ज्ञानेश कुमार जेल जाएंगे, लोकतंत्र की आत्मा पर हमले का पूरा हिसाब होगा: राहुल
Last Updated:
Vote Bachao, Desh Bachao Maha Rally: राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार के खिलाफ खुला सियासी और कानूनी मोर्चा खोल दिया है. ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ के मंच से गरजते हुए राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया में धांधली को ‘दुर्लभतम देशद्रोह’ करार दिया और दो टूक चेतावनी दी कि ज्ञानेश कुमार को न सिर्फ पद से हटना होगा बल्कि सलाखों के पीछे भी जाना पड़ेगा.
राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को जेल जाना होगा.
Vote Bachao, Desh Bachao Maha Rally: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 1 नवंबर को केंद्र सरकार तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला और कहा कि ‘देशद्रोह’ के लिए कुमार अपने पद से हटेंगे और जेल जाएंगे तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा. दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई के बाद विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी और शाह के सामने खड़ा होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने देश की आत्मा और लोकतंत्र पर हमला किया है.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार को जो संदेश भेजना था, वह जनता ने यहां से भेज दिया है. यह किसी राजनीतिक दल या नेता की आवाज नहीं, बल्कि देश के युवाओं, किसानों और मजदूरों की आवाज है. यह आवाज कह रही है कि हम संविधान और लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे.” उन्होंने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और हरियाणा के विधानसभा चुनावों तथा 2024 के लोकसभा चुनाव में कथित धांधली का आरोप लगाया.
राहुल गांधी ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद 13.5 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए, जो कुल मतदाताओं का करीब 15 प्रतिशत है. उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्ष के बीच मतों का अंतर केवल तीन प्रतिशत था और अब निर्वाचन आयोग की बात से यह साबित हो गया है कि वह चुनाव ‘चोरी का चुनाव और अवैध चुनाव’ था. 2024 के चुनाव के बाद 7 में से एक वोटर को हटाया गया.
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार के बिना इस बार नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री और अमित शाह गृह मंत्री नहीं बन पाते. उन्होंने कहा, “यह कोई सामान्य चोरी नहीं है. यह हिंदुस्तान के हर नागरिक के आवाज की चोरी है, हर नागरिक की अभिव्यक्ति की चोरी है. इसे कानूनी भाषा में दुर्लभतम मामला कहते हैं, इसे देशद्रोह कहते हैं.”
उन्होंने कहा कि देश को ऐसा नहीं होना चाहिए, जहां केवल दो-तीन लोगों के हितों का ध्यान रखा जाए. उन्होंने कहा, “देश को पटरी पर लाने के लिए पहला कदम ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई करना है. इसके बाद विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के सामने खड़ा होगा.”
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह बचकर नहीं भाग सकते और देश उनसे न्याय मांगेगा. कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘शिव की बारात’ में कोई भी शामिल हो सकता है. कोई भी तांडव में नाच सकता है… किसी को रोका नहीं जाता… ऐसा हिंदुस्तान हमें चाहिए. उन्होंने कहा कि वह ऐसे भारत की कल्पना करते हैं, जहां किसानों को उनकी मेहनत का फल मिले, छात्रों को रोजगार और उनकी मेहनत का उचित परिणाम मिले.