat Kohli) इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं. विराट कोहली जब भी मैदान पर उतरते हैं, कोई न कोई रिकॉर्ड उनके निशाने पर होता है. 21 नवंबर 2013 को कोच्चि के मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलते हुए कोहली ने अपने वनडे करियर के 5,000 रन पूरे किए थे. विराट ने 18 अगस्त 2008 को अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी और मात्र 5 साल 95 दिन के सबसे कम समय में यह करिश्मा कर दिखाया. उन्होंने इसके लिए 114 पारियां (120 मैच) लीं. मैच दर मैच उनकी रनों की भूख ने उन्हें क्रिकेट जगत का बेताज बादशाह बना दिया है.
कैरिबियाई क्रिकेट की दीवार शाई होप
वेस्टइंडीज के विकेटकीपर-बल्लेबाज शाई होप (Shai Hope) ने अपनी शानदार तकनीक और संयम से एक बार फिर कैरिबियाई क्रिकेट को गौरवान्वित किया है. 3 दिसंबर 2023 को नॉर्थ साउंड के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए शाई होप ने वनडे में अपने 5,000 रन पूरे किए. उन्होंने 16 नवंबर 2016 को डेब्यू किया था और 7 साल 17 दिन के सफर में 114 पारियों (119 मैचों) में इस मुकाम को छुआ. शाई होप ने जिस तरह से अपनी पारी को आगे बढ़ाया और वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी को मजबूती दी, वह इस सूची में शामिल होने के पूरे हकदार हैं.