‘अब किससे करूंगा शिकायत?’ संजय गुप्ता के निधन पर छलका रोहित बोस का दर्द, सिकंदर खेर भी हुए भावुक

‘अब किससे करूंगा शिकायत?’ संजय गुप्ता के निधन पर छलका रोहित बोस का दर्द, सिकंदर खेर भी हुए भावुक


Last Updated:

फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन से बॉलीवुड में शोक का माहौल है. उनके जाने से अभिनेता सिकंदर खेर और रोहित बोस भी बुरी तरह टूट गए हैं. दोनों ने भावुक पोस्ट शेयर कर संजय को याद किया और बताया कि उनके करियर को संवारने में फिल्ममेकर का अहम योगदान रहा था. रोहित बोस ने तो संजय के जाने को अपनी जिंदगी के एक बड़े अध्याय का अंत बताया. उनके भावुक शब्दों में दोस्त को खोने का दर्द साफ झलक रहा है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

भावुक हुए रोहित बॉस

नई दिल्ली. मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है. उनके जाने से कई कलाकारों ने अपने करीबी दोस्त और मार्गदर्शक को खो दिया है. अभिनेता सिकंदर खेर और रोहित बोस ने भी संजय गुप्ता को याद करते हुए भावुक पोस्ट शेयर किए.

इन दोनों ही कलाकारों ने बताया कि उनके करियर को आगे बढ़ाने और उन पर भरोसा जताने में संजय का बड़ा योगदान रहा था. उनके लिए यह सिर्फ एक फिल्ममेकर को खोने का दुख नहीं, बल्कि किसी अपने के बिछड़ने जैसा है.

सिकंदर खेर ने संजय गुप्ता को किया याद

अभिनेता सिकंदर खेर ने सोशल मीडिया पर संजय गुप्ता के साथ अपने रिश्ते को याद किया. उन्होंने बताया कि संजय ही वह शख्स थे, जिन्होंने उन्हें फिल्मों में काम करने का मौका दिया था. सिकंदर के मुताबिक, संजय का उन पर भरोसा करना उनके आत्मविश्वास की सबसे बड़ी वजहों में से एक था. सिकंदर ने अपने पोस्ट में लिखा कि संजय गुप्ता के लिए अब ‘थे’ शब्द का इस्तेमाल करना बेहद दुखद है. उन्होंने उन्हें शानदार निर्माता और सिनेमा के प्रति गजब का जुनून रखने वाला निर्देशक बताया. सिकंदर ने कहा कि संजय जिस ऊर्जा के साथ काम करते थे, उसका असर सिर्फ उन पर ही नहीं, बल्कि उनकी पूरी टीम पर पड़ता था.
अभिनेता ने संजय का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी. उन्होंने संजय की पत्नी अनु और उनके परिवार के लिए भी अपनी संवेदनाएं जाहिर कीं और दिवंगत फिल्ममेकर की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.

मेरी जिंदगी का एक बड़ा अध्याय खत्म हो गया

टेलीविजन अभिनेता रोहित बोस भी संजय गुप्ता के निधन से बेहद दुखी हैं. उन्होंने फिल्ममेकर के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की और बताया कि संजय उनके लिए सिर्फ दोस्त नहीं, बल्कि भाई, गुरु और हर मुश्किल वक्त में साथ देने वाले साथी थे. रोहित ने अपने भावुक संदेश में लिखा कि संजय के जाने से उन्होंने अपनी जिंदगी के एक अहम हिस्से को खो दिया है. वह उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए भावुक हो गए. उन्होंने बताया कि दोनों जब भी मिलते थे, पुरानी बातों और यादों को दोहराते थे. रोहित ने संजय को याद करते हुए कई ऐसी बातें साझा कीं, जो उनके रिश्ते की गहराई को दिखाती हैं. उन्होंने लिखा कि अब वह किससे अपनी शिकायतें करेंगे और मुश्किल वक्त में उन्हें कौन फोन करके काम की तारीखें तय रखने की सलाह देगा. उन्होंने संजय के साथ खाने-पीने से लेकर सिनेमा पर लंबी चर्चाओं तक के पलों को याद किया.

पोस्ट शेयर जाहिर किया दुख
(फोटो साभार:instagram@rohitboseroy)

भेजते थे इमोशनल मैसेज

रोहित ने यह भी बताया कि संजय रात में भावुक मैसेज भेजकर उन्हें भरोसा दिलाते थे कि सब ठीक हो जाएगा और दोनों आगे भी मिलकर कुछ शानदार करेंगे. अपने मैसेज के आखिर में रोहित ने दुख जताते हुए लिखा कि उनका इस तरह चले जाना सही नहीं है. उन्होंने अपने दोस्त को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी और उम्मीद जताई कि वह जहां भी होंगे, वहां भी लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला रहे होंगे.

बता दें कि संजय गुप्ता के निधन से उनके परिवार के साथ-साथ उन कलाकारों को भी गहरा सदमा लगा है, जिनके करियर और जिंदगी में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी. रोहित बोस और सिकंदर खेर के संदेशों से साफ है कि संजय गुप्ता की यादें उनके साथ काम करने वालों के दिलों में लंबे समय तक बनी रहेंगी.



Source link