Last Updated:
Agra ki local news : आगरा में वायु प्रदूषण पर नजर रखने के लिए एक और जांच स्टेशन बनाया गया है. शहर में अब तक छह स्टेशन थे. अब फतेहपुर सीकरी को भी इस व्यवस्था से जोड़ दिया गया है. यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आगरा के क्षेत्रीय अधिकारी अमित मिश्रा बताते हैं कि फतेहपुर सीकरी एक प्रमुख पर्यटन स्थल है. पर्यटकों की भारी भीड़ रहती है. यहां बुलंद दरवाजा और कई खूबसूरत मुगलकालीन इमारतें भी हैं. ऐसे में इस इलाके की वायु गुणवत्ता की जानकारी रखना जरूरी है. मुगलकालीन इमारतों को वायु प्रदूषण के दुष्प्रभाव से बचाने के उद्देश्य से भी नया जांच स्टेशन बनाया गया है.
आगरा. ताजनगरी आगरा में वायु प्रदूषण पर नजर रखने के लिए एक और वायु गुणवत्ता जांच स्टेशन तैयार किया गया है. अब तक शहर में छह स्थानों पर ऐसे स्टेशन संचालित हो रहे थे, लेकिन अब फतेहपुर सीकरी को भी इस व्यवस्था से जोड़ दिया गया है. इस स्टेशन को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बनवाया है, जिससे क्षेत्र की हवा की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जा सकेगी. यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आगरा के क्षेत्रीय अधिकारी अमित मिश्रा बताते हैं कि फतेहपुर सीकरी एक प्रमुख पर्यटन स्थल है. यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने आते हैं. यहां ऐतिहासिक बुलंद दरवाजा और कई खूबसूरत मुगलकालीन इमारतें भी हैं. ऐसे में इस क्षेत्र की वायु गुणवत्ता की जानकारी रखना जरूरी है. इसी को ध्यान में रखते हुए यहां नया जांच केंद्र बनाया गया है. आगरा में अब शाहजहां गार्डन, मनोहरपुर, रोहता, आवास विकास सेक्टर-3, संजय प्लेस और फतेहपुर सीकरी में वायु गुणवत्ता जांच स्टेशन मौजूद हैं.
शाहजहां गार्डन से ताजमहल पर नजर
अमित मिश्रा ने बताया कि फतेहपुर सीकरी में मौजूद मुगलकालीन इमारतों को वायु प्रदूषण के दुष्प्रभाव से बचाने और आसपास की हवा की गुणवत्ता पर नजर रखने के उद्देश्य से नया जांच स्टेशन बनाया गया है. जिस तरह ताजमहल की सुरक्षा और उसके आसपास के पर्यावरण पर नजर रखने के लिए शाहजहां गार्डन में वायु गुणवत्ता जांच स्टेशन स्थापित किया गया है, उसी तर्ज पर फतेहपुर सीकरी में भी निगरानी की जाएगी. स्टेशन से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर क्षेत्र में प्रदूषण के स्तर की जानकारी मिल सकेगी. इससे ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण की दिशा में भी मदद मिलेगी.
अभी कितना AQI
अमित मिश्रा कहते हैं कि फतेहपुर सीकरी में बनाए गए नए वायु गुणवत्ता जांच स्टेशन से शुरुआती तौर पर 51 से 100 के बीच का आंकड़ा सामने आ रहा है. यह वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) की संतोषजनक श्रेणी मानी जाती है. AQI 0 से 50 तक अच्छा, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी में आता है. इन आंकड़ों के जरिए हवा में प्रदूषण की स्थिति का पता चलता है. AQI जितना अधिक होता है, स्वास्थ्य के लिए खतरा उतना ही बढ़ जाता है.