Last Updated:
JDU UP Election: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर JDU ने भी अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं. रविवार को वाराणसी के लोहता क्षेत्र स्थित करौता के रामलीला मैदान में आयोजित पार्टी के राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने की मंशा जाहिर की.
निशांत कुमार.
वाराणसी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसी क्रम में जनता दल यूनाइटेड ने भी यूपी में संगठन विस्तार और चुनावी संभावनाओं को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है. रविवार को वाराणसी के करौता स्थित रामलीला मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. सम्मेलन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया.
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि जेडीयू मूल रूप से बिहार की पार्टी है, लेकिन इसका संगठन देश के दूसरे राज्यों में भी रहा है. पूर्वोत्तर के राज्यों में पार्टी की मजबूत मौजूदगी रही है. इसके अलावा देश के अन्य हिस्सों में भी जेडीयू के विधायक और मंत्री रहे हैं. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी पार्टी अपने संगठन को मजबूत करना चाहती है.
2002 और 2007 के चुनाव में भी JDU ने आजमाई थी किस्मत
निशांत कुमार ने उत्तर प्रदेश में जेडीयू के पुराने चुनावी प्रदर्शन का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि वर्ष 2002 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के दो विधायक चुने गए थे, जबकि 2007 के चुनाव में एक विधायक ने जीत दर्ज की थी. उन्होंने कहा कि पार्टी इस बार भी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरने का प्रयास कर रही है.
NDA के घटक दल के रूप में चुनाव लड़ने की तैयारी
मीडिया से बातचीत में निशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने को लेकर पार्टी की प्राथमिकता एनडीए के साथ रहने की है. उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेता इस विषय पर आपस में विचार-विमर्श कर रहे हैं. सीटों की संख्या और चुनावी रणनीति को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है. इस पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि जेडीयू एनडीए के घटक दल के रूप में उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की संभावना पर काम कर रही है. सम्मेलन के जरिए पार्टी ने प्रदेश में अपने संगठन को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने का संदेश दिया.