मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह क्षेत्र में 9 करोड़ से इस मंदिर का कायाकल्प होगा; श्रद्धालुओं को मिलेंगी कई आधुनिक सुविधाएं

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह क्षेत्र में 9 करोड़ से इस मंदिर का कायाकल्प होगा; श्रद्धालुओं को मिलेंगी कई आधुनिक सुविधाएं


Last Updated:

Ratneshwarnath Temple Munger: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह क्षेत्र तारापुर में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने की तैयारी शुरू हो गई है. मुंगेर जिले के रणगांव स्थित प्रसिद्ध रत्नेश्वरनाथ मंदिर का करोड़ों रुपये की लागत से कायाकल्प किया जाएगा. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

मुंगेर के रणगांव स्थित रत्नेश्वरनाथ मंदिर की सूरत बदलने वाली है. बिहार सरकार 9.10 करोड़ रुपये से मंदिर का सुंदरीकरण कराएगी.

मुंगेर. बिहार के मुंगेर जिले के धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने की तैयारी शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह क्षेत्र तारापुर के रणगांव स्थित प्रसिद्ध रत्नेश्वरनाथ मंदिर का भव्य सुंदरीकरण कराया जाएगा. बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने इसके लिए 9 करोड़ 10 लाख 44 हजार रुपये की योजना पर निविदा आमंत्रित की है. इसके तहत मंदिर परिसर को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से लैस किया जाएगा. श्रद्धालुओं के लिए भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक लाइटिंग, शुद्ध पेयजल, शौचालय, प्रसाद दुकानें और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था विकसित की जाएगी. पर्यटन विभाग की देखरेख में एक साल के भीतर काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र तारापुर में हो रही यह पहल धार्मिक पर्यटन के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

9.10 करोड़ की योजना, शुरू हुई निविदा प्रक्रिया

मिली जानकारी के अनुसार, रत्नेश्वरनाथ मंदिर के विकास के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड की ओर से निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. योजना की कुल अनुमानित लागत 9,10,44,000 रुपये निर्धारित की गई है. निविदा जमा करने की अंतिम तारीख 15 दिसंबर है, जबकि 16 दिसंबर को निविदा खोली जाएगी. पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी. पर्यटन विभाग के कार्यपालक अभियंता ओम प्रकाश के अनुसार, मंदिर के विकास का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार कर लिया गया है. इसी के आधार पर निर्माण और सुंदरीकरण का काम कराया जाएगा.

मंदिर में बनेगा भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक होगी रोशनी

इस परियोजना के तहत रत्नेश्वरनाथ मंदिर परिसर में भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाएगा. पूरे परिसर में आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था होगी. मंदिर की चहारदीवारी बनाने के साथ जल निकासी के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा. परिसर की लैंडस्केपिंग भी कराई जाएगी, ताकि मंदिर का वातावरण और अधिक आकर्षक बन सके.

श्रद्धालुओं के लिए बनेंगी प्रसाद की 3 दुकानें

मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में तीन प्रसाद दुकानें बनाई जाएंगी. इसके अलावा अलग जूता स्टैंड की व्यवस्था होगी. महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग चार-चार शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा. शुद्ध पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. इन सुविधाओं से विशेष रूप से पर्व-त्योहार और धार्मिक आयोजनों के दौरान मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलने की उम्मीद है.

धार्मिक पर्यटन के साथ रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा

रत्नेश्वरनाथ मंदिर के सुंदरीकरण से केवल मंदिर परिसर की तस्वीर नहीं बदलेगी, बल्कि रणगांव और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. मंदिर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय दुकानदारों, छोटे कारोबारियों, प्रसाद विक्रेताओं और अन्य सेवा प्रदाताओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं. वहीं, परियोजना पूरी होने के बाद रत्नेश्वरनाथ मंदिर को मुंगेर जिले के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्रों में विकसित करने की दिशा में मदद मिलेगी.



Source link