ग्‍लेन फ‍िल‍िप्‍स का वर्ल्‍ड र‍िकॉर्ड… फ‍िल सॉल्‍ट का 3 साल पुराना महार‍िकॉर्ड स्‍वाहा, छू लिया शिखर

ग्‍लेन फ‍िल‍िप्‍स का वर्ल्‍ड र‍िकॉर्ड… फ‍िल सॉल्‍ट का 3 साल पुराना महार‍िकॉर्ड स्‍वाहा, छू लिया शिखर


होमखेलक्रिकेट

फ‍िल‍िप्‍स का वर्ल्‍ड र‍िकॉर्ड… सॉल्‍ट का 3 साल पुराना महारिकॉर्ड स्‍वाहा

Last Updated:

Glenn Phillips world records: न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने भारत के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. फिलिप्स ने पांच मैचों की इस द्विपक्षीय सीरीज में कुल 341 रन बनाकर इंग्लैंड के फिल साल्ट को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 2023 में 331 रन बनाए थे. हैमिल्टन में खेले गए आखिरी मुकाबले में नाबाद 65 रनों की तूफानी पारी खेलकर फिलिप्स ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से जीत दिलाई और यह महारिकॉर्ड हासिल किया.

Zoom

ग्‍लेन फ‍िल‍िप्‍स ने भारत के ख‍िलाफ टी20 सीरीज में बनाया वर्ल्‍ड र‍िकॉर्ड.

नई द‍िल्‍ली. क्रिकेट के मैदान पर न्‍यूजीलैंड के विस्फोटक बल्‍लेबाज ग्‍लेन फ‍िलिप्‍स ने तहलका मचाते हुए एक ऐतिहासिक वर्ल्‍ड र‍िकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. भारत के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में फ‍िलिप्‍स ने अपनी तूफानी पारी के दम पर टी20 इंटरनेशनल द्विपक्षीय सीरीज में सबसे ज्‍यादा रन बनाने का महारिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 मुकाबले में फ‍िलिप्‍स ने एक बार फिर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया और कीवी टीम को जीत दिलाई.

भारत के खिलाफ इस पूरी सीरीज में ग्‍लेन फ‍िलिप्‍स (Glenn Phillips) का बल्‍ला जमकर गरजा. पांच मैचों की इस टी20 सीरीज में उन्‍होंने कुल 341 रन बनाए और इसके साथ ही वह द्विपक्षीय टी20 सीरीज के इतिहास में सबसे ज्‍यादा रन बनाने वाले दुनिया के नंबर-1 बल्‍लेबाज बन गए हैं. उन्‍होंने इंग्‍लैंड के आक्रामक बल्‍लेबाज फिल साल्ट के वर्ल्‍ड र‍िकॉर्ड को पीछे छोड़ा, जिन्‍होंने साल 2023 में वेस्‍टइंडीज के खिलाफ सीरीज में 331 रन बनाए थे. इस लिस्‍ट में अब फिल साल्ट दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं.

दिग्‍गज बल्‍लेबाजों को पीछे छोड़ हासिल किया शीर्ष स्‍थान
इसके अलावा इस विशेष रिकॉर्ड ल‍िस्‍ट में पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्‍लेबाज मोहम्मद रिजवान तीसरे पायदान पर हैं, जिन्‍होंने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ 316 रन बनाए थे. एस्टोनिया के साहिल चौहान ने 2024 में साइप्रस के खिलाफ 297 रन बनाए थे, जबकि न्‍यूजीलैंड के ही एम. चैपमैन ने 2023 में पाकिस्‍तान के खिलाफ 290 रन बनाए थे. लेकिन इन सबको पीछे छोड़ते हुए ग्‍लेन फ‍िलिप्‍स ने शिखर पर अपना कब्‍जा जमा लिया है.

पांचवें टी20 में तूफानी पारी खेल दिलाई शानदार जीत
भारत के खिलाफ पांचवें टी20 मुकाबले की बात करें तो, भारत ने पहले खेलते हुए न्‍यूजीलैंड के सामने जीत के लिए बड़ा लक्ष्‍य रखा था. जवाब में उतरी कीवी टीम की शुरुआत भी संभलकर हुई, लेकिन ग्‍लेन फ‍िलिप्‍स ने एक छोर संभालते हुए भारतीय गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं. फ‍िलिप्‍स अंत तक क्रीज पर डटे रहे और नाबाद पवेलियन लौटे. उन्‍होंने अपनी इस नाबाद पारी में महज 38 गेंदों का सामना किया और 171.05 के धमाकेदार स्‍ट्राइक रेट से 65 रन कूटे. उनकी इस शानदार पारी में 8 चौके और 3 बेहतरीन छक्के शामिल रहे. फ‍िलिप्‍स की इसी आक्रामक पारी और टिम सीफर्ट (93 रन) के साथ उनकी शानदार साझेदारी के दम पर न्‍यूजीलैंड ने लक्ष्‍य को आसानी से हासिल कर लिया और मैच 7 विकेट से अपने नाम किया.

इतिहास में दर्ज हो गया यह रिकॉर्ड
भले ही भारतीय टीम ने शुरुआती मुकाबले जीतकर पहले ही सीरीज पर कब्‍जा जमा लिया हो, लेकिन आखिरी मैच में ग्‍लेन फ‍िलिप्‍स ने अपनी ऐतिहासिक पारी से महफिल लूट ली. उनका यह वर्ल्‍ड र‍िकॉर्ड लंबे समय तक क्रिकेट फैंस के जेहन में ताजा रहेगा, क्‍योंकि टी20 क्रिकेट के इस फॉर्मेट में किसी द्विपक्षीय सीरीज में 341 रनों का पहाड़ जैसा आंकड़ा पार करना अपने आप में एक मिसाल है.



Source link