Last Updated:
पद्मिनी कोल्हापुरे एक बार फिर फिल्मी दुनिया में दमदार वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं. वह जल्द ही हॉरर जॉनर की फिल्म ‘झाड़ फूंक’ में नजर आने वाली हैं, जो दर्शकों को सिहरा देने के लिए आ रही है. हाल ही में एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि फिल्म की कहानी इतनी ज्यादा डरावनी है कि जब उन्होंने इसे पहली बार सुना था, तो उनके मन में यह सवाल उठ गया था कि क्या वह खुद कभी इसे देख पाएंगी? इस फिल्म में उनके साथ यशपाल शर्मा, सुम्बुल तौकीर और हर्ष राजपूत जैसे सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
हॉरर मूवी ‘झाड़ फूंक’ में नजर आएंगी पद्मिनी कोल्हापुरे. (फोटो साभार: IMDb)
नई दिल्ली. दिग्गज एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरे ‘झाड़ फूंक’ के जरिए एक बार फिर फिल्मों की दुनिया में धमाकेदार वापसी करने जा रही हैं. इस फिल्म को लेकर उनका कहना है कि जब उन्होंने इसकी कहानी पहली बार सुनी थी, तो वह इतनी ज्यादा डरावनी और सिहरन पैदा करने वाली थी कि उनके मन में यह सवाल उठ गया था कि क्या वह खुद कभी यह फिल्म देख भी पाएंगी या नहीं. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत में बहुत से लोग झाड़-फूक जैसी चीज पर भरोसा करते हैं.
आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में पद्मिनी कोल्हापुरे ने हॉरर फिल्म में काम करने के अपने अनुभव, अंधविश्वास को लेकर अपनी सोच और फिल्म की कास्ट के साथ अपने जुड़ाव के बारे में बात की. ‘झाड़ फूंक’ को अपनी दूसरी हॉरर फिल्म बताते हुए एक्ट्रेस ने कहा, ‘यह मेरी दूसरी हॉरर फिल्म है. इससे पहले मैंने ‘गहराई’ नाम की एक फिल्म की थी.’
भारत में बहुत से लोग झाड़ फूंक पर करते हैं विश्वास
पद्मिनी कोल्हापुरे ने बताया कि भारत में लोग ऐसी चोजों पर बहुत विश्वास करते हैं. उन्होंने कहा, ‘भारत में रहने वाले लोग, ‘झाड़ फूंक’ बहुत ज्यादा विश्वास करते है. हमारे निर्देशक राजन जी ने जिस तरह से यह फिल्म बनाई है, वह काफी काबिले तारीफ है. जब निर्देशक ने इस फिल्म के बारे में मुझे बताया था, तभी मैंने उनसे कहा था कि मुझे नहीं लगता है कि मैं इस फिल्म को देख पाऊंगी.’
पद्मिनी कोल्हापुरे ने की यशपाल शर्मा की तारीफ
यशपाल शर्मा के साथ स्क्रीन शेयर करने के बारे में भी बात की और उनके समर्पण और प्रोफेशनलिज्म की तारीफ की. उनका मानना है कि सीखना एक निरंतर प्रक्रिया है, चाहे एक्टर कितना भी अनुभवी क्यों न हो. पद्मिनी ने कहा कि उन्होंने अपने सह-कलाकारों के साथ काम करते हुए कई चीजें सीखीं. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है, इंसान हमेशा सीखता है. चाहे वह कितना भी सीनियर क्यों न हो. जूनियर्स सीनियर्स से सीखते है, सीनियर्स जूनियर्स से सीखते हैं. तो, इस फिल्म के दौरान मैंने बहुत कुछ सीखा. यशपाल जी थे और उनके बारे में मैं क्या कहूं? उनका किरदार बहुत अच्छा है और इसे लेकर उनका समर्पण कमाल का है. वह बहुत प्रोफेशनल, समर्पित और बहुत ही वर्सेटाइल एक्टर हैं.’
पद्मिनी कोल्हापुरे ने को-स्टार्स संग काम करने का बताया अनुभव
पद्मिनी ने अपने किरदार कामिनी और सह-कलाकारों सुम्बुल तौकीर और हर्ष राजपूत के साथ काम करने के बारे में भी बताया. वहीं, डायरेक्टर राजन ने इस फिल्म के लिए दिग्गज एक्ट्रेस को चुनने की वजह बताई. उन्होंने कहा, ‘मैं पद्मिनी जी का बहुत बड़ा फैन हूं. इसके अलावा, उनकी मासूमियत और खूबसूरती उन्हें सबसे अलग बनाती है. जब वह फ्रेम में आती हैं, तो लोग कहते हैं- वाह! जहां तक कामिनी के किरदार और उसके अलग-अलग रंगों की बात है, मुझे नहीं लगता कि मैम से बेहतर कोई इसे निभा सकता था.’